11 दिसंबर को The Inner Circle 42 में जोहान एस्टुपिनन से रीमैच में भिड़ेंगे जोहान गज़ाली
धमाकेदार “बैटल ऑफ द जोहांस” का दूसरा अध्याय आधिकारिक रूप से तय हो गया है। फ्लाइवेट डिविजन के दो सबसे रोमांचक युवा स्ट्राइकर्स अब उस मुकाबले को अंजाम तक पहुंचाने की तैयारी में हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने पहले मैच में की थी।
मलेशियाई-अमेरिकी सनसनी जोहान “जोजो” गज़ाली और कोलंबियाई नॉकआउट आर्टिस्ट जोहान “पांडा किक” एस्टुपिनन शुक्रवार, 11 दिसंबर को The Inner Circle 42 में एक बार फिर आमने-सामने होंगे। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से इस मुकाबले का लाइव प्रसारण एशिया प्राइमटाइम पर होगा और इसे live.onefc.com पर स्ट्रीम किया जा सकता है।
गज़ाली के लिए ये रीमैच खासा मायने रखता है। 19 वर्षीय स्टार अपने युवा करियर की सबसे कठिन हार में से एक का बदला लेने और एस्टुपिनन के हाथों गंवाई लय को दोबारा हासिल करने के इरादे से उतरेंगे।
गज़ाली ने ONE Championship में अपने शुरुआती सात मुकाबलों में 6-1 का शानदार रिकॉर्ड बनाकर धमाकेदार आगाज़ किया था। इस दौरान उन्होंने 1,00,000 यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया और दुनिया भर के फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा। जबरदस्त ताकत, आत्मविश्वास और माइक पर बेबाक अंदाज के दम पर “जोजो” ने अपने करियर में 28-11 का रिकॉर्ड बनाया है, जिसमें प्रमोशन में हासिल किए गए छह यादगार फिनिश शामिल हैं।
हालांकि, जनवरी 2025 में हुए ONE 170 में जब उनका सामना युवा सनसनी एस्टुपिनन से हुआ तो उनकी लय पर ब्रेक लग गया। गज़ाली ने पहले राउंड में नॉकडाउन हासिल कर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बना ली थी, लेकिन दूसरे राउंड में एस्टुपिनन ने पलटवार करते हुए उन्हें कैनवास पर गिरा दिया। इसके बाद अंतिम राउंड में उन्होंने बढ़त बनाई और सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की।
उस हार के बाद गज़ाली के उभरते करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण दौर शुरू हुआ। इस दौरान डिविजन के उभरते हुए फाइटर्स के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 3-3 रहा।
ONE फेदरवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन सुपरबोन के मार्गदर्शन में उन्होंने हर झटके से सीखते हुए अपने कौशल को और निखारा है। उनकी ये प्रगति पिछले अक्टूबर में The Inner Circle 35 में साफ नजर आई, जब उन्होंने अपने करियर के सबसे बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर डिएगो पाएज़ से हिसाब बराबर किया।
एक प्रतिद्वंदिता का हिसाब चुकता करने के बाद अब गज़ाली का निशाना दूसरी प्रतिद्वंदिता पर है।

गज़ाली के बदले के इरादों पर पानी फेरने के लिए एस्टुपिनन भी पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने ONE Championship में अपने सफर की शुरुआत लगातार पांच शानदार जीतों के साथ की।
24 वर्षीय स्टार रिंग में साल्सा डांस से प्रेरित अपना अनोखा और अप्रत्याशित स्ट्राइकिंग स्टाइल लेकर उतरते हैं। वो असामान्य एंगल से किए जाने वाले हमलों, हवा में उछलकर लगाई जाने वाली स्ट्राइक्स और शानदार शोमैनशिप का इस्तेमाल करते हैं, जिससे मॉय थाई के सबसे सटीक टाइमिंग वाले फाइटर्स की लय भी बिगड़ जाती है।
इस शानदार सिलसिले के दौरान उन्होंने लगातार दो मुकाबलों में 50,000 अमेरिकी डॉलर के परफॉर्मेंस बोनस हासिल किए। इसके बाद गज़ाली पर मिली जीत ने उन्हें डिविजन के टॉप फाइटर्स की कतार में मजबूती से खड़ा कर दिया।
हालांकि, जल्द ही एस्टुपिनन को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जापानी स्टार टाईकी नाइटो के खिलाफ कड़े मुकाबले में निर्णय से मिली हार और ब्लैक पैंथर के हाथों दूसरे राउंड में TKO से मिली शिकस्त ने उनके डिफेंसिव अनुशासन और बिना सोचे-समझे आक्रामक भिड़ंत में उतरने की आदत पर सवाल खड़े कर दिए।
JCFernandez और Team CSK के प्रतिनिधि ने पिछले जून में ONE Fight Night 44 में अपने किकबॉक्सिंग डेब्यू के दौरान इन सभी सवालों का जोरदार जवाब दिया। उन्होंने अब तक का अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अकिफ “किंग” गुलुज़ादा के ONE में अजेय रिकॉर्ड को सर्वसम्मत निर्णय से जीत हासिल कर तोड़ा और अपने कुल करियर रिकॉर्ड को 28-2 तक पहुंचाया।
किकबॉक्सिंग में इस शानदार वापसी के बाद ONE Fight Night 49 में नाइटो के खिलाफ रीमैच का मंच तैयार हो गया था, लेकिन चोट के कारण उन्हें उस इवेंट से हटना पड़ा। ऐसे में 11 दिसंबर को उनकी मॉय थाई में वापसी होगी।
एस्टुपिनन इस मुकाबले में गज़ाली पर अपना दबदबा एक बार फिर साबित करने, अपनी स्ट्राइकिंग की श्रेष्ठता दिखाने और इस प्रतिद्वंदिता को 2-0 के स्कोर के साथ हमेशा के लिए खत्म करने के इरादे से उतरेंगे।
दोनों स्ट्राइकर्स ने अपनी हार से सीखकर खुद को और मजबूत बनाया है। ऐसे में 11 दिसंबर को जिस फाइटर का हाथ जीत के लिए उठेगा, वो ONE के प्रतिभाशाली फाइटर्स से भरे फ्लाइवेट मॉय थाई डिविजन के टॉप पांच में जगह बनाने के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेगा।
