ONE 174: Shanghai के लिए टांग काई Vs. एंख-ओर्गि बाटरखू, जोनाथन डी बैला Vs. वांग जनगुआंग वर्ल्ड टाइटल मैचों की घोषणा
ONE Championship की लंबे समय बाद चीन में वापसी हो रही है और उसके साथ दो बड़े वर्ल्ड टाइटल मुकाबले भी होंगे।
मेन इवेंट में मौजूदा ONE फेदरवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन टांग काई अपने खिताब का बचाव पूर्व बेंटमवेट MMA चैंपियन “द टॉर्मेंटर” एंख-ओर्गिल बाटरखू के खिलाफ करेंगे। वहीं जोनाथन डी बेला को-मेन इवेंट में “द वॉरियर” वांग जनगुआंग के खिलाफ अपनी ONE स्ट्रॉवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप को दांव पर लगाएंगे। ये दोनों मुकाबले ONE 174: Shanghai के मेन और को-मेन इवेंट में होंगे।
इस धमाकेदार इवेंट का आयोजन शनिवार, 12 दिसंबर को शंघाई इंडोर स्टेडियम में होगा। ये ONE Championship की सात साल बाद चीन में वापसी होगी।
अपने घरेलू मैदान पर मंगोलियाई दिग्गज का सामना करेंगे टांग काई
ONE Championship में कदम रखने के बाद से ही टांग काई सबसे प्रभावशाली फाइटर्स में से एक रहे हैं। Sunkin International Fight Club के 30 वर्षीय चीनी सुपरस्टार ने 2022 में तब के चैंपियन थान ली को शानदार अंदाज में हराकर इतिहास रचा और चीन के पहले पुरुष MMA वर्ल्ड चैंपियन बने थे। उन्होंने 2019 में ONE में डेब्यू करने के बाद लगातार छह जीत दर्ज कर वर्ल्ड टाइटल मैच हासिल किया था।
चोट के कारण उन्हें कुछ समय के लिए मुकाबलों से दूर रहना पड़ा, लेकिन 2024 में उन्होंने वापसी की और ली के खिलाफ डिविजन के खिताबों को यूनिफाई किया। इसके बाद एक नॉन-टाइटल मुकाबले में उन्हें दुर्लभ हार का सामना करना पड़ा। हालांकि टांग ने शानदार वापसी करते हुए मई 2026 में शामिल “द कोबरा” गासानोव के खिलाफ सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव किया।
ऑर्थोडॉक्स स्टांस में फाइट करने वाले इस शानदार एथलीट का करियर रिकॉर्ड 20-3 है, जिसमें 16 नॉकआउट, 80 प्रतिशत फिनिशिंग रेट और ONE में 9-1 का रिकॉर्ड शामिल है। सटीक और धारदार स्ट्राइकिंग के साथ मजबूत रेसलिंग और दमदार ग्राउंड-एंड-पाउंड का इस्तेमाल करने वाले टांग अपने डिविजन के लगभग सभी टॉप कंटेंडर्स को हरा चुके हैं।
अब उन्हें अपने देशवासियों के सामने अपने खिताब का बचाव करने का मौका मिलेगा। उनका लक्ष्य ऐसा यादगार प्रदर्शन करना होगा, जिससे पूरे चीन को उन पर गर्व हो।

उनके सामने एक ऐसे चैलेंजर होंगे, जो पिछले कई महीनों से इसी मुकाबले की मांग कर रहे हैं। Shandas MMA और Team Tungaa का प्रतिनिधित्व करने वाले 37 वर्षीय एंख-ओर्गिल बाटरखू हाल ही में Netflix के Physical: Asia शो से एक उभरते स्टार के रूप में सामने आए हैं।
उन्होंने ONE Championship में अपने शुरुआती सात मुकाबलों में से छह जीतकर बेंटमवेट MMA वर्ल्ड टाइटल मैच हासिल किया था। इसके बाद दिसंबर 2025 में चौथे राउंड में फैब्रिसियो “वंडर बॉय” एंड्राडे को सबमिशन से हराकर मंगोलिया के लिए इतिहास रचा। हालांकि इस साल की शुरुआत में अपने पहले टाइटल डिफेंस में उन्हें बेल्ट गंवानी पड़ी। अब बाटरखू दो लक्ष्यों के साथ भार वर्ग में ऊपर जाकर खिताब के लिए चैलेंज करेंगे।
