ONE Championship की 12 दिसंबर को ONE 174: Shanghai के साथ चीन में वापसी होगी
सात साल के लंबे इंतजार के बाद दुनिया का सबसे बड़ा मार्शल आर्ट्स संगठन आखिरकार अपने सबसे जुनूनी फैंस में से एक के बीच वापसी करने जा रहा है।
ONE Championship शनिवार, 12 दिसंबर को ONE 174: Shanghai का आयोजन करेगा। ये 2019 के बाद चीन की धरती पर संगठन का पहला बड़े स्तर का इवेंट होगा। ONE के चेयरमैन और सीईओ चाट्री सिटयोटोंग ने पहले ही इस तारीख के संकेत दे दिए थे, लेकिन मेजबान देश के नाम का खुलासा अब तक नहीं किया था।
इस इवेंट के साथ संगठन की नंबर वाली इवेंट सीरीज की भी उम्मीद से पहले वापसी होगी। ये मार्च 2027 में दोहा के एस्पायर डोम में होने वाले पहले से घोषित कतर इवेंट से पहले आयोजित किया जाएगा।
इवेंट के आयोजन स्थल और टिकटों से जुड़ी जानकारी जल्द ही सामने आएगी। वहीं आने वाले दिनों में शुरुआती मुकाबलों की घोषणा भी की जाएगी।
लंबे समय से ONE को फॉलो कर रहे फैंस के लिए ये खबर घर वापसी जैसी है। ONE ने चीन में दो दर्जन से ज्यादा इवेंट्स आयोजित किए हैं, जिनमें बीजिंग, ग्वांगझोउ, चांगशा, हेफेई और मकाऊ जैसे शहर शामिल हैं।
सितंबर 2017 में ONE Championship: Shanghai के आयोजन के साथ शंघाई भी इस सूची में शामिल हो गया था। ये चीन के सबसे बड़े शहर में संगठन के कई आयोजनों में से पहला था।
इसके बाद ONE के इतिहास की कुछ सबसे यादगार रातें देखने को मिलीं। तीन खेलों की पूर्व चैंपियन स्टैम्प फेयरटेक्स ने जून 2019 में हुए ONE: LEGENDARY QUEST को हेडलाइन किया था। उन्होंने बाओशान एरीना में ऑस्ट्रेलिया की अल्मा जुनिकु को पांच राउंड तक चले मुकाबले में अंकों के आधार पर हराकर पहली बार अपने ONE एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल का सफलतापूर्वक बचाव किया था।
पांच महीने बाद ONE: AGE OF DRAGONS के जरिए बीजिंग के कैडिलैक एरीना में वर्ल्ड टाइटल मुकाबलों का रोमांच देखने को मिला। वहां मौजूदा दो डिविजन और दो खेलों के ONE वर्ल्ड चैंपियन रोमन क्रीकलिआ ने पहला ONE लाइट हेवीवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल जीता था। अब तक ये चीन में ONE का आखिरी बड़ा इवेंट था, लेकिन अब ये इंतजार खत्म होने जा रहा है।
प्रमोशन ने जून 2020 में लगातार दो ONE Hero Series इवेंट्स के लिए शंघाई में वापसी की थी, जिनका आयोजन दर्शकों के बिना बंद दरवाजों के पीछे किया गया था। इन इवेंट्स के जरिए महामारी के दौरान ONE ने दोबारा एक्शन में वापसी की थी। ये अब तक शहर में संगठन के आखिरी आयोजन भी रहे हैं।
अब ONE 174 चीन की घरेलू प्रतिभाओं को अपने फैंस के सामने चमकने का लंबे समय से प्रतीक्षित मौका देगा।
चीन में मार्शल आर्ट्स के बढ़ते स्तर की सबसे बड़ी मिसालों में से एक ONE फेदरवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन टांग काई हैं, जो देश के पहले पुरुष MMA वर्ल्ड चैंपियन बने थे। 30 वर्षीय सुपरस्टार ने आखिरी बार मई में ONE Fight Night 43 में अपने खिताब का बचाव किया था। उन्होंने चौथे राउंड में शामिल “द कोबरा” गासानोव को शानदार अंदाज में फिनिश कर दिया था।

पूर्व वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर “द वॉरियर” वांग जुनगुआंग ने अक्टूबर में इस शानदार प्रदर्शन के सिलसिले को आगे बढ़ाया। उन्होंने The Inner Circle 35 में ONE स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन प्राजनचाई पोंगसुफान पीके को किकबॉक्सिंग मुकाबले में चौंकाने वाली हार का स्वाद चखाया था।
शंघाई में होने वाले इवेंट की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है। ONE 174 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए onefc.com से जुड़े रहें।