‘ये खिताब मुझे हर हाल में जीतना है’ – ONE SAMURAI 5 में खिताब जीतकर जापान लाने के लिए तैयार कीटो यामाकीटा

Keito Yamakita makes his way to the ring against Koyuru Tanoue at ONE SAMURAI 2

ONE स्ट्रॉवेट MMA वर्ल्ड टाइटल पहले भी जापानी फाइटर्स के हाथों में सुरक्षित रह चुका है और कीटो “पॉकेट मॉन्क” यामाकीटा का मानना है कि अब इस खिताब को एक बार फिर अपने देश वापस लाने का समय आ गया है।

बुधवार, 18 नवंबर को 30 वर्षीय स्टार ONE SAMURAI 5 के मेन इवेंट में ONE स्ट्रॉवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन जोशुआ “द पैशन” पैचीओ को आधिकारिक तौर पर चुनौती देंगे। इस इवेंट का टोक्यो के इबारा वेव एरीना ओटा से लाइव प्रसारण किया जाएगा।

यामाकीटा ने पूर्व Pancrase स्ट्रॉवेट चैंपियन के रूप में अपराजित रिकॉर्ड के साथ ONE Championship में कदम रखा था। कंटेंडर बोकांग “लिटल जायंट” मासूनयाने के खिलाफ अपने करियर की एकमात्र हार झेलने के बाद उन्होंने दोबारा हार का स्वाद नहीं चखा है। उन्होंने लगातार पांच शानदार जीत दर्ज की हैं।

इस साल उन्होंने 26 पाउंड की चैंपियनशिप बेल्ट के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। पहले ONE SAMURAI 1 में उन्होंने दूसरे राउंड में रयोहेई कुरोसावा को शानदार अंदाज में सबमिशन से हराया और फिर ONE SAMURAI 2 में कोयुरु टानोई को पहले ही राउंड में टैप आउट करने पर मजबूर कर दिया।

डिविजन में लगातार इतनी सफलता हासिल करने के बावजूद यामाकीटा विनम्रता से स्वीकार करते हैं कि इतनी जल्दी इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचने पर वो खुद भी थोड़े हैरान हैं।

चैलेंजर ने onefc.com को बताया:

“मैं ये नहीं कहूंगा कि मैं टाइटल फाइट का इंतजार कर रहा था। मुझे बस यही लगता था कि अगर मैं अपना काम इसी तरह करता रहा तो आखिरकार मुझे ये मौका मिल ही जाएगा।

“मुझे लगता है कि मेरा प्रदर्शन लगातार बेहतर होकर उस स्तर तक पहुंच गया है, जो टाइटल फाइट के लायक है। मेरा मानना है कि मैं पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हूं इसलिए ये मौका बिल्कुल सही समय पर आया है।”

Keito Yamakita gets ready for Koyuru Tanoue at ONE SAMURAI 2
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

यामाकीटा और चैंपियनशिप बेल्ट के बीच अब वो फाइटर खड़ा है, जिसने 125-पाउंड डिविजन में सफलता का सबसे खास पैमाना स्थापित किया है। पैचीओ कई बार स्ट्रॉवेट MMA वर्ल्ड टाइटल जीत चुके हैं और इसका पांच बार सफलतापूर्वक बचाव कर चुके हैं।

पिछले कुछ वर्षों में बागियो शहर के वुशु स्पेशलिस्ट ने अपने फाइटिंग गेम में कई जटिल तकनीकों को शामिल किया है। यामाकीटा इस अनुभवी चैंपियन का बेहद सम्मान करते हैं, जिन्हें हराकर उन्हें खिताब अपने नाम करना होगा।

उन्होंने कहा:

“पैचीओ मुख्य रूप से एक स्ट्राइकर के तौर पर जाने जाते हैं, लेकिन उनकी ग्रैपलिंग तकनीक भी उच्च स्तर की है। सबसे बढ़कर वो मानसिक रूप से बहुत मजबूत हैं।

“वो अपनी स्ट्राइकिंग से आपको फिनिश कर सकते हैं और हाल ही में उन्होंने एक मजबूत ग्रैपलर को सबमिशन से भी हराया था। मैं फाइट की किसी भी स्टेज पर अपनी सतर्कता कम नहीं कर सकता।”

इसके बावजूद वो अच्छी तरह समझते हैं कि मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन को हराने के लिए सिर्फ तकनीकी स्किल्स ही काफी नहीं होती।

पैचीओ 2016 से ही चुनौतीपूर्ण चैंपियनशिप राउंड्स में लगातार शानदार प्रदर्शन करते आए हैं, जबकि यामाकीटा ने सर्कल के अंदर कभी 15 मिनट से ज्यादा फाइट नहीं की है। जापानी ग्रैपलर इस अनुभव के अंतर से अच्छी तरह वाकिफ हैं, लेकिन इतने बड़े मौके के दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं हैं।

“पॉकेट मॉन्क” ने आगे कहा:

“उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका जज्बा है। मेरी योजना है कि मैं इच्छाशक्ति की इस फाइट में हार नहीं मानूंगा और न ही पीछे हटूंगा। चाहे हम स्ट्राइकिंग कर रहे हों या ग्रैपलिंग, मैं अपने दृढ़ संकल्प से लगातार उन पर भारी पड़ना चाहता हूं।

“मैं उनके साथ स्ट्राइक्स का आदान-प्रदान करने से बचना चाहूंगा, लेकिन मैं उनकी स्ट्राइकिंग से डर नहीं सकता। हर फाइट में मेरे लिए यही एक अहम बात रही है। मैं लगातार आगे बढ़कर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर करना चाहता हूं।”

Keito Yamakita takes down Ryohei Kurosawa ONE SAMURAI 1 9
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

जापानी फाइटर्स की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं यामाकीटा

जब फाइट का एक्शन ग्राउंड पर पहुंचता है तो कीटो यामाकीटा अपने जबरदस्त टॉप कंट्रोल और जिउ-जित्सु तकनीकों पर काफी भरोसा करते हैं। उनके शानदार हथियारों में सबसे खतरनाक तकनीकों में से एक उनका बेहद अनोखा बुलडॉग चोक है, जिसकी मदद से उन्होंने जेरेमी मिआडो और कोयुरु टानोई दोनों को शानदार अंदाज में फिनिश किया है।

Team We के प्रतिनिधि इस बात का बहुत सम्मान करते हैं कि पैचीओ का ओवरऑल ग्राउंड गेम कितना विकसित हुआ है, लेकिन उनका मैट पर एक इंच भी जगह छोड़ने का कोई इरादा नहीं है।

जापानी स्टार ने कहा:

“मैं शानदार जीत हासिल करना चाहता हूं इसलिए अपनी सबसे बेहतरीन तकनीकों में से किसी एक का इस्तेमाल कर सबमिशन से जीतना चाहूंगा। लेकिन वो ऐसे फाइटर नहीं हैं, जिन्हें मैं आसानी से सबमिट कर सकूं। पांच-पांच मिनट के पांच राउंड की फाइट काफी लंबी होती है।

“पैचीओ का स्टैमिना अच्छा है और मुझे अपने स्टैमिना पर भी भरोसा है। अगर उनकी इच्छाशक्ति टूटती है तो मैं उन्हें सबमिट या फिनिश कर सकता हूं। मैं उन पर लगातार दबाव बनाते हुए ऐसे मौकों की तलाश करना चाहता हूं।”

निजी गौरव से कहीं बढ़कर इस अगले मुकाबले का महत्व भी बहुत बड़ा है। जीत हासिल करने पर स्ट्रॉवेट डिविजन में वर्चस्व एक बार फिर उस देश के पास लौट आएगा, जिसकी इस डिविजन में गौरवशाली परंपरा रही है।

पूर्व ONE स्ट्रॉवेट MMA वर्ल्ड चैंपियंस योशिताका “नोबिता” नाइटो और योसूके “द निंजा” सारूटा कभी 125-पाउंड डिविजन पर राज कर चुके हैं। दोनों की उसी फाइटर के साथ ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता रही है, जिसे अब यामाकीटा हराने की उम्मीद कर रहे हैं।

इनाबे के निवासी ने ऐलान करते हुए कहा:

“ONE वर्ल्ड टाइटल का मतलब है कि आप बिना किसी सवाल के स्ट्रॉवेट डिविजन में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फाइटर हैं। मुझे लगता है कि ये ऐसा खिताब है, जिसे मुझे हर हाल में जीतना है।

“सारूटा और नाइटो जैसे जापानी फाइटर्स पहले इस खिताब को अपने नाम कर चुके हैं इसलिए मेरा मानना है कि ये बेल्ट किसी जापानी फाइटर के पास ही होनी चाहिए। मैं सुनिश्चित करना चाहता हूं कि इस जिम्मेदारी को निभा सकूं।”

Keito Yamakita celebrates after beating Koyuru Tanoue ONE SAMURAI 2 5
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

न्यूज़ में और

Keito Yamakita makes his way to the ring against Koyuru Tanoue at ONE SAMURAI 2
Nong O Hama Rodtang Jitmuangnon The Inner Circle 38 14
Anar Mammadov Superlek Jitmuangnon ONE Friday Fights 178 9
Rodtang Jitmuangon and Nong-O Hama face off ahead of The Inner Circle 38
Rodtang Jitmuangnon, Nong-O Hama, Shimon Yoshinari, and Ramadan Ondash return to the ONE Championship stage this week.
Rodtang Jitmuangnon in action at 172
Asadula Imangazaliev poses with his ONE World Title during The Inner Circle 39 open workout
Nong O Gaiyanghado Felipe Lobo ONE X 1920X1280 41 600x400
Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Tye Ruotolo celebrates his title win over Christian Lee at The Inner Circle 37
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one