5 बड़ी बातें जो हमें ONE Fight Night 10: Johnson Vs. Moraes III से पता चलीं

Sage Northcutt Ahmed Mujtaba ONE Fight Night 10 41

पिछले शनिवार, 6 मई को ONE Fight Night 10 में अमेरिकी मार्शल आर्ट्स फैंस को आखिरकार ONE Championship का इवेंट लाइव देखने का मौका मिल ही गया।

पहली बाउट की शुरुआती बैल के साथ ये इवेंट सभी उम्मीदों पर खरा उतरता गया, जब तक कि जीत और खिताब विजेताओं की झोली में नहीं आ गए।

कोलोराडो के डेनवर के 1stBank सेंटर में कॉम्बैट स्पोर्ट्स की एक यादगार रात देने के लिए दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिभाशाली स्टार्स अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एकत्रित हुए।

इवेंट के कार्ड में 3 वर्ल्ड टाइटल जीत, कई हाइलाइट-रील स्टॉपेज और नाटकीय मुकाबले शामिल रहे। ऐसे में आइए जानते हैं अमेरिकी धरती पर ONE के ऐतिहासिक डेब्यू की वो 5 सबसे बड़ी बातें, जो हमें मालूम चलीं।

जीत के साथ रिटायरमेंट की संभावना के बीच जॉनसन ने दिए वापसी के संकेत?

ONE फ्लाइवेट वर्ल्ड चैंपियन डिमिट्रियस जॉनसन रिटायरमेंट की अटकलों के बीच एड्रियानो मोरेस का सामना करने ट्रायलॉजी बाउट में उतरे थे। हालांकि, उन्होंने इसकी संभावना खत्म नहीं की बल्कि अटकलों की शक्ल देकर एक नए चैलेंजर को “माइटी माउस” की चुनौती पार करने का एक लुभावना मौका ज़रूर दे दिया।

शनिवार को तकनीकी रूप से मोरेस के खिलाफ उनकी जीत अद्भुत थी। अमेरिकी MMA दिग्गज ने एक प्रभावशाली जीत के साथ अपनी बादशाहत कायम रखी। इस दौरान उनका क्लिनिकल क्लिंच वर्क और अभेद डिफेंस देखने को मिला।

जैसे ही निर्णय के जरिए उनकी जीत घोषित हुई, वैसे ही काइरत “द कज़ाख” अख्मेतोव का नाम सामने आने लगा। #2 रैंक के कंटेंडर और पूर्व डिविजनल किंग ने #4 रैंक के रीस “लाइटनिंग” मैकलेरन को पहले हुए मैच में ही पराजित कर दिया था और पाउंड-फोर-पाउंड GOAT (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) के खिलाफ टाइटल फाइट का मौका पाने का इंतजार करने लगे।

मुकाबले के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जॉनसन ने कहा कि वो चुनौती का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने तुरंत ये भी कहा कि अभी इस बारे में अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

हालांकि, ये तो तय है कि “माइटी माउस” रिटायरमेंट की ओर अपने कदम जरूर बढ़ाएंगे। फिर भी ONE Fight Night 10 के संकेतों से मालूम चलता है कि वो कम से कम एक और बाउट के लिए सर्कल में अभी वापसी कर सकते हैं।

यूएस डेब्यू में चमके स्टैम्प और रोडटंग

पूरे इवेंट वीक के दौरान डेनवर में स्टैम्प फेयरटेक्स और रोडटंग जित्मुआंगनोन के उत्तर अमेरिका में डेब्यू की चर्चा थी। शनिवार को जब दोनों थाई सुपरस्टार्स ने धमाकेदार स्टॉपेज जीत हासिल की तो हर तरफ बस उनका ही नाम गूंजने लगा।

स्टैम्प का मुकाबला पहले हुआ, #1 रैंक की एटमवेट मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स कंटेंडर ने एंट्री लेते वक्त अपना “स्टैम्प डांस” वाला अंदाज पेश कर दर्शकों को मोहित कर दिया और फिर अलीस एंडरसन के खिलाफ एक जोरदार बॉडी किक नॉकआउट के साथ सबको रोमांचित कर दिया।

ये पूर्व ONE एटमवेट किकबॉक्सिंग और मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन के लिए यादगार पल था, जो अब MMA में अंतरिम एटमवेट खिताब के लिए बाउट करेंगी।

इसके बाद “द आयरन मैन” की जबरदस्त फाइट देखने को मिली, जहां उन्होंने एडगर तबारेस को एक खतरनाक एल्बो के जरिए ढेर कर दिया।

रोडटंग के समर्थन में मच रहे शोर ने हर किसी की आवाज को दबा दिया। यहां तक कि जब ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन मेन इवेंट में कुछ देर के लिए फिर से आए तो दर्शक बस उन्हीं का नाम जोर-जोर से चिल्लाने लगे।

इन दोनों बहुप्रतीक्षित मुकाबलों को लेकर जिस तरह की उम्मीदें की गई थीं, उससे कहीं बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। दोनों फाइटर्स 25 साल के हैं। ऐसे में इस जीत से ये तो साफ हो गया कि स्टैम्प और रोडटंग ने उत्तर अमेरिका में अपने स्टारडम में और इजाफा कर लिया।

मुसुमेची ने ONE में उभरती सबमिशन ग्रैपलिंग प्रतिभा दिखाई

ONE ने ग्लोबल स्टेज पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए ग्रैपलिंग का हुनर दिखाने को एक नया मंच प्रदान किया और किसी ने भी उस मौके का ONE फ्लाइवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन माइकी मुसुमेची से ज्यादा फायदा नहीं उठाया।

