ONE Fight Night 50 में केड रुओटोलो Vs. ओक रे यूं और मॉरिस अबेवी Vs. झाबिर झाब्रेलोव के शानदार मुकाबले तय
ONE Championship 2026 के अमेरिकी प्राइमटाइम कैलेंडर का शानदार अंदाज में समापन करने की तैयारी कर रहा है। संगठन ने आधिकारिक तौर पर ONE Fight Night 50 के फाइट कार्ड में दो बेहद अहम MMA मुकाबले जोड़ दिए हैं।
ONE लाइटवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन केड रुओटोलो का सामना डिविजन के पूर्व चैंपियन ओक रे यूं से होगा, जबकि तेजी से उभरते स्विस स्टार मॉरिस अबेवी एक अहम वेल्टरवेट मुकाबले में अपराजित टर्किश फाइटर झाबिर झाब्रेलोव से भिड़ेंगे। दोनों मुकाबले शनिवार, 19 दिसंबर को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित किए जाएंगे।
इन मुकाबलों में सबसे ज्यादा आकर्षण लाइटवेट MMA भिड़ंत का होगा, जिसमें दुनिया के सबसे सफल ग्रैपलर्स में से एक का सामना पूर्व डिविजनल चैंपियन से होगा, जो एक बार फिर वर्ल्ड टाइटल की दौड़ में अपनी जगह बनाने के लिए बेताब हैं।
23 वर्षीय रुओटोलो ने थोड़े समय में ही MMA में अपनी धाक जमा ली है। ब्राजीलियन जिउ-जित्सु ब्लैक बेल्ट एथलीट का MMA रिकॉर्ड 4-0 है और उनका फिनिशिंग रेट 100 प्रतिशत है। इतना ही नहीं, उन्होंने हर बार चार औंस के ग्लव्स पहनकर मुकाबला करने के बाद 50,000 अमेरिकी डॉलर का परफॉर्मेंस बोनस भी हासिल किया है।
उनके पिछले मुकाबले ने जोरदार अंदाज में साबित किया कि वो सिर्फ ग्राउंड फाइटिंग के विशेषज्ञ नहीं हैं। कैलिफोर्निया निवासी स्टार ने सटीक समय पर लगाए गए राइट क्रॉस से हिरोयुकी “जापानीज़ बीस्ट” टेटसुका को बुरी तरह गिरा दिया और फिर माउंट पोजिशन से दमदार एल्बो स्ट्राइक्स लगाकर अपने करियर की पहली नॉकआउट जीत दर्ज की।

ग्लोबल स्टेज पर सबमिशन ग्रैपलिंग में उनके शानदार प्रदर्शन को भी जोड़ दिया जाए तो ONE के बैनर तले रुओटोलो का रिकॉर्ड 10-0 है। हालांकि, रिंग में उनके सामने खड़े होने वाले प्रतिद्वंदी को हराना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा क्योंकि वो अच्छी तरह जानते हैं कि सफलता के सबसे ऊंचे शिखर तक पहुंचने के लिए क्या करना पड़ता है।
ओक ने क्रिश्चियन “द वॉरियर” ली को हराकर शानदार अंदाज में ONE लाइटवेट MMA वर्ल्ड टाइटल जीता था। इस दौरान उन्होंने ONE के 2021 पुरुष MMA फाइटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी हासिल किया। वो 17-6 के अनुभवी रिकॉर्ड के साथ इस मुकाबले में उतरेंगे और लगातार दो हार के निराशाजनक सिलसिले को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रेरित होंगे।
वहीं वेल्टरवेट डिविजन में दो बेहद आक्रामक फिनिशर्स के बीच जबरदस्त टक्कर होने वाली है।
ONE में अपने डेब्यू मुकाबले में करीबी हार झेलने के बाद से अबेवी का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। 27 वर्षीय स्टार ने आक्रामक अंदाज में लगातार तीन जीत दर्ज कीं, जिनमें समात मामेदोव और ब्लेक कूपर के खिलाफ दो शानदार फिनिश भी शामिल हैं।
Phuket Grappling Academy और Tiger Muay Thai के इस स्टार का प्रोफेशनल रिकॉर्ड अब शानदार 9-1 है और उनकी आठ जीत बेहद प्रभावशाली अंदाज में फिनिश के जरिए आई हैं।
बेहतरीन स्टैमिना वाले इस स्विस स्टार के पास हर विभाग में शानदार स्किल्स हैं। मुकाबला चाहे जहां भी पहुंचे, वो पूरी तरह सहज रहते हैं और अपनी जीत का फैसला करने के लिए शायद ही कभी जजों की जरूरत पड़ती है।

अपराजित टर्किश योद्धा झाब्रेलोव के खिलाफ उन्हें निश्चित रूप से अपनी पूरी ताकत और स्टैमिना की जरूरत पड़ेगी। Lions MMA Club Phuket का प्रतिनिधित्व करने वाले 21 वर्षीय फाइटर का रिकॉर्ड 7-0 है और उनका फिनिशिंग रेट 100 प्रतिशत है। वो अपनी दमदार रेसलिंग को मुकाबला खत्म करने वाली जबरदस्त ताकत के साथ बखूबी जोड़ते हैं।
उनके पिछले प्रदर्शन में ये दोनों खूबियां साफ नजर आई थीं। ONE Fight Night 42 के मेन इवेंट में एक अन्य अपराजित वेल्टरवेट फाइटर चेज़ “मैनिमल” मैन ने उन्हें हैरान करते हुए नॉकडाउन कर दिया था। हालांकि, झाब्रेलोव ने जबरदस्त वापसी की और लगातार पांचवीं बार पहले राउंड में खतरनाक अंदाज में अपने प्रतिद्वंदी को फिनिश कर दिया।
इन चारों फाइटर्स की नजरें डिविजन में सफलता के सबसे ऊंचे शिखर पर टिकी होंगी।
दो डिविजन के ONE MMA वर्ल्ड चैंपियन ली शुक्रवार, 6 नवंबर को The Inner Circle 37 में केड के जुड़वां भाई और ONE वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन टाय रुओटोलो के खिलाफ अपने लाइटवेट MMA खिताब को बचाने उतरेंगे। ली वेल्टरवेट डिविजन के भी चैंपियन हैं। ऐसे में 19 दिसंबर को एक बड़ी और प्रभावशाली जीत इन चारों दावेदारों में से किसी को भी सीधे 26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट के लिए चुनौती देने की दौड़ में काफी आगे पहुंचा सकती है।