ONE Friday Fights 58: Superbon Vs. Grigorian II से जुड़े 5 सबसे बड़े सवाल

Marat Grigorian Sitthichai Sitsongpeenong ONE 165 23 scaled

ONE Friday Fights 58: Superbon vs. Grigorian II एशियाई प्राइमटाइम फैंस के लिए बेहद खास रहेगा।

इस हफ्ते लुम्पिनी बॉक्सिंग स्टेडियम में एक्शन से भरपूर इवेंट्स होंगे। पहले शुक्रवार की शाम और फिर शनिवार की सुबह धमाकेदार इवेंट होंगे।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में होने वाले इन दो इवेंट्स में प्रमोशन के सबसे बड़े सुपरस्टार्स हिस्सा लेंगे और यहां जबरदस्त मैचों की गारंटी है।

आइए शुक्रवार को होने वाले इवेंट से पहले इससे जुड़े हुए मुख्य सवालों पर नजर डालते हैं।

#1 क्या सुपरबोन को मात दे पाएंगे मरात ग्रिगोरियन?

मरात ग्रिगोरियन को इस पीढ़ी के सबसे खतरनाक किकबॉक्सर्स में से एक माना जाता है और वो वर्ल्ड टाइटल के लिए मिले तीसरे मौके का भरपूर फायदा उठाना चाहेंगे।

अर्मेनियाई दिग्गज का सामना पुराने प्रतिद्वंदी सुपरबोन से ONE अंतरिम फेदरवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए होगा और अभी दोनों की प्रतिद्वंदिता का स्कोर 1-1 से बराबर है, जिसमें ग्रिगोरियन आगे निकलने का प्रयास करेंगे।

Hemmers Gym के प्रतिनिधि ने ONE के बाहर 2018 में सुपरबोन को सिर्फ 30 सेकंड में नॉकआउट कर दिया था, लेकिन जब इनका दूसरी बार 2022 में अनडिस्प्यूटेड ONE फेदरवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल के लिए मैच हुआ तो थाई स्ट्राइकर ने पांच राउंड तक दबदबा बनाकर रखा।

अब इस मैच में ग्रिगोरियन, सिटीचाई सिटसोंगपीनोंग को हराकर आ रहे हैं और वो साबित कर चुके हैं कि उनमें अभी भी काफी दमखम बाकी है।

#2 क्या प्राजनचाई इस दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्ट्रॉवेट स्ट्राइकर हैं?

अभी ONE स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन प्राजनचाई पीके साइन्चाई की गिनती दुनिया के सबसे अच्छे स्ट्राइकर्स में होती है, लेकिन अगले मैच में वो खुद को काफी आगे बढ़ा सकते हैं।

थाई सुपरस्टार का सामना अपराजित इटालियन-कनाडाई जोनाथन डी बैला से ONE स्ट्रॉवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल के लिए होगा।

दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में एक बेल्ट जीतना बहुत बड़ी बात है। अगर प्राजनचाई दो खेलों के चैंपियन बन पाए तो उस चुनिंदा ग्रुप का हिस्सा बन जाएंगे, जिन्होंने ये कारनामा किया है।

हालांकि, डी बैला के खिलाफ ऐसा करना कोई आसान काम नहीं है। क्या प्राजनचाई चैंपियन को हराकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम शामिल करवा पाएंगे?

#3 क्या नोंग-ओ में अभी भी दम बाकी है?

मॉय थाई में सालों तक कामयाबी हासिल करने के बाद 37 वर्षीय दिग्गज नोंग-ओ हामा को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन वो साबित करना चाहते हैं कि उनमें अभी भी दम है, जब वो अपने से 12 साल छोटे “लेफ्ट मीटियोराइट” कुलबडम सोर जोर पिएक उथाई से भिड़ेंगे।

पिछले साल इस समय तक थाई स्ट्राइकर ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन थे और लगातार सात बार अपनी बेल्ट को डिफेंड कर चुके थे, जिसमें लगातार पांच नॉकआउट शामिल रहे।

जोनाथन “द जनरल” हैगर्टी के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा और फिर उसके बाद निको “किंग ऑफ द नॉर्थ” कैरिलो ने उन्हें हराया।

अब नोंग-ओ इस मैच को जीतकर अपने आलोचकों के मुंह पर ताला जड़ना चाहेंगे।

#4 क्या फ्लाइवेट डिविजन में नाम कर पाएंगे मुआंगथाई?

“एल्बो ज़ोम्बी” मुआंगथाई पीके साइन्चाई को ONE के सबसे काबिल मॉय थाई फाइटर्स में गिना जाता है, लेकिन वो बेंटमवेट डिविजन के चोटी के स्टार्स के विरुद्ध कुछ खास कमाल नहीं कर पाए।

PK Saenchai टीम के प्रतिनिधि ने वैसे तो शानदार मुकाबले दिए हैं, लेकिन वो वर्ल्ड टाइटल मैच तक पहुंचने में सफल नहीं रहे।

पिछले मुकाबले कैचवेट में करने के बाद अब “एल्बो ज़ोम्बी” इस हफ्ते फ्लाइवेट डिविजन में नाकरोब फेयरटेक्स का सामना करने जा रहे हैं।

अब सवाल यही है कि क्या “एल्बो ज़ोम्बी” इस भार वर्ग में कामयाब हो पाएंगे या फिर यहां मिली हार उन्हें नुकसान पहुंचाएगी?

#5 क्या झांग पेइमियान का जादू फिर चल पाएगा?

“फाइटिंग रूस्टर” झांग पेइमियान ने 2022 में लगातार दो जीत हासिल कर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें डी बैला के खिलाफ स्ट्रॉवेट किकबॉक्सिंग बेल्ट के लिए करीबी मुकाबले में हार का मुंह देखना पड़ा था।

झांग पिछले साल मार्च में टोरेप्ची डोंगक को हराकर इटालियन-कनाडाई चैंपियन के खिलाफ रीमैच हासिल करने के करीब आ गए थे, लेकिन फिर रुई बोटेल्हो के खिलाफ विभाजित निर्णय से मिली हार ने उनकी लय को रोक दिया था।

20 वर्षीय “फाइटिंग रूस्टर” को तैयारी का काफी समय मिला है। वहीं उनके प्रतिद्वंदी अलिफ सोर डेचापैन की बात करें तो वो ONE में 4-0 का रिकॉर्ड बना चुके हैं, जिसमें तीन फिनिश भी शामिल हैं।

अब देखना होगा कि फॉर्म में चल रहे थाई स्टार के खिलाफ झांग का जादू चल पाएगा या नहीं?

किकबॉक्सिंग में और

Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.
Nabil Anane Hiromi Wajima ONE 173 21
Jonathan Haggerty (L) | Hiroki Akimoto (R)
Aslanbek Zikreev Wang Junguang inside the matrix iv 2 600x400
Muay Thai fighters Suriyanlek Por Yenying and Rustam Yunusov face off ahead of The Inner Circle 34
Jonathan Haggerty