फ्लाइवेट मॉय थाई रैंकिंग में नोंग-ओ और शिमोन की छलांग, रोडटंग दो पायदान नीचे खिसके
2026-2027 ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री के यादगार क्वार्टरफाइनल मुकाबलों ने डिविजन की रैंकिंग की तस्वीर बदल दी है और 26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट व टूर्नामेंट की प्रतिष्ठित सिल्वर बेल्ट हासिल करने की दौड़ पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक हो गई है।
डिविजन के मौजूदा और अपराजित चैंपियन असादुला “द दागेस्तान निंजा” इमानगज़ालिएव और #1 रैंक के कंटेंडर असलमजोन “एल पैंटेरा” ओर्तिकोव अब भी सबसे आगे हैं, लेकिन थाई दिग्गज नोंग-ओ हामा और जापानी सनसनी शिमोन योशीनारी क्रमशः #2 और #3 स्थान पर पहुंचकर उन्हें कड़ी चुनौती दे रहे हैं। वहीं पूर्व चैंपियन रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन दो स्थान नीचे खिसककर चौथे नंबर पर आ गए हैं।
फैंस ONE Championship की आधिकारिक एथलीट रैंकिंग यहां देख सकते हैं।
नोंग-ओ को रैंकिंग में ये बढ़त रोडटंग के खिलाफ मिली सर्वसम्मत निर्णय से जीत के बाद हासिल हुई है। दोनों थाई स्टार्स के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला The Inner Circle 38 में 13 नवंबर को हुआ था।
पूर्व ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन ने दूसरे राउंड में एक सटीक एल्बो के बाद बाएं पैर से शानदार हाई किक लगाकर Jitmuangnon Gym के दिग्गज को मैट पर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे तीसरे राउंड में क्लिंच के दौरान अपने प्रतिद्वंदी की वापसी की कोशिशों को नाकाम करते हुए एक और ONE वर्ल्ड टाइटल हासिल करने की अपनी आखिरी मुहिम को जिंदा रखा।
अब दूसरे स्थान पर काबिज Evolve MMA और Superbon Training Camp के दिग्गज सेमीफाइनल में शिमोन से भिड़ेंगे और टूर्नामेंट की प्रतिष्ठित सिल्वर बेल्ट व ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल दोनों को हासिल करने से महज दो जीत दूर हैं।

शिमोन की शानदार जीत भी उतनी ही प्रभावशाली रही। हाल ही में तीन रैंक हासिल करने वाले कंटेंडर ने रमादान “द स्कॉर्पियन” ओन्दाश को ONE Friday Fights 178 में सर्वसम्मत निर्णय से हराया।
पहले राउंड में जबरदस्त अटैक का सामना करने के बाद तकनीकी रूप से कुशल जापानी स्टार ने दूसरे राउंड में आगे बढ़कर नी स्ट्राइक्स और ठोड़ी पर एक सटीक अटैक लगाते हुए अपनी लय हासिल की। फिर तीसरे राउंड में मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाकर उन्होंने ONE में अपना अपराजित रिकॉर्ड बरकरार रखा।
पूर्व WBC मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन अब सेमीफाइनल में नोंग-ओ का सामना करेंगे। दो अलग-अलग पीढ़ियों के स्टार्स के बीच होने वाले इस मुकाबले में एक यादगार फाइट बनने की हर खूबी मौजूद है। 22 वर्षीय स्टार के लिए इससे बड़ा दांव नहीं हो सकता क्योंकि उनका लक्ष्य अपने कजिन और ONE एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नडाका योशीनारी की तरह इस खेल के टॉप पर पहुंचना है।
रैंकिंग में बदलाव यहीं तक सीमित नहीं हैं। रैंकिंग में थोड़ा और नीचे नजर डालें तो अपराजित ब्रिटिश-पाकिस्तानी सनसनी “बैड” उबैद हुसैन ने ग्रां प्री में अपना शानदार सफर जारी रखते हुए ओन्दाश की पांचवीं रैंक हासिल कर पहली बार टॉप पांच में जगह बनाई है।
21 वर्षीय स्टार ने तीन राउंड तक संयम और शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए The Inner Circle 39 में 20 नवंबर को अंतिम चार में जगह पक्की की। उन्होंने ब्लैक पैंथर को सर्वसम्मत निर्णय से हराकर अपना रिकॉर्ड 18-0 कर लिया।
अब उनका सामना एक धमाकेदार सेमीफाइनल में इमानगज़ालिएव से होगा, जो वर्ल्ड टाइटल मुकाबला भी होगा। इमानगज़ालिएव अपने 14 प्रोफेशनल मुकाबलों में अब तक अपराजित हैं। रूसी स्टार ने live.onefc.com पर सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध उसी फाइट कार्ड में ओर्तिकोव के खिलाफ रीमैच में विभाजित निर्णय से करीबी जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई थी।
सेमीफाइनल मुकाबलों की तारीखों और आयोजन स्थलों की घोषणा भविष्य में की जाएगी। इतना तय है कि अंतिम चार फाइटर्स का फैसला हो चुका है और ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री एक ऐतिहासिक फाइनल की ओर तेजी से बढ़ रही है।
