तस्वीरों में: रोडटंग के खिलाफ वर्ल्ड ग्रां प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले से पहले नोंग-ओ ने अपनी तैयारियों को दी धार
पूर्व ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नोंग-ओ हामा ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक स्थित Superbon Muaythai Academy में आयोजित ओपन वर्कआउट के दौरान अपनी शानदार स्किल्स का प्रदर्शन किया। ये आयोजन मॉय थाई के हालिया इतिहास की सबसे बहुप्रतीक्षित भिड़ंत में से एक से पहले देखने को मिला।
फ्लाइवेट मॉय थाई रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद नोंग-ओ ने मीडिया से भी बातचीत की। वो शुक्रवार, 13 नवंबर को The Inner Circle 38 में 2026-2027 ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में पूर्व ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं। इस इवेंट को live.onefc.com पर स्ट्रीम किया जा सकता है।
थाईलैंड के दो महानतम स्ट्राइकर्स के बीच इस भिड़ंत का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। नोंग-ओ और रोडटंग का सामना पिछले साल नवंबर में ONE 173 में वेकेंट (रिक्त) ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए होना था।
हालांकि, मुकाबले से ठीक पहले रोडटंग ने बीमारी के कारण अपना नाम वापस ले लिया, जिसके चलते इस मुकाबले को स्थगित करना पड़ा और स्ट्राइकिंग की दुनिया का इंतजार और लंबा हो गया।
अब आखिरकार इन दोनों दिग्गजों को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में आमने-सामने आने का मौका मिलेगा, जहां दांव पर सेमीफाइनल में जगह होगी।
नोंग-ओ: दो डिविजन में वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना पूरा करने की कोशिश

39 साल की उम्र में भी नोंग-ओ महानता हासिल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। Evolve MMA के प्रतिनिधि को खेल के इतिहास के महानतम स्ट्राइकर्स में से एक माना जाता है।
आठ बार ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन रह चुके नोंग-ओ के नाम 300 से अधिक मुकाबलों का अनुभव और ONE Championship में 13-5 का रिकॉर्ड है। दो दशकों से भी लंबे करियर में उन्होंने स्ट्राइकिंग की दुनिया की लगभग हर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके बावजूद उनकी महत्वाकांक्षा आज भी पहले जितनी मजबूत है।
इस मुकाबले में जीत और दो डिविजन के ONE वर्ल्ड चैंपियन बनने का मौका उनके पहले से ही महान करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि साबित हो सकता है। लेकिन उनके सामने एक ऐसा प्रतिद्वंदी खड़ा है, जो उनके इस सपने को पूरा होने से रोकने की क्षमता रखने वाले चुनिंदा फाइटर्स में से एक है।
रोडटंग: खुद को दोबारा साबित करने के इरादे से वापसी
29 वर्षीय मेगास्टार रोडटंग इस क्वार्टरफाइनल मुकाबले में खुद को साबित करने के इरादे से उतरेंगे। Jitmuangnon Gym के इस फाइटर का करियर रिकॉर्ड शानदार 274-44 है, जबकि ONE Championship में उनका रिकॉर्ड 17-3 है। लगातार आगे बढ़कर प्रतिद्वंदियों पर जबरदस्त दबाव बनाने का उनका स्टाइल और बेहद मजबूत ठोड़ी ने उन्हें अपने दौर के सबसे चर्चित और खतरनाक फाइटर्स में से एक बना दिया।
ONE Championship के साथ हाल ही में नया करार करने वाले फ्लाइवेट मॉय थाई रैंकिंग में दूसरे नंबर के कंटेंडर उस शानदार फॉर्म को दोबारा हासिल करने के लिए बेताब हैं, जिसने उन्हें कॉम्बैट स्पोर्ट्स का एक बड़ा सितारा बनाया था। दिग्गज नोंग-ओ के खिलाफ जीत उनकी विरासत को और मजबूत करेगी और उन्हें एक बार फिर अपने डिविजन के वर्ल्ड टाइटल की दौड़ में प्रमुख दावेदार बना देगी।
आइए अब थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में मंगलवार को आयोजित ओपन वर्कआउट से नोंग-ओ की कुछ तस्वीरों पर नजर डालते हैं।