निको कैरिलो The Inner Circle 43 में नबील अनाने के खिलाफ रीमैच में अपने फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल का बचाव करेंगे
“किंग ऑफ द नॉर्थ” निको कैरिलो का अनडिस्प्यूटेड ONE फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन के रूप में पहला मुकाबला तय हो गया है और उनका सामना एक बार फिर पुराने प्रतिद्वंदी से होगा।
स्कॉटलैंड के नॉकआउट आर्टिस्ट को शुक्रवार, 18 दिसंबर को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में होने वाले The Inner Circle 43 में अल्जीरियाई-थाई धुरंधर नबील अनाने के खिलाफ रीमैच में अपने खिताब का बचाव करना होगा। इस इवेंट के मुकाबले live.onefc.com के सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होंगे।
इन दोनों के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित रीमैच के अलावा पहले घोषित किए जा चुके ONE स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल यूनिफिकेशन मुकाबले में मौजूदा चैंपियन प्राजनचाई पोंगसुफान पीके और अंतरिम खिताब विजेता अलिफ सोर डेचापैन आमने-सामने होंगे।
जब कैरिलो और अनाने की पिछली भिड़ंत जनवरी 2025 में ONE 170 में हुई थी, तब ग्लासगो निवासी फाइटर लगातार 15 मुकाबले जीत चुके थे और खेल के सबसे खतरनाक स्ट्राइकर्स में से एक माने जाते थे। हालांकि, उस रात चीजें उनके पक्ष में नहीं रहीं और अनाने ने पहले राउंड में उन्हें फिनिश कर ONE अंतरिम बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप अपने नाम की।
इसके बाद “किंग ऑफ द नॉर्थ” ने फेदरवेट डिविजन में कदम रखा और दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में लगातार 4-0 का शानदार रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने सिटीचाई सिटसोंगपीनोंग और ल्यूक “द शेफ” लेसेई को लगातार दो मुकाबलों में फिनिश किया और इस साल फरवरी में हुए ONE Fight Night 40 में शैडो माविन के खिलाफ अंतरिम खिताब के लिए मुकाबला करने का मौका हासिल किया।

वहां Deachkalek Muay Thai Academy के प्रतिनिधि ने पांच राउंड तक शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट अपने नाम की। इसके बाद जुलाई में जब तवनचाई पीके साइन्चाई ने अपना खिताब छोड़ा तो कैरिलो को अनडिस्प्यूटेड ONE फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन बना दिया गया।
अगस्त में कैरिलो ने दो खेलों में ONE वर्ल्ड चैंपियन बनने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया। उन्होंने ONE Fight Night 46 में झोउ “काइलिन” जियाचियांग को दूसरे राउंड में नॉकआउट कर ONE में अपने किकबॉक्सिंग सफर की शानदार शुरुआत की।
The Inner Circle 43 में उनका इंतजार वही फाइटर कर रहा होगा, जिसने उनकी पिछली भिड़ंत को अपने युवा करियर की सबसे बड़ी रात बना दिया था।
जब अनाने ने बैंकॉक के इम्पैक्ट एरीना में “किंग ऑफ द नॉर्थ” को चौंकाया था, तब उनकी उम्र महज 20 साल थी। उन्होंने स्कॉटिश फाइटर को तीन बार नॉकडाउन करते हुए ग्लोबल स्टेज पर लगातार छठी जीत दर्ज की थी।
इसके बाद उन्होंने “द किकिंग मशीन” सुपरलैक को निर्णय से हराया और फिर उन्हें अनडिस्प्यूटेड ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन बना दिया गया। इसके बाद उन्होंने किकबॉक्सिंग में दो मुकाबले किए, जिनमें जापान के टोक्यो में हुए ONE 173 में हिरोमी “द पर्पल कॉमेट” वजीमा के खिलाफ जीत भी शामिल थी।
हालांकि, इस सफर में उन्हें कुछ झटके भी लगे। रैम्बोलैक चोर अजालाबून ने The Inner Circle 7 में पांच राउंड की भिड़ंत में उनसे खिताब छीन लिया और इस साल अगस्त में सुआकिम पोंगसुफान पीके ने उन्हें करीबी अंतर से विभाजित निर्णय से मात दी। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में ONE SAMURAI 4 में पूर्व K-1 चैंपियन युकी योज़ा को बेंटमवेट किकबॉक्सिंग मुकाबले में सर्वसम्मत निर्णय से हराकर उन्होंने जीत की राह पर वापसी की।

अनाने ने एक बार फिर लय हासिल कर ली है और बेंटमवेट मॉय थाई रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद कंटेंडर इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहते। जीत उन्हें फेदरवेट खिताब दिलाएगी, कैरिलो के खिलाफ आपसी मुकाबलों में 2-0 की बढ़त दिलाएगी और बेंटमवेट वर्ल्ड टाइटल की दावेदारी में भी मजबूती से वापस ला सकती है।
कैरिलो के लिए भी दांव पर बहुत कुछ लगा है। वो जनवरी 2025 से चले आ रहे हिसाब को बराबर कर ONE फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन के रूप में अपने सफर की शुरुआत कर सकते हैं। जीत से दोनों के बीच मुकाबलों का रिकॉर्ड 1-1 से बराबर हो जाएगा, तीसरी भिड़ंत की संभावना मजबूत होगी और वो बिना किसी मानसिक दबाव के किकबॉक्सिंग में दो खेलों के वर्ल्ड चैंपियन बनने के अपने लक्ष्य पर दोबारा ध्यान लगा सकेंगे।
शुक्रवार, 18 दिसंबर को होने वाले The Inner Circle 43 में और भी रोमांचक मुकाबलों की घोषणाओं के लिए हमारे साथ बने रहिए।