‘वो कभी शॉर्टकट नहीं लेते’: डिमिट्रियस जॉनसन के दोस्त ने बताया क्या चीज उन्हें महान बनाती है

Demetrious Johnson defeats Danny Kingad at ONE CENTURY DC IMGL7864 768x512

पूरी दुनिया डिमिट्रियस “माइटी माउस” जॉनसन को सबसे महान फ्लाइवेट मिक्स्ड मार्शल आर्टिस्ट के रूप में जानती है, लेकिन क्रिस गोरहम एक सेलिब्रिटी के पीछे छिपे इंसान को करीब से जानते हैं।

जॉनसन गुरुवार, 8 अप्रैल को “ONE on TNT I” में एड्रियानो “मिकीन्यो” मोरेस को उनके ONE फ्लाइवेट वर्ल्ड टाइटल के लिए चुनौती देंगे। अपने अगले मैच से ज्यादा वो एक अच्छे पिता, अच्छे पति और अच्छे दोस्त होने पर ध्यान दे रहे हैं।

गोरहम ने कहा, “वो किसी आम व्यक्ति की तरह जीवन व्यतीत करते हैं और ना ही खुद को बहुत बड़ा सेलिब्रिटी मानते हैं। उनके पास रहकर आपको कभी किसी सेलिब्रिटी का अहसास ही नहीं होगा।”

“वो खुद को दूसरा से अच्छा नहीं मानते, अन्य लोगों की तरह अपने परिवार से बहुत प्यार करते हैं और अपने करीबियों के साथ समय बिताना पसंद करते हैं।”

गोरहम 6 साल पहले जॉनसन के पड़ोस में आकर बसे थे और वो कॉम्बैट स्पोर्ट्स के फैन नहीं रहे हैं। यहां तक कि वो ये भी नहीं जानते थे कि उनके पड़ोस में कितना बड़ा सेलिब्रिटी रह रहा है।

उन्होंने कहा, “किसी ने एक दिन मुझसे कहा, ‘क्या तुम्हें पता है तुम्हारे पड़ोसी कौन हैं।'”

“मैं उस समय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स को फॉलो नहीं करता था इसलिए मुझे लगा कि कोई सिएटल सीहॉक या मरीनर्स टीम का कोई खिलाड़ी होगा। उस व्यक्ति ने मुझे बताया कि ‘माइटी माउस’ तुम्हारे पड़ोसी हैं।’ मैंने कहा कि इस नाम के व्यक्ति को मैं नहीं जानता।

“उसने कहा, ‘डिमिट्रियस जॉनसन!’ लेकिन इस बार भी मैं इस नाम से अंजान था। शायद जॉनसन के साथ मेरी दोस्ती का भी यही कारण है कि मैं उन्हें किसी आम व्यक्ति की तरह ही देखता हूं।”



गोरहम ने 12 बार के मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स वर्ल्ड चैंपियन को लॉन में घास काटते और किसी आम व्यक्ति की तरह अपने बच्चों के साथ खेलते भी देखा है।

दोनों के बीच बातें शुरू होने के बाद उन्हें एक-दूसरे के बीच काफी समानताओं का भी अहसास हुआ।

गोरहम ने कहा, “लोग अपने पिता को टीवी पर परफॉर्म करते देख जरूर खुश होते होंगे। हमें कुछ समय बाद अहसास हुआ कि हमें वीडियो गेम खेलना बहुत पसंद है।”

“हम काफी समय गेम खेलते हुए बिताते हैं। हमारे बच्चे और परिवार काफी समय से साथ हैं और एक-दूसरे को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। जॉनसन मेरे लिए भाई की तरह हैं।”

साथ में वीडियो गेम खेलने से गोरहम और जॉनसन के संबंध और भी गहरे हो गए हैं। अच्छा पिता बनने के लिए उन्हें काम के लिए घर से बाहर भी रहना होता है, लेकिन जब भी खाली समय मिलता है वो साथ में गेम खेलना नहीं भूलते।

