‘अब भी सर्वश्रेष्ठ फाइटर्स में से एक’ – नबील अनाने की नजर ONE SAMURAI 4 में युकी योज़ा के खिलाफ दमदार जीत पर टिकी
पूर्व ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नबील अनाने शनिवार, 17 अक्टूबर को जापान के टोक्यो के मशहूर एरियाके एरीना में होने वाले ONE SAMURAI 4 में पूर्व वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर युकी योज़ा का सामना करते हुए बेंटमवेट किकबॉक्सिंग मुकाबले में वापसी करेंगे। इस मैच में उनके पास खुद को साबित करने का एक बड़ा मौका होगा।
22 वर्षीय अल्जीरियाई-थाई स्ट्राइकिंग सनसनी ने तेजी से कामयाबी के शिखर तक पहुंचने के बाद बेहद चुनौतीपूर्ण दौर का सामना किया है। हालांकि, खुद पर उनका अटूट विश्वास और शानदार फाइटिंग स्टाइल आज भी पूरी तरह बरकरार है।
अपने पिछले किकबॉक्सिंग मुकाबले के लगभग एक साल बाद अनाने अब योज़ा के रूप में एक खतरनाक और मुश्किल चुनौती का सामना करेंगे। योज़ा का लगातार आगे बढ़कर दबाव बनाना और उनकी घातक किक्स अनाने के सामने बिल्कुल अलग तरह की चुनौती पेश करेंगी।
जापान की राजधानी में जीत हासिल करने से ना सिर्फ अनाने की हार का सिलसिला खत्म होगा बल्कि वो अपने करियर के एक और बड़े लक्ष्य यानी ONE किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल के लिए चुनौती पेश करने के करीब भी पहुंच सकते हैं।
22 वर्षीय स्टार ने onefc.com को बताया:
“लोगों को लग सकता है कि दो हार ने मुझ पर बहुत असर डाला है, शायद मानसिक रूप से या मेरे व्यक्तित्व पर। लेकिन पहली फाइट के बाद ही मैं उससे आगे बढ़ चुका था।
“दूसरी फाइट में मैं वास्तव में निराश नहीं था क्योंकि वो बहुत अच्छी फाइट थी। मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया था। बस वो मेरा दिन नहीं था। मैंने बहुत कड़ी ट्रेनिंग की थी। यही जीवन है। इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।”
हताश होकर अपने फाइटिंग स्टाइल में बड़े बदलाव करने के बजाय अनाने का विश्वास है कि उन्हें उसी रणनीति पर कायम रहना चाहिए, जिसने उन्हें खेल के शिखर तक पहुंचाया था। इसके साथ ही वो अपने हालिया प्रदर्शनों में हुई छोटी-छोटी गलतियों को सावधानीपूर्वक दूर करना चाहते हैं।
उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों का जवाब और ज्यादा मेहनत से ट्रेनिंग करके दिया है। साथ ही वो हालिया हार में हुई अपनी खास गलतियों को सुधारने पर बारीकी से ध्यान दे रहे हैं। अनाने का अंतिम लक्ष्य पूरी तरह से अलग फाइटर बनना नहीं बल्कि ये सुनिश्चित करना है कि वही गलतियां दोबारा ना हों।
उन्होंने कहा:
“बेशक, मुझे अपने तरीके से अपने स्टाइल में फाइट करनी होगी। वो बस एक छोटी सी गलती थी इसलिए कोई बात नहीं और मैं उससे नाराज भी नहीं हूं। वो फाइट जबरदस्त थी। मुझे लगता है कि अगली फाइट भी धमाकेदार होगी।”
हालांकि, अनाने के इस शांत और संयमित नजरिए का ये मतलब बिल्कुल नहीं है कि वो इस मुकाबले की अहमियम को नजरअंदाज कर रहे हैं।
वो जानते हैं कि एक और हार उनके ONE Championship करियर के सबसे मुश्किल दौर को और लंबा कर देगी। ऐसे में वो योज़ा जैसे खतरनाक प्रतिद्वंदी के खिलाफ ऐसा होने से रोकने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
अनाने ने आगे कहा:
“उन्हें मुझे पकड़ने के लिए उन्हें दौड़ना पड़ेगा और मैं बस जीत हासिल करूंगा। मैं जीतना चाहता हूं क्योंकि मैं तीसरी बार हारना नहीं चाहता।”
योज़ा के खिलाफ जीत को किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल का रास्ता मानते हैं अनाने
ONE SAMURAI 4 में लगभग एक साल बाद नबील अनाने की पहली किकबॉक्सिंग फाइट होगी और इस खेल में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी के लिए उनका लक्ष्य बिल्कुल साफ है।
युकी योज़ा के खिलाफ एक बड़ी जीत बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। जापानी सुपरस्टार पहले ही ONE वर्ल्ड टाइटल के लिए चुनौती पेश कर चुके हैं और अनाने का मानना है कि उन्हें हराकर वो खुद भी 26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट के लिए चुनौती पेश करने के मौके के करीब पहुंच सकते हैं।
अल्जीरियाई-थाई स्ट्राइकर ने कहा:
“मुझे किकबॉक्सिंग में फाइट किए हुए करीब एक साल हो गया है। मैं बस जीतना चाहता हूं, रैंकिंग में जगह बनाना चाहता हूं और फिर अगर मुझे टाइटल के लिए चुनौती पेश करने का मौका मिलता है तो मैं उसे जरूर स्वीकार करूंगा।
“शुरुआत से ही मेरे सामने जो भी आया, मैंने कभी किसी चीज से इनकार नहीं किया। उन्होंने मुझे जो भी प्रस्ताव दिया, मैंने हमेशा उसे स्वीकार किया है। आगे भी वो मुझे जो भी प्रस्ताव देंगे, मैं तैयार हूं और उसे स्वीकार करने के लिए राजी हूं। लेकिन मैं टाइटल के लिए चुनौती पेश करने का मौका चाहता हूं।”
अनाने को उम्मीद है कि योज़ा अपनी जबरदस्त शारीरिक ताकत, आक्रामक दबाव और बेहद खतरनाक किक्स के साथ मुकाबले में उतरेंगे। ये सभी खूबियां जापानी स्टार के फाइटिंग स्टाइल की पहचान बन चुकी हैं।
लेकिन पूर्व मॉय थाई चैंपियन को ये भी पूरा विश्वास है कि उनकी अपनी अनोखी शारीरिक क्षमता प्रतिद्वंदी के लिए बड़ी समस्याएं खड़ी कर सकती हैं। 6 फुट 4 इंच लंबे अनाने को कद और रीच (पहुंच) में काफी बढ़त हासिल है। वहीं उनकी गजब की तेजी और तेज मूवमेंट उन्हें सिर्फ लंबी दूरी से फाइट करने के अलावा भी कई खतरनाक हथियार प्रदान करती हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि उनके हालिया नतीजों से इस विश्वास में जरा भी बदलाव नहीं आया है कि बेंटमवेट डिविजन के शीर्ष फाइटर्स के बीच उनका स्थान कहां है।
बैंकॉक निवासी ने अंत में कहा:
“मैं अब भी करीब हूं। मैं अब भी सर्वश्रेष्ठ फाइटर्स में से एक हूं और सबसे खतरनाक फाइटर्स में से एक हूं, जिनसे लोग फाइट नहीं करना चाहते। मैं अब भी वैसा ही हूं और जीत के लिए अब भी उतना ही भूखा हूं।”