ONE Fight Night 49 के कार्ड में तीन नए बदलाव, अपराजित चैलेंजर से भिड़ेंगे लूकस गेब्रियल
ONE Fight Night 49 के फाइट कार्ड में तीन बड़े बदलाव हुए हैं। हालांकि, इसके बावजूद इवेंट में धमाकेदार मुकाबलों की कोई कमी नहीं है।
चोटों के कारण पूर्व ONE लाइटवेट MMA वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर अलीबेग रसुलोव, जोहान “पांडा किक” एस्टुपिनन और काटसुकी “बोंग” किटानो इस धमाकेदार इवेंट से बाहर हो गए हैं। ये इवेंट शनिवार, 7 नवंबर को बैंकॉक के प्रतिष्ठित लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित किया जाएगा।
लेकिन नए फाइटर्स के आने से दिलचस्प कहानियां भी सामने आई हैं और इनमें सबसे बड़ी कहानी एक अपराजित दागेस्तानी फाइटर की है, जिसे अपने करियर का सबसे बड़ा मौका मिला है।

वो फाइटर हैं मागोमेद “मुहम्मद” मागोमेदोव, जो रसुलोव की जगह लेकर लाइटवेट MMA मेन इवेंट में लूकस गेब्रियल का सामना करेंगे।
15-0 के शानदार रिकॉर्ड वाले इस फाइटर ने अपने पिछले पांचों मुकाबलों को यादगार अंदाज में फिनिश किया है और अब वो ग्लोबल स्टेज पर अपने डेब्यू में लगातार छठी जीत हासिल करने के लिए बेताब होंगे। मेन इवेंट में उतरना कोई आसान काम नहीं है, लेकिन इस अपराजित स्टार ने कभी किसी चुनौती से मुंह नहीं मोड़ा है।
हालांकि, गेब्रियल को हराना आसान नहीं होगा। ब्राजीलियाई फाइटर ने प्रमोशन में शामिल होने के बाद से अपने सभी छह मुकाबलों में अपराजित रहने का सिलसिला कायम रखा है। इस दौरान उन्होंने गाज़ीमुराद अमीरझानोव को सबमिशन से हराया और फिर जून में हुए ONE Fight Night 44 में पूर्व लाइटवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन ओक रे यूं के खिलाफ अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
ब्राजीलियन जिउ-जित्सु में ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुके 26 वर्षीय गेब्रियल के पंचों में भी जबरदस्त ताकत है और वो किसी भी स्थिति से मुकाबले को फिनिश कर सकते हैं। यहां जीत उन्हें ONE लाइटवेट MMA वर्ल्ड टाइटल के अगले चैलेंजर के रूप में स्थापित कर सकती है। इस खिताब को दो डिविजन के चैंपियन क्रिश्चियन “द वॉरियर” ली कुछ घंटे पहले होने वाले The Inner Circle 37 में टाय रुओटोलो के खिलाफ डिफेंड करेंगे।
कार्ड के अन्य मुकाबलों की बात करें तो तीन बार के Rajadamnern Stadium मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन कोंगथोरानी सोर सोमाई चोटिल एस्टुपिनन की जगह फ्लाइवेट किकबॉक्सिंग मुकाबले में टाईकी “साइलेंट स्नाइपर” नाइटो का सामना करेंगे। इन दोनों की पहली भिड़ंत मॉय थाई नियमों के तहत हुई थी, जिसमें थाई स्टार ने सर्वसम्मत निर्णय से जीत हासिल की थी।
29 वर्षीय कोंगथोरानी इस मुकाबले में 73-20 के रिकॉर्ड के साथ उतरेंगे और उन्होंने ये साबित करने में ज्यादा समय नहीं लगाया कि वो नए नियमों के तहत भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। पिछले महीने The Inner Circle 32 में अपने किकबॉक्सिंग डेब्यू के दौरान Sor Sommai टीम के प्रतिनिधि ने युआन पेंगजिए को सर्वसम्मत निर्णय से हराया था।
अब उनका सामना एक अनुभवी स्ट्राइकर से होगा, जो किकबॉक्सिंग की बारीकियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। जापानी स्टार ने अपने पिछले तीनों मुकाबले जीते हैं और दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में अपनी जीत के नंबर को डबल डिजिट में लाना चाहते हैं।
30 वर्षीय नाइटो के नाम पहले से ही Shoot Boxing का खिताब है और उनका 39-14 का रिकॉर्ड एक स्नाइपर जैसे धैर्य और हर वार को सटीक निशाने पर लगाने की काबिलियत का नतीजा है।

एक और थाई स्टार के आने से फाइट कार्ड में बदलावों की सूची पूरी होती है। नोंटाचाई जित्मुआंगनोन बेंटमवेट मॉय थाई रीमैच में किटानो की जगह लेकर पूर्व ONE वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर का सामना करेंगे।
27 वर्षीय नोंटाचाई के नाम करियर में 53 जीत दर्ज हैं और उन्होंने ग्लोबल स्टेज पर लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। यहां अपने आठ मुकाबलों में उन्हें सिर्फ दो बार हार का सामना करना पड़ा है। अब वो जीत की राह पर लौटना चाहते हैं और एक स्थापित कंटेंडर के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करना इसके लिए सबसे अच्छा तरीका होगा।
हालांकि, इस मुकाबले में सिर्फ वही खुद को साबित करने के इरादे से नहीं उतरेंगे। फिलिपे “डिमोलिशन मैन” लोबो ने एक समय शानदार प्रदर्शन करते हुए ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए चुनौती देने का मौका हासिल किया था।
दुर्भाग्य से, 33 वर्षीय लोबो को उसके बाद से मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा है। इसमें इस साल मई में नोंटाचाई के खिलाफ सर्वसम्मत निर्णय से मिली हार भी शामिल है। लेकिन ब्राजीलियाई स्ट्राइकर के पास अब भी ऐसी ताकत है, जो किसी भी मुकाबले का रुख पलट सकती है। नोंटाचाई के खिलाफ जीत उनके अभियान में नई जान फूंकने और पूरे डिविजन को अपनी मौजूदगी का अहसास कराने का शानदार तरीका होगी।