‘कोई कसर नहीं छोड़ेंगे’ – The Inner Circle 38 में ग्रां प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले के दौरान रोडटंग को मात देने के लिए तैयार नोंग-ओ
पूर्व ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नोंग-ओ हामा को रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन के साथ रिंग साझा करने के मौके का बेसब्री से इंतजार है और उन्होंने वादा किया है कि The Inner Circle 38 में दोनों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी।
थाईलैंड के दो सुपरस्टार्स ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भिड़ेंगे, जिसका आयोजन शुक्रवार, 13 नवंबर को बैंकॉक के ऐतिहासिक लुम्पिनी स्टेडियम में होगा। इसका लाइव प्रसारण live.onefc.com पर किया जाएगा।
बहुत कम मुकाबलों में इतने बड़े सितारे एक साथ नजर आते हैं। दोनों के नाम मिलाकर करियर में कुल 542 जीत दर्ज हैं और उन्होंने ग्लोबल स्टेज पर शानदार सफलता हासिल की है। नोंग-ओ इस बड़े मुकाबले में डिविजन के तीसरे रैंक के कंटेंडर के रूप में उतरेंगे, जबकि लंबे समय तक ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन रहे रोडटंग अब दूसरे रैंक के कंटेंडर हैं।
40 वर्षीय नोंग-ओ जानते हैं कि इस टूर्नामेंट में उनका सामना डिविजन के कुछ बेहतरीन फाइटर्स से होगा, लेकिन वो सिर्फ संख्या बढ़ाने के लिए इसमें हिस्सा नहीं ले रहे हैं। आठ शीर्ष फाइटर्स में चुना जाना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने onefc.com को बताया:
“मैं सच में बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। आठ फाइटर्स में से एक के रूप में चुने जाने का मतलब है कि प्रमोशन को अभी भी मुझमें कुछ खास नजर आता है। शायद वो मुझे एक पूर्व चैंपियन के रूप में देखते हैं, जिसके पास आज भी अनुभवी फाइटर की स्किल्स हैं और जो दर्शकों को आकर्षित करने के साथ फाइट फैंस में उत्साह पैदा कर सकता है।”

अब ये ग्रां प्री थाईलैंड के अनुभवी और कई खिताब जीत चुके दिग्गज को प्रतिष्ठित सिल्वर बेल्ट और ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल हासिल करने के मौके से कहीं बढ़कर कुछ दे रही है। इससे उन्हें रोडटंग का सामना करने का एक और मौका भी मिल रहा है क्योंकि नवंबर 2025 में ONE 173 में दोनों के बीच तय मुकाबला रद्द हो गया था।
शायद सच में इंतजार का फल मीठा होता है और इस बार दांव पर पहले से कहीं ज्यादा कुछ होने के कारण नोंग-ओ पिछली निराशा को अपनी प्रेरणा बनाना चाहते हैं।
Evolve MMA और Superbon Training Camp के प्रतिनिधि ने कहा:
“मुकाबला इसलिए रद्द हो गया था क्योंकि मैं अपना हाइड्रेशन टेस्ट पास नहीं कर पाया था जबकि रोडटंग अचानक मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से बीमार पड़ गए थे। उस समय ये बहुत निराशाजनक था क्योंकि मैं विदेश में फाइट करने और अपनी कला को इंटरनेशनल के सामने दिखाने के लिए उत्सुक था।
“लेकिन कोई बात नहीं। उस समय मुकाबला नहीं हो पाया था इसलिए इस फाइट में उनसे भिड़ना शानदार वापसी जैसा महसूस हो रहा है।”
अब The Inner Circle 38 में दोनों का आमना-सामना तय होने के बाद नोंग-ओ लंबे समय से प्रतीक्षित मुकाबले को यादगार बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस मुकाबले में प्रतिष्ठित सेमीफाइनल स्थान दांव पर होगा और तकनीकी रूप से माहिर 40 वर्षीय फाइटर खेल के सबसे विस्फोटक स्ट्राइकर्स में से एक के खिलाफ अपने वर्ल्ड क्लास हथियारों का पूरा प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं।
नोंग-ओ ने कहा:
“रोडटंग से मैं कहना चाहता हूं कि चूंकि ये टूर्नामेंट की फाइट है इसलिए फैंस को एक जबरदस्त जंग दिखाते हैं। फाइट से पहले और बाद में हम भाई हैं, लेकिन एक बार रिंग में उतरने के बाद हम अपना सब कुछ दांव पर लगा सकते हैं और कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”

रोडटंग की लाजवाब प्रतिष्ठा से बेफिक्र हैं नोंग-ओ
मॉय थाई के कई सबसे बड़े नामों के साथ मुकाबला कर चुके नोंग-ओ हामा अच्छी तरह जानते हैं कि एक वर्ल्ड क्लास योद्धा और ग्लोबल सुपरस्टार के बीच क्या अंतर होता है।
वो रोडटंग जित्मुआंगनोन में भी यही खासियत देखते हैं, जिनके शानदार उदय पर उन्होंने करीब से नजर रखी है और जिनकी उपलब्धियों ने उन्हें प्रभावित किया है।
आठ बार के पूर्व ONE वर्ल्ड चैंपियन ने कहा:
“रोडटंग की सबसे बड़ी ताकत उनका बेखौफ और आक्रामक फाइटिंग स्टाइल है। मुझे उनकी फाइट्स देखना बहुत पसंद है। वो रोमांचक, एक्शन से भरपूर और देखने में बेहद मजेदार होती हैं।
“उनमें गजब की मजबूती है, वो लगातार दबाव बनाते हैं और उनके पंचों में जबरदस्त ताकत है। उनका यही रोमांचक स्टाइल विदेशी फैंस को उनका दीवाना बनाता है।”
हालांकि वो जानते हैं कि “द आयरन मैन” को हराना बेहद मुश्किल होगा, लेकिन वो अपने हमवतन फाइटर की मजबूती की सिर्फ तारीफ करने नहीं आ रहे हैं।
सेमीफाइनल में शिमोन योशीनारी और रमादान “द स्कॉर्पियन” ओन्दाश के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ने का मौका भी उनका इंतजार कर रहा है, जिससे जीत और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
लेकिन रोडटंग की रणनीति को नाकाम करना आसान काम नहीं है और वो जानते हैं कि इसका हल निकालने के लिए उन्हें सतर्क, धैर्यवान और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने वाला बनना होगा।
नोंग-ओ ने कहा:
“मैंने उनका अध्ययन किया है। लेकिन जहां तक उन खास मौकों की बात है, जिनका मैं फायदा उठा सकता हूं तो मुझे [फाइट] आगे बढ़ने के साथ अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए इस पहेली को कदम-दर-कदम सुलझाना होगा।
“रोडटंग निश्चित रूप से आक्रामक शुरुआत करेंगे क्योंकि वो उम्र में छोटे हैं और अनुभवी फाइटर पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। लेकिन एक अनुभवी फाइटर होने के नाते मैं भी आसानी से पीछे हटने वाला नहीं हूं। मैं उनके साथ जमकर भिड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।”
