सबमिशन से मैच जीतने के बाद आगे भी जीत के सिलसिले को जारी रखना चाहते हैं रोशन मैनम

Roshan Mainam Liu Peng Shuai 1920X1278 3 768x511

शुक्रवार, 9 अक्टूबर को सिंगापुर में हुए ONE: REIGN OF DYNASTIES में भारतीय स्टार रोशन मैनम ने ONE हेफेई फ्लाइवेट टूर्नामेंट चैंपियन लिउ पेंग शुआई को रीयर-नेकेड चोक से हराकर शानदार जीत अपने नाम की।

ONE Championship में ये मैनम का दूसरा मुकाबला और दूसरी जीत थी। उन्होंने अपने इस मैच को भी सबमिशन के जरिए जीता। दरअसल, बाउट से पहले इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि वो मुकाबले को दूसरे राउंड तक समाप्त कर देंगे और बिल्कुल वैसा ही किया। लंबे समय बाद सर्कल में उतरकर जीत हासिल करने को लेकर वो काफी प्रसन्न थे।

उन्होंने कहा, “मैं मैच जीतने के बाद बहुत खुश हो गया था। ऐसा अहसास हो रहा था कि मानो कोई सपना देख रहा हूं।”

24 वर्षीय स्टार बाउट में अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर आश्वस्त थे, मगर मैच से पहले उनके ज़ेहन में कई तरह के भाव उमड़कर आ रहे थे।

मैनम ने इस बारे में बताया, “मैच से एक दिन पहले तक बहुत उत्साहित था, मगर मैच वाले दिन सोच रहा था कि हार गया तो क्या होगा क्योंकि भारत और मेरे होमटाउन में काफी सारे फैंस इस मुकाबले का इंतजार कर रहे थे। मुझे खुद पर पूरा भरोसा था, लेकिन दिमाग में काफी बातें चल रही थी।”

हालांकि, एक बार सर्कल में उतरने के बाद उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। रेसलिंग बैकग्राउंड से आने वाले मैनम ने इस मुकाबले में अपनी दमदार स्ट्राइकिंग का प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की थी।



उन्होंने बताया, “मैंने मैच में काफी स्ट्राइकिंग दिखाई थी। अगर ग्राउंड पर खेलना चाहता तो आराम से खेल सकता था। मैंने लंबे समय तक स्ट्राइकिंग की ट्रेनिंग की थी।”

“मैं खुद की स्ट्राइकिंग स्किल्स को टेस्ट करना चाहता था और देखना चाहता था कि सामने वाले की स्ट्राइकिंग का किस तरह से जवाब दे पाता हूं।”

भले ही मैच का परिणाम मैनम के पक्ष में आया हो, लेकिन सर्कल में उतरने के बाद उन्हें विरोधी के गेम प्लान को देखकर अपने खेल में थोड़ा बदलाव करना पड़ा और वो पूरी तरह से कारगर साबित भी हुए।

Evolve टीम के प्रतिनिधि ने कहा, “लिउ के पिछले मैच को देखकर लेफ्ट लेग किक्स को इस्तेमाल करने की रणनीति बनाई और इसी की ट्रेनिंग की थी। लेकिन पेंग शुआई इस मैच में साउथपॉ (बाएं हाथ के) स्टांस से उतरे। मैंने बदले हुए स्टांस को देखकर राइट किक्स का इस्तेमाल किया और एक हेड किक सही निशाने पर भी लगी।”

मणिपुर निवासी एथलीट ने ONE में अपना परफेक्ट रिकॉर्ड कायम रखा है। वो अब अगले मैच के लिए तैयारी में जुट जाएंगे। फिलहाल उनका ध्यान किसी खास प्रतिद्वंदी पर नहीं है।

Roshan Mainam Liu Peng Shuai 1920X1278 13.jpg

उन्होंने कहा, “मेरा पूरा ध्यान ट्रेनिंग पर रहेगा। ONE Championship मुझे जिस भी फाइटर के खिलाफ मैच देगी, मैं उसके लिए पूरी तरह से तैयार रहूंगा।”

“शरीर कुछ दिनों में रिकवर हो जाएगा और फिर उसके बाद हल्की ट्रेनिंग शुरु कर दूंगा।”

भारतीय रेसलिंग चैंपियन को सोशल मीडिया पर जीत के बाद काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली, जिसे लेकर वो खुश हैं। मगर इस खुशी ने उनकी जिम्मेदारी बढ़ा दी है और वो भविष्य में भी ऐसा ही प्रदर्शन करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “लोगों ने अपना प्यार और समर्थन दिया। मेरे मैच जीतने से लोगों को बहुत खुशी मिली, इस बात से दिल को काफी सुकून मिला। मैं यहां रूकना नहीं चाहता, आगे भी लोगों को खुशी के ज्यादा से ज्यादा मौके देना चाहता हूं।”

ये भी पढ़ें: कैसे बीमार पिता के कारण रोशन मैनम को जिंदगी में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा मिली

न्यूज़ में और

Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Johan Ghazali faces Johan Estupinan in a rematch at The Inner Circle 42
Akram Hamidi celebrates his KO win against Kongchai Chanaidonmueang at ONE Friday Fights 66.
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jarred Brooks (L) | Tatsumitsu Wada (R)