इन 5 कारणों से आपको ONE 159: De Ridder Vs. Bigdash जरूर देखना चाहिए

Reinier de Ridder Andre Galvao ONE X 1920X1280 3 768x512

ये ONE Championship के लिए सच में एक शानदार सप्ताह होने जा रहा है।

दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन द्वारा इसी हफ्ते यूएस में Prime Video के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, लेकिन दूसरी तरफ दुनिया के करीब दो दर्जन एथलीट सर्कल में उतरने के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं।

इस शुक्रवार, 22 जुलाई को प्रोमोशन सिंगापुर इंडोर स्टेडियम से ONE 159: De Ridder Vs. Bigdash का लाइव प्रसारण करेगा। इस दौरान MMA, मॉय थाई और किकबॉक्सिंग के 11 मुकाबलों के साथ ये इवेंट जबरदस्त एक्शन की गारंटी देने वाला है।

अब इवेंट वाली शाम बस कुछ ही दिन दूर है। ऐसे में आइए उन 5 वजहों पर नजर डालते हैं, जिनके चलते आपको ONE 159 जरूर देखना चाहिए।

ONE मिडलवेट वर्ल्ड टाइटल मुकाबला

मेन इवेंट वाली रात में दुनिया के दो सबसे अच्छे मिडलवेट MMA फाइटर्स खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगे।

रीनियर डी रिडर अब तक अपने करियर में पूरी तरह से अपराजित रहे हैं। “द डच नाइट” के नाम जबरदस्त 15-0 का रिकॉर्ड है, जिसमें उनका फिनिशिंग रेट शानदार रूप से 87 प्रतिशत का है। म्यांमार के स्पोर्ट्स आइकॉन आंग ला न संग को लगातार दो बार हराकर वो ONE मिडलवेट और लाइट हेवीवेट वर्ल्ड टाइटल्स पर कब्जा जाम चुके हैं।

खासकर, ONE में अपने कार्यकाल के दौरान यूरोपियन एथलीट ने अपने विरोधियों के खिलाफ जीत को सच में आसान बना दिया। इसमें उन्होंने अपने साइज, ग्रैपलिंग की प्रतिभा और जबरदस्त दबाव का इस्तेमाल करते हुए सामने खड़े हर प्रतिद्वंदी को पराजित कर दिया।

हालांकि, डी रिडर के शानदार रिकार्ड को तोड़ने और उनकी एक प्रतिष्ठित बेल्ट पर कब्जा जमाने वाले एथलीट के तौर पर विटाली बिगडैश सामने आ सकते हैं।

ताकतवर रूसी एथलीट ने अपनी शक्तिशाली रेसलिंग स्किल्स और स्टैंड-अप फाइट के प्रभाव का काफी इस्तेमाल किया है। इसी के दम पर उन्होंने अपने नाम 12-2 का करियर रिकॉर्ड, 83 प्रतिशत का फिनिशिंग रेट और ONE मिडलवेट वर्ल्ड टाइटल मुकाबले में शामिल होने का मौका हासिल किया है।

बिगडैश को आज तक लगता है कि उनका राज समय से पहले तब समाप्त हो गया था, जब जजों ने जून 2017 में रीमैच के दौरान आंग ला न संग को सर्वसम्मत निर्णय से विजयी घोषित करके बेल्ट से सम्मानित कर दिया था। इसके चलते रूसी एथलीट को कठिन समय का सामना करना पड़ा, लेकिन अब 5 साल और 22 दिनों के बाद उनके पास आखिरकार इस खिताब को फिर से हासिल करने का मौका है। उन्हें आज भी ये महसूस होता है कि वो उस मुकाबले में कभी हारे नहीं थे।

एक ONE अंतरिम एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल मुकाबला

इस शो के मेन इवेंट में सिर्फ एक ही वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच नहीं है बल्कि को-मेन इवेंट में जेनेट टॉड का सामना लारा फर्नांडीज से ONE अंतरिम एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए होगा।

पहले फरवरी 2019 में ONE एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप मुकाबले में स्टैम्प फेयरटेक्स से हारने के बाद टॉड ने निर्णायक अंदाज में वापसी की। उन्होंने अपने अगले छह मुकाबले जीते, तीन विरोधियों को नॉकआउट किया और यहां तक कि स्टैम्प को हराकर ONE एटमवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल पर भी कब्जा जमाया।

अब उनके पास ONE Championship के इतिहास में दूसरी दो-स्पोर्ट क्वीन बनने का मौका है, लेकिन उनके रास्ते में फर्नांडीज खड़ी हैं, जो प्रोमोशन के अपने पहले ही मैच में चमकना चाहती हैं।

भले ही स्पेन की एथलीट संगठन में नई हों, लेकिन वो एक माहिर एथलीट हैं। आखिरकार, वो एक WBC मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन और दो बार की ISKA किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन हैं। ऐसे में वो जानती हैं कि टॉप लेवल पर मुकाबला करने के लिए कितना जोर लगाना पड़ता है।

इन बातों को ध्यान में रखते हुए फर्नांडीज से कोई भी मौका छोड़ने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। वो जानती हैं कि डेब्यू मुकाबले में वर्ल्ड टाइटल खिताब के लिए चुनौती देने का मौका मिलना बहुत ही दुर्लभ होता है इसलिए वो इस मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगी।

