‘अपना सब कुछ झोंक दूंगा’ – रोडटंग को The Inner Circle 38 में दिग्गज नोंग-ओ के खिलाफ जबरदस्त मैच की उम्मीद
कई सालों तक रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन दूर से ही नोंग-ओ हामा की तारीफ करते रहे। अब पूर्व ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन को अपने ही देश के इस दिग्गज का सामना करना होगा। ये हाल के समय में दो थाई फाइटर्स के बीच होने वाले सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबलों में से एक है।
दोनों सुपरस्टार्स आखिरकार शुक्रवार, 13 नवंबर को होने वाले The Inner Circle 38 में 2026-2027 ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगे। बैंकॉक के ऐतिहासिक लुम्पिनी स्टेडियम से इस इवेंट का लाइव प्रसारण एशिया प्राइमटाइम पर live.onefc.com के सदस्यों के लिए किया जाएगा।
इन दोनों का पहला मुकाबला पिछले नवंबर में ONE 173 के लिए निर्धारित था, लेकिन आधिकारिक वेट और हाइड्रेशन टेस्ट पास करने के कुछ ही समय बाद रोडटंग के बीमार पड़ने के कारण दुर्भाग्य से मुकाबला रद्द करना पड़ा। अब मौजूदा डिविजनल चैंपियन असादुला “द दागेस्तान निंजा” इमानगज़ालिएव समेत आठ टॉप फाइटर्स के इस टूर्नामेंट ने दांव को काफी बढ़ा दिया है।
29 वर्षीय रोडटंग अपनी लगातार आगे बढ़कर दबाव बनाने के स्टाइल के लिए जाने जाते हैं, जिसने उन्हें दुनिया भर में मशहूर बनाया। रिंग के दूसरी ओर नोंग-ओ होंगे, जो चंद दिनों पहले 40 के हुए हैं। लंबे समय तक ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन रहे नोंग-ओ का फाइटिंग स्टाइल बेहद सोच-समझकर बनाई गई रणनीति पर आधारित है और रोडटंग से काफी अलग है।
रोडटंग ने onefc.com को बताया:
“मेरा मानना है कि प्रोफेशनल खेलों में उम्र सिर्फ एक संख्या है। अगर आप अनुशासन बनाए रखते हैं, कड़ी ट्रेनिंग जारी रखते हैं और खुद को ढीला नहीं पड़ने देते तो उम्र मायने नहीं रखती।
“नोंग-ओ को ही देख लीजिए। वो अनुशासन की सबसे बेहतरीन मिसाल हैं। हर फाइटर को उनसे सीख लेनी चाहिए। वो लगातार ट्रेनिंग करते हैं और खुद को कभी अनफिट नहीं होने देते। चाहे कोई भी साल हो, उनका शरीर हमेशा एक जैसा रहता है। न अतिरिक्त चर्बी, न अतिरिक्त वजन। अनुशासन के मामले में वो पूरी तरह से परफेक्ट हैं।”

रोडटंग की लगातार आगे बढ़कर दबाव बनाने और दमदार कॉम्बिनेशन लगाने के स्टाइल ने अनगिनत विरोधियों को पस्त किया है। वहीं नोंग-ओ की फाइटिंग शैली इससे बिल्कुल अलग है, जो पूरी तरह धैर्य, विरोधी की चालों को भांपने की क्षमता और सटीक अटैक पर आधारित है।
ये दो अलग-अलग पीढ़ियों के दिग्गजों के बीच एक दुर्लभ मुकाबला है, जिन्होंने मॉय थाई के दो बिल्कुल अलग दौर को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाई है। दोनों में से किसी को भी पीछे रहने की आदत नहीं है।
उन्होंने समझाया:
“नोंग-ओ के पास सब कुछ है। वो मॉय थाई के सच्चे दिग्गज हैं। मेरे फाइटिंग करियर शुरू करने से पहले ही वो बहुत बड़े स्टार बन चुके थे। मुझे याद है कि मैं पुराने लुम्पिनी स्टेडियम में उनके मुकाबले देखा करता था।
“उनकी तकनीकी क्षमता अविश्वसनीय है, उनकी किक्स बेहद ताकतवर हैं और उन्हें हराना बहुत मुश्किल है। मैं नहीं चाहता कि कोई ये सोचे कि मैं नोंग-ओ को आसानी से हरा दूंगा। मैं कभी किसी प्रतिद्वंदी को कम नहीं आंकता। नोंग-ओ की शानदार फाइट आईक्यू और जीवन भर के अनुभव को देखते हुए वो आपकी चालों को तुरंत भांप सकते हैं।”