IBJJF नो-गी वर्ल्ड चैंपियन ओसामा अलमारवाई को लगातार डिफेंडिंग पोजिशन में रखते हुए अमेरिकी फाइटर को शनिवार को 1stBank सेंटर के अंदर मौजूद दर्शकों ने कई तरह के लेग-लॉक्स लगाते देखा। उसके बाद जब मुसुमेची ने बाउट को फिनिश करने के लिए प्रतिद्वंदी की पीठ पर कब्जा जमाने के लिए कदम बढ़ाया तो दर्शकों का शोर बाहर निकल गया।

ऐसे में “डार्थ रिगाटोनी” के ब्राजीलियन जिउ-जित्सु की आक्रमकता और रोमांचक स्टाइल इस खेल को एक नई ऊंचाई तक ले जाने में मदद कर रहा है। उनकी हालिया जीत और उससे मिला जबरदस्त आत्मविश्वास इसका एक जीता-जागता प्रमाण है।

मुसुमेची खुद को और सबमिशन ग्रैपलिंग दोनों को नए दर्शकों से जोड़ रहे हैं। 26 वर्षीय फाइटर अब भी ONE में अपराजित हैं और संगठन के सबसे बड़े स्टार्स में से एक बन गए हैं।

ज़ेबज़्टियन कडेस्टम ने ‘रोबोकॉप’ को नॉकआउट करने का वादा पूरा किया

भले ही पूर्व ONE वेल्टरवेट वर्ल्ड चैंपियन ज़ेबज़्टियन कडेस्टम के मन में शनिवार को सर्कल के अंदर जाते वक्त कुछ शंकाएं पनप रही हों, लेकिन उन्होंने साल के सबसे चौंकाने वाले नॉकआउट में से एक के साथ सभी की बोलती बंद कर दी।

पहले राउंड में “द बैंडिट” ने क्रोएशियाई फाइटर रॉबर्टो “रोबोकॉप” सोल्डिच को सिर्फ समझने की कोशिश की। दूसरे राउंड में उन्होंने सोल्डिच पर दबाव बनाया और जल्द ही ताकतवर पंच लगाने का ठिकाना ढूंढ लिया।

पूर्व डिविजनल किंग ने इस मैच में नॉकआउट का वादा किया था और उन्होंने इसे एक सनसनीखेज उलटफेर के साथ पूरा करते हुए सबको चौंकने पर मजबूर कर दिया।

बोलने के साथ उसे करके भी दिखाने का जज्बा रखने वाले कडेस्टम के इस प्रदर्शन ने उन्हें इस साल के अंत में होने वाली ONE अंतरिम वेल्टरवेट वर्ल्ड टाइटल फाइट तक पहुंच दिया। इस प्रभावशाली जीत ने स्वीडन के फाइटर को “रोबोकॉप” के समर्थन में मच रहे शोर को सन्नाटे में बदल दिया और खुद को वापस वहीं लाकर खड़ा कर दिया, जहां के वो हकदार थे।

सेज नॉर्थकट की लंबे वक्त बाद जोरदार वापसी बनेगी लोगों के लिए प्रेरणा

सेज नॉर्थकट ने ONE Fight Night 10 में अपने उपनाम “सुपर” की तरह ही प्रदर्शन करके दिखाया। ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं कि उन्होंने पहले राउंड में अहमद “वुल्वरिन” मुजतबा के खिलाफ सबमिशन के जरिए जीत हासिल की बल्कि इसलिए कि उन्होंने सर्कल के अंदर लंबे समय बाद वापसी की और कई बाधाओं को पार करते हुए खुद को साबित किया।

4 साल पहले कोस्मो “गुड बॉय” अलेक्सांद्रे के खिलाफ ONE में निराशाजनक डेब्यू के बाद नॉर्थकट के रिटायरमेंट की संभावनाएं भी जोर पकड़ने लगी थीं। वो जब ठीक हो रहे थे तो ऑलराउंड स्किल सेट में सुधार के लिए उन्होंने खुद को पूरी तरह झोंक डाला, जिसका परिणाम मुजतबा के खिलाफ देखने को मिला।

मुजतबा के जैब से बच निकलने के बाद पूर्व कराटे फाइटर ने स्ट्राइकिंग के दौरान अपने प्रतिद्वंदी के पैर को जकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत हील हुक लगाया, जिसका कोई तोड़ नहीं था। ये देख डेनवर के दर्शक शोर मचाने के लिए उत्साहित हो गए।

ग्लोबल स्टेज पर 27 साल के एथलीट की बेहतरीन वापसी उन सभी के लिए प्रेरणा का काम करेगी, जिन्होंने अपनी जिंदगी में कई तरह की समस्याओं का सामना किया है। ऐसे में “सुपर” सेज एक ऐसे उदाहरण के रूप में सामने आए हैं, जिन पर लोग भरोसा कर सकते हैं कि सही दिशा में मेहनत, दृढ़ता और मजबूत इरादों के साथ कुछ भी संभव है।

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में और

Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Tye Ruotolo celebrates his title win over Christian Lee at The Inner Circle 37
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Nazareth Lalthazuala Jake Bron ONE Friday Fights 144 2
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Christian Lee celebrates after beating Alibeg Rasulov ONE 173 1
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Lucas Gabriel makes his way to the ring at ONE Fight Night 44
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.