किकबॉक्सिंग का असली रोमांच

ONE 159 में मॉय थाई और MMA का काफी सारा एक्शन शामिल है। कार्ड में केवल एक ही किकबॉक्सिंग मुकाबला शामिल है और वो एक गजब का मैच लग रहा है।

झांग पेइमियान भले ही युवा हों, लेकिन वो एक शानदार एथलीट नजर आते हैं। Road To ONE: China के माध्यम से ONE Championship रोस्टर का टिकट हासिल करने के बाद 18 साल के एथलीट ने मार्च में पूर्व ONE वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर जोश टोना को प्रोमोशन के अपने डेब्यू मैच में नॉकआउट कर दिया था।

इस कारनामे की वजह से युवा सितारे ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। अगर अब वो असलानबेक ज़िक्रीव के खिलाफ एक और जीत हासिल कर लेते हैं तो वो निश्चित रूप से अपनी स्थिति को काफी मजबूत कर लेंगे।

हालांकि, रूसी एथलीट ने काफी कम समय में ग्लोबल स्टेज पर अपना प्रभाव छोड़ा है। पूर्व ONE वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर वांग जनगुआंग को अपने गजब के हमले से बाहर का रास्ता दिखाकर वो #2 रैंक के स्ट्रॉवेट मॉय थाई कंटेंडर का स्थान हासिल कर चुके हैं।

ज़िक्रीव दोनों स्ट्राइकिंग विधाओं में काफी सहज महसूस करते हैं। अगर सिंगापुर में वो तेजी से आगे बढ़ रहे झांग को रोक देते हैं तो हो सकता है कि शायद वो वर्ल्ड टाइटल का मौका हासिल कर पाएं।

स्ट्रॉवेट MMA की धाकड़ बाउट

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स का कुछ सबसे रोमांचक एक्शन स्ट्रॉवेट डिविजन में भी होता है। चार फाइटर्स शुक्रवार की शाम को अपनी प्रतिष्ठा को और मजबूत करने के लिए इसमें मुकाबला करेंगे।

इसमें मेन कार्ड की शुरुआत डेनियल विलियम्स करेंगे, जो कि मॉय थाई स्पेशलिस्ट हैं और MMA में लगातार चार जीत के सिलसिले को बरकरार रखे हुए हैं। उनका सामना Road To ONE: China के विजेता एथलीट ज़ेलांग झाशी से होगा, जो विलियम्स की योजना पर पानी फेरना चाहेंगे।

फैंस को इसके बाद टॉप 5 कंटेंडर्स के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा, जिसमें #2 रैंक के बोकांग मासूनयाने की भिड़ंत #3 रैंक के हिरोबा मिनोवा से होगी।

ये दोनों ही एथलीट मुश्किल हार के बाद वापसी कर रहे हैं। ऐसे में दोनों ही शानदार प्रदर्शन करके फिर से ONE स्ट्रॉवेट चैंपियनशिप मैच में शामिल होना चाहेंगे। दोनों ही एथलीट के करियर में ये सबसे अहम पड़ाव है क्योंकि यहां पर हार होने से वो खिताब की रेस बाहर हो सकते हैं।

ग्रैपलर्स का शानदार मैच

आखिर में ONE 159 में दो वर्ल्ड क्लास ग्रैपलर्स के बीच एक लाइटवेट मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स का मुकाबला है, जिन्होंने अपनी सबमिशन स्किल्स के साथ इस खेल में सफलता हासिल की है।

ग्राउंड पर मरात गफूरोव एक बड़ा खतरा हैं, जिन्होंने अपने करियर की 67 प्रतिशत जीत सबमिशन से हासिल की हैं। वास्तव में, अक्टूबर 2014 में अपनी पहली प्रोमोशनल बाउट के साथ शुरुआत करते हुए उन्होंने ONE फेदरवेट वर्ल्ड टाइटल के सफर में लगातार छह रीयर-नेकेड चोक से सबमिशन जीत हासिल की थीं।

इसके विपरीत, एरियल सेक्सटन ने सबमिशन के माध्यम से अपनी 77 प्रतिशत जीत हासिल की हैं। हालांकि, इसमें सबसे खास बात ये है कि ग्रेसी ब्लैक बेल्ट एथलीट रिवर्स ट्रायंगल की-लॉक के माध्यम से दो जीत अर्जित कर चुके हैं, जो साबित करता है कि वो डिविजन के सबसे रचनात्मक और खतरनाक सबमिशन एथलीट्स में से एक हैं।

उनकी गजब की ग्रैपलिंग और कम आंकी जाने वाली स्ट्राइकिंग के बीच फैंस को काफी मजा आने वाला है।

किकबॉक्सिंग में और

Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.
Nabil Anane Hiromi Wajima ONE 173 21
Jonathan Haggerty (L) | Hiroki Akimoto (R)
Aslanbek Zikreev Wang Junguang inside the matrix iv 2 600x400
Muay Thai fighters Suriyanlek Por Yenying and Rustam Yunusov face off ahead of The Inner Circle 34
Jonathan Haggerty