The Inner Circle 37 मेन इवेंट रिजल्ट: टाय रुओटोलो ने पहले राउंड में क्रिश्चियन ली को हराकर छीना खिताब, बने दो खेलों के चैंपियन
एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है और ONE वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन टाय रुओटोलो ने बैंकॉक के ऐतिहासिक लुम्पिनी स्टेडियम में आयोजित The Inner Circle 37 के मेन इवेंट में क्रिश्चियन “द वॉरियर” ली को पहले राउंड में सबमिशन से हराकर ONE लाइटवेट MMA वर्ल्ड टाइटल अपने नाम किया और इस नए युग की नींव रख दी।
इस जीत के साथ अमेरिकी ग्राउंड गेम के महारथी फाइटर ने दो खेलों में ONE वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले चुनिंदा एथलीट्स के क्लब में जगह बना ली। उन्होंने ये कारनामा शुक्रवार, 6 नवंबर को एशिया प्राइमटाइम पर आयोजित इवेंट में किया, जिसका प्रसारण live.onefc.com पर किया गया।
रुओटोलो पहले ही ग्रैपलिंग की दुनिया में अपना दबदबा बना चुके थे और अब अपने MMA करियर की महज तीसरी फाइट में वही महान उपलब्धि हासिल करने के इरादे से उतरे थे। वहीं ली के लिए ये मुकाबला निजी मायने रखता था।

सिंगापुर-अमेरिकी सुपरस्टार, जो ONE वेल्टरवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन भी हैं, अपने छोटे भाई एड्रियन “द फिनोम” ली की हार का बदला लेने के इरादे से मुकाबले में उतरे थे। एड्रियन को अपने प्रोफेशनल करियर की पहली हार रुओटोलो के हाथों ही मिली थी।
मुकाबले के शुरुआती सेकंडों से ही “द वॉरियर” ने अपने तेज और शानदार जैब से हमला करना शुरू कर दिया। आमतौर पर ऑर्थोडॉक्स स्टांस में फाइट करने वाले ली ने रुओटोलो के साउथपॉ स्टांस को भी अपनाया और उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने के लिए माइंड गेम खेलने लगे।
इसके बावजूद 23 वर्षीय चैलेंजर ने अपना संयम बनाए रखा। उन्होंने अपने गार्ड को ऊपर रखा और अच्छे फुटवर्क का इस्तेमाल किया। फिर एक शानदार स्पिनिंग किक ने उनके 28 वर्षीय प्रतिद्वंदी का पूरा ध्यान खींच लिया।
इस बीच ली लगातार जुबानी हमले करते रहे और दमदार लो किक्स से अपने प्रतिद्वंदी को नुकसान पहुंचाते रहे, लेकिन इस दिग्गज ग्रैपलर के सामने उनके हाथ खतरनाक तरीके से नीचे आ गए। मौका मिलते ही ब्राजीलियन जिउ-जित्सु ब्लैक बेल्ट एथलीट ने बिना देर किए उसका फायदा उठाया।

उन्होंने “द वॉरियर” को राइट हुक से चोट पहुंचाई और फिर ठोड़ी पर एक धमाकेदार लेफ्ट पंच जड़ दिया, जिससे Prodigy Training Center के प्रतिनिधि मैट पर गिर पड़े। इसके बाद रुओटोलो ने तुरंत साइड कंट्रोल हासिल किया और वहां से माउंट पोजिशन में पहुंच गए।
ली ने तेजी से छटपटाते हुए खुद को उस पोजिशन से बाहर निकाला, लेकिन बचने की कोशिश में उन्होंने अपनी पीठ प्रतिद्वंदी की ओर कर दी और अपनी गर्दन खुली छोड़ दी।
Roots of Jiu Jitsu के एथलीट को ग्राउंड पर दूसरा मौका देने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने कुछ ही पलों में फिगर-फोर ग्रिप लॉक कर ली और रीयर-नेकेड चोक कसना शुरू कर दिया, जिससे चैंपियन का चेहरा लाल पड़ गया। ली ने आखिरी बार उनके हाथ को हटाने की कोशिश की, लेकिन चोक बहुत तगड़ा लग चुका था। आखिरकार उन्होंने पहले राउंड में 2:08 मिनट पर टैप आउट कर दिया।
इस जीत के साथ रुओटोलो का MMA रिकॉर्ड 3-0 हो गया और उन्होंने बेहद कम समय में शानदार सफलता हासिल करते हुए ONE के इतिहास में सबमिशन ग्रैपलिंग और MMA दोनों में वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले पहले एथलीट बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा उन्हें ONE के चेयरमैन और सीईओ चाट्री सिटयोटोंग से 1,00,000 यूएस डॉलर का परफॉर्मेंस बोनस भी हासिल हुआ।