ONE Championship 31 मार्च को टोक्यो में अपने पहले शो के साथ जापान में मार्शल आर्ट्स के नए युग की शुरुआत करेगा।
चार वर्ल्ड चैंपियनशिप मुकाबलों से सजे ONE: A NEW ERA को बिना किसी संदेह के ONE Championship के इतिहास का सबसे बड़ा इवेंट माना जा रहा है। मेन इवेंट में ONE लाइटवेट वर्ल्ड चैंपियन एडुअर्ड फोलायंग अपनी बेल्ट को जापानी मार्शल आर्ट्स आइकॉन शिन्या एओकी के खिलाफ रीमैच में डिफेंड करेंगे।
तीन को-मेन इवेंट्स में से एक में ONE विमेंस एटमवेट वर्ल्ड चैंपियन एंजेला ली वेट क्लास बदलकर इतिहास रचने की कोशिश करेंगी। उनका लक्ष्य पहली महिला दो-डिविजन मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स वर्ल्ड चैंपियन बनना है। उनके रास्ते में खड़ी हैं चीन की ताकतवर फाइटर जिओंग जिंग नान, जो ONE विमेंस स्ट्रॉवेट वर्ल्ड चैंपियन हैं।
इसके अलावा दो डिविजन के ONE वर्ल्ड चैंपियन आंग ला न संग अपने मिडलवेट खिताब को जापानी कंटेंडर केन हासेगावा के खिलाफ डिफेंड करेंगे। ये उनकी 2018 “बाउट ऑफ द ईयर” का शानदार रीमैच होगा, जो इस बार चैलेंजर के घरेलू मैदान पर लड़ा जाएगा।
अंत में ONE बेंटमवेट वर्ल्ड चैंपियन केविन बेलिंगोन तीसरी बार बिबियानो फर्नांडीस का सामना करेंगे, ताकि हमेशा के लिए तय हो सके कि दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बेंटमवेट फाइटर कौन है।