‘पूरी तरह तैयार’ – ONE SAMURAI 5 में काइटो यामाकीटा के खिलाफ टोक्यो में हार का हिसाब बराबर करना चाहते हैं जोशुआ पैचीओ
टोक्यो में ONE स्ट्रॉवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन जोशुआ “द पैशन” पैचीओ की पिछली सबसे बड़ी निराशा की यादें आज भी ताजा हैं, लेकिन अब वो ONE SAMURAI 5 के लिए वापसी कर रहे हैं और उस हार से मिले सबक ने नया जोश दिया है।
बुधवार, 18 नवंबर को फिलीपीनो सुपरस्टार टोक्यो के इबारा वेव एरीना ओटा में कीटो “पॉकेट मॉन्क” यामाकीटा का सामना करेंगे। इस मुकाबले में उनका लक्ष्य अपने खिताब का छठी बार सफलतापूर्वक खिताब का बचाव करना होगा।
लगभग एक दशक से स्ट्रॉवेट डिविजन में अपना दबदबा बनाए रखने वाले पैचीओ को दो डिविजन में वर्ल्ड चैंपियन बनने का अवसर मिला था, जब उन्होंने इसी शहर में हुए ONE 173 में तब के ONE फ्लाइवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन युया “लिटल पिरान्हा” वाकामत्सु को चुनौती दी थी। हालांकि 30 वर्षीय स्टार दो भार वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल करने से चूक गए।
इस साल जुलाई में The Inner Circle 21 में अपने भार वर्ग में वापसी करते हुए पैचीओ दागेस्तानी फाइटर मंसूर मलाचिएव के रीयर-नेकेड चोक से बाल-बाल बचे थे। इसके कुछ ही पलों बाद उन्होंने शानदार अंदाज में पलटवार किया और पहले राउंड में ही रूसी फाइटर को चोक लगाकर टैप करने पर मजबूर कर दिया। ये उनके शानदार करियर की सबसे निर्णायक जीतों में से एक थी।
इस जीत के साथ खुद को फिर साबित करने के बाद पैचीओ को टोक्यो एक बार फिर बुला रहा है।
“द पैशन” ने onefc.com को बताया:
“ट्रेनिंग कैंप बहुत अच्छा चल रहा है। मंसूर के खिलाफ फाइट के बाद मैंने सिर्फ तीन हफ्ते आराम किया और तुरंत ट्रेनिंग पर लौट आया। मैं स्वस्थ हूं और मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हूं।
“[यामाकीटा] एक काबिल प्रतिद्वंदी और योग्य चैलेंजर हैं। मैं देख सकता हूं कि वो बेल्ट हासिल करने के लिए कितने बेताब हैं। एक एथलीट के तौर पर उनकी काबिलियत को हल्के में नहीं लिया जा सकता।”

वहीं यामाकीता ने ONE Championship में 6-1 के रिकॉर्ड के साथ अपनी दावेदारी पक्की की है, जिसमें लगातार पांच शानदार जीत शामिल हैं। जापानी फाइटर अपनी बेहतरीन रेसलिंग और शानदार जिउ-जित्सु तकनीकों का बखूबी इस्तेमाल करते हैं। वो रयोहेई कुरोसावा और कोयुरु टानोई को लगातार दो मुकाबलों में सबमिशन से हराने के बाद इस फाइट में उतरेंगे।
ग्रैपलिंग में यामाकीता की इस खास महारत से वुशु में प्रशिक्षित स्ट्राइकर पैचीओ को अपने करियर के शुरुआती दौर में भारी परेशानी हो सकती थी। लेकिन अब उनके खेल में हर क्षेत्र में इतना विकास हो चुका है कि उनकी डिफेंस में कमजोरियां ढूंढना बेहद मुश्किल है।
पैचीओ ने कहा:
“मेरी टीम और मेरे पास इस फाइट के लिए सही गेम प्लान है। उनके चोक बहुत मजबूत हैं, जैसे बुलडॉग चोक और गिलोटीन। उनके पास आर्मबार भी है।
“वो [ग्राउंड पर] बहुत अच्छे हैं और हमने इसके लिए तैयारी की है। फाइट चाहे जहां भी जाए और हम किसी भी पोजिशन में हों, मेरे पास उसका जवाब है।”