इन दोनों का गहरा रिश्ता प्रतिस्पर्धा से कहीं आगे तक जाता है। जब रोडटंग पहली बार ONE Championship से जुड़े थे, तब नोंग-ओ पहले से ही एक स्थापित ONE वर्ल्ड चैंपियन थे। सिंगापुर की शुरुआती यात्राओं के दौरान वो युवा फाइटर का खास ख्याल रखते थे। यहां तक कि उनके लिए खाना भी बनाते थे और उन्हें बाहर खाना खिलाने भी ले जाते थे।
अब दोनों की राहें लुम्पिनी स्टेडियम में आकर टकराएंगी, जहां सिर्फ एक ही फाइटर अगले दौर में पहुंच सकेगा।
रोडटंग ने याद करते हुए कहा:
“एक समय ऐसा भी था जब मैंने कहा था कि मैं नोंग-ओ से फाइट नहीं करना चाहता क्योंकि मैं उनकी बहुत ज्यादा इज्जत करता हूं। उस समय वो अलग वेट डिविजन में थे इसलिए मैं ऐसा कह सकता था।
“हालांकि, बड़े भाई के रूप में उनके लिए मेरा सम्मान और प्यार हमेशा वैसा ही रहेगा। लेकिन रिंग के अंदर मैं अपना सब कुछ झोंक दूंगा!”

रोडटंग फ्लाइवेट डिविजन के ताज पर दोबारा कब्जा करने के लिए तैयार
रोडटंग जित्मुआंगनोन के लिए इस क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जीत हासिल करना फ्लाइवेट मॉय थाई के उस सिंहासन तक दोबारा पहुंचने का सीधा रास्ता खोल देगा, जिस पर उन्होंने गर्व के साथ पांच साल तक राज किया था।
इस मुकाबले का विजेता टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में शिमोन योशीनारी या रमादान “द स्कॉर्पियन” ओन्दाश में से किसी एक का सामना करेगा। आखिरकार टूर्नामेंट का चैंपियन प्रतिष्ठित सिल्वर ग्रां प्री बेल्ट और अनडिस्प्यूटेड ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल दोनों अपने नाम करेगा, लेकिन इसके लिए उसे पहले शीर्ष प्रतिद्वंदियों से भरे बेहद चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट ब्रैकेट को पार करना होगा।
“द आयरन मैन” ने कहा:
“ये एक ऐसा टूर्नामेंट फॉर्मेट है जो बिल्कुल सही लगता है और इसके साथ एक खास सिल्वर बेल्ट भी मिलती है, जो सिर्फ आपकी होती है और जिसे कोई आपसे छीन नहीं सकता। ये साबित करती है कि भले ही आप चैंपियन न हों, लेकिन इस टूर्नामेंट को जीतने का मतलब है कि आप इस डिविजन में सबसे बेहतरीन हैं क्योंकि आपको सभी टॉप रैंकिंग वाले दावेदारों को हराकर आगे बढ़ना पड़ा है।
“इस वापसी के लिए ये सबसे बड़ी परीक्षा है। अब हम अपनी पसंद के प्रतिद्वंदी नहीं चुन सकते और न ही किसी को नजरअंदाज कर सकते हैं। उन 8 फाइटर्स के बीच आपको साबित करना होगा कि रैंकिंग में आप सबसे बेहतरीन हैं। आप किसी को भी हल्के में नहीं ले सकते।”
ग्रां प्री रोडटंग को दोबारा वर्ल्ड टाइटल जीतने का साफ रास्ता प्रदान करता है, लेकिन फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता ये सुनिश्चित करना है कि नोंग-ओ हामा के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित पहले मुकाबले के लिए उनकी शारीरिक तैयारी का हर पहलू पूरी तरह सही हो।
फाइट नाइट तेजी से नजदीक आ रही है और पूर्व फ्लाइवेट मॉय थाई चैंपियन इस ऐतिहासिक अवसर का पूरा फायदा उठाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
रोडटंग ने अंत में कहा:
“मैं निश्चित रूप से तय वजन हासिल कर लूंगा।
“क्योंकि इस बार मैंने हर चीज का ध्यान रखने के लिए एक न्यूट्रिशन टीम नियुक्त की है। वो मेरी डाइट का ध्यान रखते हैं और हर कदम पर मेरे साथ रहते हैं। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है, मैं 100 प्रतिशत तय वजन हासिल कर लूंगा।”