इन 3 कारणों से 13 नवंबर को The Inner Circle 38 देखना न भूलें

Rodtang Jitmuangnon poses for media at The Inner Circle 38 open workout

ONE Championship इस शुक्रवार, 13 नवंबर को बैंकॉक के मशहूर लुम्पिनी स्टेडियम में वापसी कर रहा है, जहां The Inner Circle 38 में मॉय थाई के धमाकेदार मुकाबले देखने को मिलेंगे। इस इवेंट का एशिया प्राइमटाइम में live.onefc.com पर सदस्यों के लिए लाइव और एक्सक्लूसिव प्रसारण किया जाएगा।

इस इवेंट में पांच मुकाबले होंगे, जिनमें सबसे खास 2026-2027 ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री के दो क्वार्टरफाइनल मैच होंगे। इनमें दो दिग्गज और दो युवा सनसनीखेज फाइटर्स आमने-सामने होंगे। चारों की नजरें सेमीफाइनल में जगह बनाने पर टिकी होंगी।

आइए जानते हैं वो तीन धमाकेदार कारण, जिनके चलते इस शुक्रवार The Inner Circle 38 को बिल्कुल भी मिस नहीं करना चाहिए।

दो दिग्गज रोडटंग और नोंग-ओ आखिरकार रिंग में होंगे आमने-सामने

ONE Championship इतिहास के दो सबसे सफल मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियंस लगभग एक साल के इंतजार के बाद आखिरकार रिंग में एक दूसरे के खिलाफ उतरेंगे। दूसरे रैंक के कंटेंडर रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन का सामना ग्रां प्री के क्वार्टरफाइनल में तीसरे रैंक के नोंग-ओ हामा से होगा। रोडटंग के लिए ये किसी सपने के सच होने जैसा मुकाबला है क्योंकि बचपन से ही वो नोंग-ओ को अपना आदर्श मानते रहे हैं।

ये मुकाबला पिछले साल नवंबर में ONE 173 में होना था, जब पूर्व ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन रोडटंग और पूर्व ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नोंग-ओ को वेकेंट (रिक्त) फ्लाइवेट खिताब के लिए भिड़ना था। रोडटंग ने तय वजन हासिल कर लिया था, लेकिन बीमार पड़ने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा और वो मुकाबले से पीछे हट गए। वहीं नोंग-ओ हाइड्रेशन टेस्ट में नाकाम रहने के बाद तय वजन हासिल नहीं कर पाए, जिसके चलते टाइटल फाइट रद्द कर दी गई।

इसके बाद से दोनों फाइटर्स को मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा है। रोडटंग को टकेरु सेगावा के खिलाफ ONE अंतरिम फ्लाइवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल रीमैच में पांचवें राउंड में तकनीकी नॉकआउट (TKO) से हार मिली। ONE में ये पहला मौका था, जब उन्हें फिनिश किया गया।

वहीं मार्च में रिक्त ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए चुनौती पेश करते हुए नोंग-ओ को असादुला “द दागेस्तान निंजा” इमानगज़ालिएव के हाथों नॉकआउट से हार झेलनी पड़ी। हालांकि, तीन महीने बाद उन्होंने अपने हमवतन थाई दिग्गज कोंगथोरानी सोर सोमाई के खिलाफ ट्रायलॉजी मुकाबले में जीत दर्ज कर शानदार वापसी की।

रोडटंग को जीत की राह पर लौटने और ग्रां प्री में अपनी चुनौती बरकरार रखने के लिए एक दमदार जीत की जरूरत है। वहीं नोंग-ओ इस खेल के सबसे लोकप्रिय सुपरस्टार को दुर्लभ हार का स्वाद चखा सकते हैं। दोनों में से जो भी जीतेगा, वो सेमीफाइनल की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाएगा।

शिमोन और रमादान दिखाएंगे युवा जोश और आक्रामकता

Shimon Yoshinari catches Johan Ghazali with a left to the chin at ONE SAMURAI 1.
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

चौथे रैंक के कंटेंडर शिमोन योशीनारी और पांचवें रैंक के रमादान ओन्दाश के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल में डिविजन के दो सबसे युवा सितारे आमने-सामने होंगे। दोनों के पास इतनी जबरदस्त ताकत है कि वो टूर्नामेंट में किसी भी प्रतिद्वंदी के लिए खतरा बन सकते हैं।

