ONE SAMURAI 4 मेन इवेंट रिजल्ट: जोनाथन हैगर्टी ने हिरोकी अकिमोटो के खिलाफ शानदार अंदाज में बेंटमवेट किकबॉक्सिंग बेल्ट डिफेंड की
जोनाथन “द जनरल” हैगर्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वो दुनिया के सबसे लाजवाब स्ट्राइकर्स में से एक क्यों हैं। उन्होंने शनिवार, 17 अक्टूबर को जापान की राजधानी टोक्यो के एरियाके एरीना में हुए ONE SAMURAI 4 के मेन इवेंट में तीसरे राउंड के महज 42 सेकंड में कॉर्नर स्टॉपेज के जरिए हिरोकी अकिमोटो को हराकर तीसरी बार सफलतापूर्वक अपने ONE बेंटमवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल का बचाव किया।
Power of Dream के अनुभवी फाइटर अकिमोटो ने इस पल के लिए चार साल इंतजार किया था। 2022 में बेल्ट गंवाने के बाद उन्होंने लगातार तीन जीत दर्ज कर शानदार वापसी की और अपने घरेलू फैंस के सामने दोबारा खिताब हासिल करने का मौका पाया। हालांकि, किकबॉक्सिंग में अब तक अपराजित रहे और पहले ही दो बार सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव कर चुके हैगर्टी जापान की राजधानी में अपने आलोचकों को चुप कराने के इरादे से उतरे थे।
29 वर्षीय ब्रिटिश सुपरस्टार ने शुरुआत से ही चैलेंजर को असहज करने के लिए लगातार स्ट्राइक्स लगाईं, लेकिन राउंड आगे बढ़ने के साथ अकिमोटो ने अपनी लय हासिल कर ली और ब्रिटिश फाइटर की ठोड़ी पर कई हुक्स लगाए। इनमें से एक पंच ने “द जनरल” को लड़खड़ा दिया। हालांकि, इससे हैगर्टी का जोश और बढ़ गया और इंग्लिश स्ट्राइकर ने अटैक का सामना करते हुए घंटी बजने से पहले अपने भी कई वार लगाए।

दूसरे राउंड में जबरदस्त एक्शन देखने को मिला। Team Underground और Knowlesy Academy के सुपरस्टार ने हवा में उछलकर फ्लाइंग नी लगाई, जिससे अकिमोटो सर्कल वॉल की ओर जा टकराए। हालांकि, इसके बाद जब दोनों के बीच स्ट्राइक्स का आदान-प्रदान हुआ तो 34 वर्षीय जापानी फाइटर ने सुपरमैन पंच लगाकर अपने प्रतिद्वंदी का सिर पीछे की ओर धकेल दिया और मुकाबले की अपने पक्ष में मोड़ लिया।
इसी लय को बरकरार रखते हुए पूर्व डिविजनल चैंपियन ने तीसरे राउंड की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और लंदन निवासी फाइटर से सीधे भिड़ गए। हालांकि, ताकतवर इंग्लिश फाइटर के पास इसका जवाब मौजूद था। एक सटीक राइट हैंड ने चैलेंजर को डिफेंसिव होने पर मजबूर कर दिया और हैगर्टी ने तुरंत इसका फायदा उठाते हुए उनके गार्ड को भेदकर जोरदार नी लगाई, जिससे जापानी स्टार कैनवास पर जा गिरे।
अकिमोटो ने अपने करियर में हमेशा दिखाई गई जुझारू क्षमता का परिचय देते हुए रेफरी की काउंटिंग पूरी होने से पहले खड़े होकर मुकाबला जारी रखा। हालांकि, हैगर्टी को अंदाजा हो गया था कि मुकाबले का अंत करीब है। इसके बाद उन्होंने पंचों की बौछार और एक और जोरदार नी लगाई। कुछ ही पलों बाद अकिमोटो के कॉर्नर ने तौलिया फेंककर मुकाबला रुकवा दिया।
इस जीत ने दुनिया के सबसे संपूर्ण कॉम्बैट स्पोर्ट्स एथलीट्स में से एक के रूप में हैगर्टी की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। पूर्व तीन डिविजन और दो खेलों के ONE वर्ल्ड चैंपियन किकबॉक्सिंग में अब भी अपराजित हैं। उन्होंने 1,00,000 अमेरिकी डॉलर का परफॉर्मेंस बोनस भी हासिल किया और लगातार तीन चैलेंजर्स के खिलाफ अपने बेंटमवेट किकबॉक्सिंग खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। इसके साथ ही उनका रिकॉर्ड बेहतर होकर 25-5 हो गया है।