टॉप लेवल पर लगातार मुकाबले करने के अनुभव ने पैचीओ को हमेशा तैयार रहना भी सिखाया है। वो उभरते हुए हर दावेदार पर मानसिक रूप से नजर रखते हैं और यामाकीटा काफी समय से उनकी इस सूची में शीर्ष नामों में शामिल रहे हैं।
धैर्य भी उनकी एक बड़ी ताकत है। खुद को धीमी शुरुआत करने वाला फाइटर मानने वाले Lions Nation MMA के स्टार हमला शुरू करने से पहले अपने प्रतिद्वंदी की लय को ध्यान से समझना पसंद करते हैं।
मौजूदा चैंपियन ने आगे कहा:
“कभी वो दबाव बनाकर फाइट करते हैं तो कभी दूर से टेकडाउन की कोशिश करते हैं। अगर मैं अपनी रणनीति में विविधता लाऊं तो उनके सभी हमलों का जवाब दे सकता हूं और जीत हासिल कर सकता हूं।
“मुझे कोई दबाव महसूस नहीं होता। मुझे अपना लक्ष्य पता है और ये भी मालूम है कि मुझे क्या करना है।”

तीन अलग-अलग मौकों पर चैंपियन बनने के बावजूद पैचीओ के पैर जमीन पर हैं
इस समय ONE के स्ट्रॉवेट MMA डिविजन का नाम लगभग जोशुआ पैचीओ का पर्याय बन चुका है। इसके बावजूद बागियो शहर के इस सुपरस्टार में आज भी वही विनम्रता है, जो वर्ल्ड टाइटल बेल्ट और सुर्खियां हासिल करने से बहुत पहले उनके व्यक्तित्व का हिस्सा थी।
टॉप पर बने रहने की चुनौती ने बार-बार उनकी हिम्मत और जुझारूपन की परीक्षा ली है। मंसूर मलाचिएव के खिलाफ हालिया रोमांचक मुकाबले के अलावा उन्होंने अपने कट्टर प्रतिद्वंदी और पूर्व ONE स्ट्रॉवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन जैरेड “द मंकी गॉड” ब्रूक्स के खिलाफ तीन मुकाबलों की बेहद कठिन प्रतिद्वंदिता का भी सफलतापूर्वक सामना किया है।
चैंपियनशिप के लिए हुई इन कठिन जंगों ने अगले हर चैलेंजर के प्रति उनके नजरिए को बुनियादी रूप से बदल दिया है।
उन्होंने कहा:
“मैं अपने प्रतिद्वंदी को कभी कम नहीं आंकता। ये मेरे लिए काम पर एक और दिन जैसा है, जहां मेरा सामना एक मजबूत प्रतिद्वंदी से होगा।
“मैं ब्रूक्स का सामना कर चुका हूं, जो मेरे हिसाब से इस डिविजन में अब तक के मेरे सबसे मजबूत प्रतिद्वंदी हैं। मैंने मंसूर का भी सामना किया है, जो सबसे कठिन प्रतिद्वंदियों में से एक हैं। मैं उनकी तुलना यामाकीटा से नहीं करता क्योंकि वो अलग हैं। मैं बस एक और टॉप लेवल के मार्शल आर्टिस्ट का सामना करके खुश हूं।”
अब तक पैचीओ की विरासत पूरी तरह स्थापित हो चुकी है। उनका प्रोफेशनल रिकॉर्ड 24-5 का है, जिसमें दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में हासिल की गई 15 जीत शामिल हैं। हर नई जीत उनके शानदार करियर की कहानी में एक और अध्याय जोड़ती है।
टोक्यो में वाकामत्सु के खिलाफ मिली हार की यादें अब भी मौजूद हैं, लेकिन “द पैशन” उस रात और इस आगामी मुकाबले के बीच स्पष्ट अंतर रखते हैं।
उन्होंने अंत में कहा:
“मैं अपनी हर फाइट के पांच राउंड तक चलने की उम्मीद करता हूं। मैं 22 साल की उम्र से पांच राउंड के मुकाबले कर रहा हूं। अगर मुझे नॉकआउट या सबमिशन से जीत मिलती है तो वो बस एक बोनस होगा। लेकिन मुझे रात के अंत में जीत के लिए अपना हाथ ऊपर उठता हुआ दिखाई दे रहा है।
“आप एक बहुत ज्यादा बेहतर जोशुआ पैचीओ को देखने की उम्मीद कर सकते हैं। मैं सभी फैंस, सभी फिलीपीनो और लाइव मुकाबला देखने वाले जापानी दर्शकों के लिए शानदार प्रदर्शन करूंगा। ये आप सभी के लिए है।”