पूर्व WBC मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन और ONE एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नडाका योशीनारी के कज़िन भाई शिमोन का प्रोफेशनल रिकॉर्ड 27-1 है। उन्होंने 2024 के अंत में ONE में डेब्यू करने के बाद से एक भी हार नहीं झेली है। 22 वर्षीय खतरनाक जापानी फाइटर ने अप्रैल में जोहान गज़ाली को हराकर प्रमोशन में अपनी पांचवीं जीत हासिल की और इसके साथ ही 1,00,000 यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट और ग्लोबल रोस्टर में जगह बनाई। उनके करियर का सबसे बड़ा पल सितंबर में आया, जब उन्होंने अपने घरेलू दर्शकों के सामने सुआब्लैक टोर प्रान49 को नॉकआउट किया।

ओन्दाश ने भी अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान किया है। 20 वर्षीय लेबनानी नॉकआउट स्पेशलिस्ट का रिकॉर्ड 14-4 है और उन्होंने स्ट्रॉवेट में चार शानदार जीत दर्ज कर अपना कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। मौजूदा ONE अंतरिम स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन अलिफ सोर डेचापैन के खिलाफ करीबी हार के बाद उन्होंने फ्लाइवेट डिविजन में कदम रखा, जहां वो सुरियानलैक पोर येनयिंग और गज़ाली दोनों को हरा चुके हैं।

शिमोन ONE में अपने अजेय सफर को आगे बढ़ाना चाहते हैं। वहीं “द स्कॉर्पियन” फ्लाइवेट में अपराजित रहते हुए रैंकिंग में ऊपर चढ़ना चाहते हैं। लेकिन दोनों में से सिर्फ एक ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर पाएगा।

छह अंकों की राशि वाला ONE कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने का मौका

ग्रां प्री के दो बड़े क्वार्टरफाइनल मुकाबलों के अलावा कई अन्य फाइटर्स के पास शानदार प्रदर्शन कर 1,00,000 यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने और ONE Championship के ग्लोबल रोस्टर में जगह बनाने का मौका होगा।

थाईलैंड के अनुभवी फाइटर पीटीटी अपिचार्ट फार्म और मोरक्को के फाइटर हमज़ा राचिद बेंटमवेट मॉय थाई मुकाबले में आमने-सामने होंगे। PTT का रिकॉर्ड 114-25 है और वो पिछली निराशाजनक हार से उबरकर वापसी करना चाहते हैं। वहीं राचिद ने ONE Friday Fights में दो नॉकआउट जीत दर्ज की हैं। अगर वो इस अनुभवी थाई फाइटर को भी फिनिश करने में कामयाब रहे तो कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने का उनका रास्ता साफ हो सकता है।

इस बीच एडम बेनवारवार भी बेंटमवेट मुकाबले में लैनी ब्लासी से भिड़ेंगे। 23 वर्षीय फाइटर को ONE में अपने डेब्यू मुकाबले में हार मिली थी, लेकिन उसके बाद से उन्होंने नॉकआउट के जरिए जीत हासिल की हैं। इनमें इस साल की शुरुआत में केंडू इरविंग को महज 52 सेकंड में धूल चटाना भी शामिल है। एक और यादगार फिनिश उन्हें बहुप्रतीक्षित कॉन्ट्रैक्ट दिला सकता है।

थाईलैंड के उभरते हुए स्टार बैनलुएलोक सिटवटचाराचाई एटमवेट मॉय थाई मुकाबले में म्या लोन चाव के खिलाफ इवेंट की शुरुआत करेंगे। बैनलुएलोक के नाम ONE में छह जीत दर्ज हैं। इनमें अपने पिछले मुकाबले में ONE एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर सोंगचाइनोई कियटसोंग्रिट के खिलाफ मिली जीत भी शामिल है। वो लगातार तीन जीत के सिलसिले के साथ लुम्पिनी में उतरेंगे। एक दमदार प्रदर्शन उन्हें छह अंकों की राशि वाला कॉन्ट्रैक्ट दिला सकता है।

Banluelok Sitwatcharachai poses moments before his clash with Songchainoi Kiatsongrit at The Inner Circle 27
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

मॉय थाई में और

Rodtang Jitmuangnon poses for media at The Inner Circle 38 open workout
Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Nazareth Lalthazuala Jake Bron ONE Friday Fights 144 2
Aslamjon Ortikov unleashes an uppercut during The Inner Circle 39 open workout
Christian Lee celebrates after beating Alibeg Rasulov ONE 173 1
Johan Ghazali faces Johan Estupinan in a rematch at The Inner Circle 42
Akram Hamidi celebrates his KO win against Kongchai Chanaidonmueang at ONE Friday Fights 66.
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nong O Hama unleashes a kick at The Inner Circle 38 Open Workout
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.