नेरगुई के खिलाफ राहुल राजू ने शानदार प्रदर्शन करने का वादा किया

Ahmed Mujtaba Rahul Raju UNBREAKABLE III 1920X1280 5 768x512

साल की मुश्किल शुरुआत के बाद राहुल “द केरल क्रशर” राजू ब्रेक लेने के बाद अब तरोताजा होकर वापसी को तैयार हैं।

शुक्रवार, 13 अगस्त के मुकाबले से पूर्व 30 वर्षीय भारतीय फाइटर पहले से ज्यादा अच्छा महसूस कर रहे हैं।

ONE: BATTLEGROUND II के लाइटवेट मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स मैच में उनका सामना मंगोलियाई एथलीट ओट्गोनबाटर नेरगुई से होगा और इस मैच में जीत राजू के करियर के लिए बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा, “ये मैच मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।”

“मुझे लगातार 2 हार मिली हैं इसलिए मैं अच्छा महसूस नहीं कर रहा था। मैंने लंबा ब्रेक लिया इसलिए अब मैं पूरी तरह तैयार हूं और सर्कल में वापसी को लेकर भी बेताब हूं।”

2 साल पहले तक “द केरल क्रशर” के लिए सब अच्छा चल रहा था।

ब्राजीलियन जिउ-जित्सु ब्राउन बेल्ट होल्डर लगातार 2 मैचों में सबमिशन से जीत हासिल कर चुके थे और 2020 में भी उन्हें इस शानदार मोमेंटम के जारी रहने की उम्मीद थी।

दुर्भाग्यवश, वो जीत के रास्ते से भटक गए।

पिछले साल अक्टूबर में अमीर खान ने राजू को नॉकआउट कर उनके अपराजित रिकॉर्ड को खत्म किया और उसके बाद फरवरी में पाकिस्तानी स्टार अहमद “वुलवरिन” मुजतबा ने उन्हें दमदार ओवरहैंड राइट लगाकर नॉकआउट किया।



केवल 4 महीने के अंदर वो अपराजित होने से लगातार 2 मैच हारने की स्थिति में पहुंच गए थे।

2 हार से उन्हें बहुत निराशा हुई, लेकिन राजू ने अब उन दोनों मैचों में हार से सबक लेते हुए Juggernaut Fight Club में खुद की स्किल्स में सुधार किया है।

उन्होंने कहा, “उन दोनों मुकाबलों से मैंने बहुत कुछ सीखा है। मैंने अपने स्ट्राइकिंग गेम में कई बदलाव किए हैं। मैं मानसिक रूप से अच्छा महसूस नहीं कर रहा था इसलिए खुद को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का भी प्रयास किया है।”

“मैंने अपने स्टाइल और डिफेंस में बदलाव किया है। मैं अब धैर्य से काम लेकर अच्छी टाइमिंग के साथ अटैक करने की कोशिश करूंगा।”

उन्होंने चाहे खुद में सुधार किया हो, लेकिन नेरगुई भी अपने ONE डेब्यू को यादगार बनाने को बेताब हैं।

मंगोलियाई एथलीट रेसलिंग और क्योकुशिन कराटे बैकग्राउंड से आते हैं और उन्हें एक खतरनाक फिनिशर के रूप में पहचाना जाता है।

नेरगुई ने प्रो MMA करियर में अपनी सभी 5 जीत नॉकआउट या सबमिशन से दर्ज की हैं, जिनमें से 4 पहले राउंड में आई हैं।

Zorky MMA टीम के एथलीट को ONE Warrior Series 8 में Shooto स्टार टाकुया नगाटा के खिलाफ पहले राउंड में सबमिशन जीत के बाद मेन रोस्टर में जगह मिली है।

राजू जानते हैं कि उनके विरोधी बहुत जल्दी मैच को फिनिश कर सकते हैं। साथ ही उन्हें मंगोलियाई एथलीट के गेम में कमजोरी भी नजर आई है, जिनका वो फायदा उठाने का प्रयास करेंगे।

भारतीय स्टार ने कहा, “आक्रामकता नेरगुई की ताकत है और उनका डिफेंस भी अच्छा है।”

“वहीं उनकी कमजोरी के बारे में बात करूं तो वो शुरू से ही बहुत आक्रामक रहते हैं, जिससे कुछ समय बाद थकान उनपर हावी होने लगती है।

“ग्रैपलिंग मुझे उनके खिलाफ बढ़त दिला सकती है और मैंने अपने स्ट्राइकिंग गेम में भी बदलाव किए हैं। इसलिए मैं उनके साथ स्ट्राइकिंग करने से भी पीछे नहीं हटूंगा।”

अगर राजू के अनुसार मैच आगे बढ़ा तो जरूर फाइट बहुत जल्द फिनिश हो सकती है।

उन्होंने कहा, “मैं इस मैच को पहले या दूसरे राउंड में सबमिशन से फिनिश होते देख रहा हूं।”

Otgonbaatar Nergui takes on Rahul Raju at ONE: BATTLEGROUND II on 13 August

चाहे “द केरल क्रशर” को पिछले मैचों में हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन वो जानते हैं कि ये बुरा दौर उन्हें भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने की प्रेरणा दे रहा है।

जिम में उन्होंने अपने ट्रेनिंग करने के तरीके को बदला और ऐसे कई बदलाव किए जो उनके गेम को टॉप लेवल का बना सकें।

13 अगस्त को उन्हें ऐसा प्रदर्शन करने की उम्मीद है, जिसे ग्लोबल फैनबेस लंबे समय तक याद रखेगा।

राजू ने कहा, “मैं वादा करता हूं कि शानदार तरीके से जीत दर्ज कर आप सभी का सिर गर्व से ऊंचा करूंगा।”

ये भी पढ़ें: 13 अगस्त को होने वाले ONE: BATTLEGROUND II के बाउट कार्ड का ऐलान

न्यूज़ में और

Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jarred Brooks (L) | Tatsumitsu Wada (R)
A split image of Chris Hemsworth (L) and Rodtang Jitmuangnon (R)
Aliff Sor Dechapan faces off with Prajanchai Pongsuphan PK in the middle of the ONE Championship ring.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.