चाहे मैडन NFL हो, वर्ल्ड ऑफ वॉरक्राफ्ट, कॉल ऑफ ड्यूटी, ऐस्केप फ्रॉम टारकोय या फिर कोई और गेम, हमें साथ में मस्ती करना पसंद है।

उन्होंने मज़ाकिया अंदाज में कहा, “वो मेरी तरह गेमर हैं, मेरे जितने अच्छे नहीं लेकिन ज्यादा बुरे भी नहीं हैं।”

“माइटी माउस” हमेशा कहते आए हैं कि उनकी सफलता का राज निरंतर कड़ी मेहनत करना है और गोरहम ने भी इस बात की पुष्टि की है।

उनके पड़ोसी महान मिक्स्ड मार्शल आर्टिस्ट की कड़ी मेहनत और उन्हें किस चीज से प्रेरणा मिलती है, उससे भी अच्छी तरह वाकिफ हैं।

गोरहम ने बताया, “मुझे लगता है कि जॉनसन को उनके जीवन की संघर्षपूर्ण शुरुआत प्रोत्साहित करती है। उन्होंने साबित किया है कि कड़ी मेहनत का फल हमेशा मीठा ही होता है और अगर हम एक ही चीज पर पूरा ध्यान लगाएं तो उसे करने में हमें दिक्कत भी नहीं आती।”

“उनका परिवार भी उनके लिए बड़ी प्रेरणा का स्रोत है। वो जीरो लेवल से शुरुआत कर आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। मुझे लगता है वो जो भी काम करते हैं, हर बार उनका लक्ष्य टॉप पर पहुंचना ही होता है।

“वो कभी खुद से संतुष्ट नहीं हुए हैं और हमेशा कड़ी मेहनत करने में विश्वास करते हैं। वो मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में एकदम परफेक्ट हैं। उनके अच्छे प्रदर्शन के पीछे गेमिंग या उनके नए जर्मन शेफर्ड कुत्ते का भी योगदान हो सकता है, उनके सभी कामों की एनर्जी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में ही सम्मिलित हो जाती है। वो कभी छुट्टी नहीं लेते और ना कभी शॉर्टकट की राह चुनते हैं।”

American star Demetrious Johnson celebrates his ONE Flyweight World Grand Prix Championship Final win

दुनिया में करोड़ों लोगों की तरह गोरहम भी अपने दोस्त से प्रेरणा लेते हैं और निरंतर खुद में सुधार का प्रयास करते रहते हैं।

उनके फैंस से उलट वो जॉनसन की सफलता को उनकी जीतों के आधार या सोशल मीडिया फॉलोअर्स के जरिए नहीं आंकते।

गोरहम ने कहा, “सभी जानते हैं कि वो किस तरह के एथलीट हैं और उनकी सफलता किसी से छिपी नहीं है। लेकिन व्यक्तिगत जीवन में वो बहुत अच्छे इंसान हैं और मुझे उनकी यही बात आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है।”

“वो जानते हैं कि हमें कोई चीज मुफ्त में नहीं मिलती और वो ये भी जानते हैं कि उनके जितनी या उससे भी ज्यादा कड़ी मेहनत करने वाले कई और लोग भी हैं।

“वो अपनी सफलता और अपनी मेहनत को एक ही लेवल पर बनाए रखने में सक्षम हैं, लेकिन इससे उन्हें व्यक्तिगत जीवन में कोई नुकसान नहीं झेलना पड़ा है। पत्नी और बच्चों का होना किसी फुल-टाइम जॉब की तरह है और वो हमेशा इसी तरह की मानसिकता को बनाए रखने में भी समर्थ हैं।”

ये भी पढ़ें: डिमिट्रियस जॉनसन ने एड्रियानो मोरेस को हराने का प्लान बनाया

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में और

Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Tye Ruotolo celebrates his title win over Christian Lee at The Inner Circle 37
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Nazareth Lalthazuala Jake Bron ONE Friday Fights 144 2
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Christian Lee celebrates after beating Alibeg Rasulov ONE 173 1
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Lucas Gabriel makes his way to the ring at ONE Fight Night 44
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.