मंगोलियाई दिग्गज का पहला लक्ष्य उस फेदरवेट खिताब को हासिल करना है, जिस पर कभी उनके गुरु नारनतुंगलाग “तुंगा” जदंबा का कब्जा था। दूसरा लक्ष्य मंगोलिया के पहले दो डिविजन के MMA वर्ल्ड चैंपियन बनना है। 14-4 के करियर रिकॉर्ड और ONE में 7-2 के रिकॉर्ड वाले बाटरखू बॉक्सिंग से विरोधियों पर दबाव बनाते हैं, क्लिंच में उन्हें कड़ी चुनौती देते हैं और ग्राउंड पर मुकाबले को फिनिश करने की क्षमता रखते हैं।
सात साल से इंतजार कर रहे चैलेंजर के खिलाफ खिताब का बचाव करेंगे डी बैला
पांच बार के ONE स्ट्रॉवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन जोनाथन डी बैला अपने लगभग बेदाग करियर रिकॉर्ड में एक और बड़ी वर्ल्ड टाइटल डिफेंस जीत जोड़ने के इरादे से उतरेंगे।
Team Di Bella Kickboxing के 30 वर्षीय कनाडाई-इटालियन साउथपॉ फाइटर अपनी तेज-तर्रार स्ट्राइक्स और तकनीक के लिए जाने जाते हैं। क्योकुशिन कराटे की मजबूत बुनियाद के साथ उनकी बॉक्सिंग तकनीक इस खेल में सबसे बेहतरीन में से एक है। वो 16-1 के करियर आंकड़े, ONE में 6-1 के रिकॉर्ड और लगातार चार जीत के साथ शंघाई पहुंचेंगे।
ONE Championship में उनका सफर 2022 में शुरू हुआ था, जब उन्होंने अपने प्रमोशनल डेब्यू में चीनी सनसनी “फाइटिंग रूस्टर” झांग पेइमियान को हराकर वेकेंट (रिक्त) स्ट्रॉवेट किकबॉक्सिंग खिताब पर कब्जा किया था। साल 2024 में तय टाइटल डिफेंस से पहले वे-इन के दिन बीमार होने के कारण उन्हें खिताब छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उसी साल जून में वेकेंट खिताब के लिए हुए मुकाबले में प्राजनचाई पोंगसुफान पीके के खिलाफ उन्हें अपने करियर की एकमात्र हार झेलनी पड़ी।
हालांकि डी बैला ने दोबारा टॉप पर पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगाया। उन्होंने 2025 में दिग्गज सैम-ए गैयानघादाओ को हराकर अंतरिम खिताब जीता। इसके बाद प्राजनचाई के खिलाफ बेल्ट्स को यूनिफाई करते हुए अनडिस्प्यूटेड चैंपियन बने और अपनी एकमात्र हार का बदला भी लिया। अपने सबसे हालिया मुकाबले में उन्होंने एक बार फिर झांग को हराकर सफलतापूर्वक खिताब का बचाव किया।

वहीं वांग के सामने उसी खिताब को जीतने का एक दुर्लभ मौका है, जिसे हासिल करने के लिए उन्होंने सात साल पहले पहली बार चुनौती पेश की थी।
Liu Xiangming Fight Club के 31 वर्षीय फाइटर ने ONE Championship में अपने करियर की धमाकेदार शुरुआत की थी। उन्होंने पहली ONE स्ट्रॉवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए सैम-ए को चुनौती दी, लेकिन बेहद करीबी अंतर से खिताब जीतने से चूक गए।
लगभग छह साल तक ONE में मुकाबलों से दूर रहने के बाद इस स्ट्राइकर ने अक्टूबर में वापसी की। उन्होंने किकबॉक्सिंग नियमों के तहत ONE स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन प्राजनचाई को हराकर कॉम्बैट स्पोर्ट्स जगत को चौंका दिया।
अब 31-7 के करियर रिकॉर्ड के साथ वांग को लंबे इंतजार के बाद दूसरी बार वर्ल्ड टाइटल जीतने का मौका मिलेगा। इस बार उनका इरादा रिंग से चैंपियनशिप बेल्ट लेकर ही बाहर निकलने का है।