‘मैंने दिखाया कि मैं चैंपियन क्यों हूं’ – असादुला इमानगज़ालिएव ने असलमजोन ओर्तिकोव के खिलाफ रीमैच में करीबी जीत पर बात की

Asadula Imangazaliev celebrates after defeating Aslamjon Ortikov at The Inner Circle 39

किसी ताज का भार इस बात से तय होता है कि उसे कितनी कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ा है। एक ही प्रतिद्वंदी के खिलाफ 10 चुनौतीपूर्ण राउंड्स में मौजूदा ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन असादुला “द दागेस्तान निंजा” इमानगज़ालिएव ने दिखाया कि असली जुझारूपन की पहचान तब होती है, जब मुकाबला बेहद करीबी हो।

23 वर्षीय रूसी स्टार ने #1-रैंक के कंटेंडर असलमजोन “एल पैंटेरा” ओर्तिकोव को विभाजित निर्णय से हराकर पहली बार अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया और 2026-2027 ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड ग्रां प्री के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

चैंपियनशिप के लिए ये रीमैच The Inner Circle 39 का मेन इवेंट था, जिसका आयोजन शुक्रवार, 20 नवंबर को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में हुआ और इसे live.onefc.com पर प्रसारित किया गया।

पहली बेहद करीबी भिड़ंत के पांच महीने बाद इमानगज़ालिएव एक बार फिर रिंग में उतरे। उस मुकाबले के बाद दोनों फाइटर्स को यकीन था कि उन्होंने जीत के लिए पर्याप्त प्रदर्शन किया था। ऐसे में इमानगज़ालिएव जून से चले आ रहे इस विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने के इरादे से आए थे। 

ONE में अपने शुरुआती आठ प्रतिद्वंदियों में से सात को फिनिश करने वाले फाइटर के लिए पिछले मुकाबले का विवादित नतीजा अपनी श्रेष्ठता साबित करने की एक और वजह था।

शुरुआती राउंड में उन्होंने लगातार हमले करने के बजाय सटीक और सोच-समझकर वार करने की रणनीति अपनाई। उज़्बेक चैलेंजर के तेज कॉम्बिनेशंस का उन्होंने सटीक काउंटर अटैक से जवाब दिया। जब मुकाबले के बीच में ओर्तिकोव ने लय पकड़नी शुरू की तो मौजूदा चैंपियन समझ गए कि अब उन्हें अपनी रणनीति बदलनी होगी।

अपराजित रूसी स्टार ने onefc.com को बताया:

“सब कुछ हमारी योजना के मुताबिक हुआ। यही हमारा गेम प्लान था। हम पहले राउंड में पिछली बार की तरह फाइट करना चाहते थे और उसके बाद के लिए हमारे पास एक अलग गेम प्लान था।

“कभी-कभी आपको परिस्थितियों के हिसाब से बदलाव करने पड़ते हैं और मैं इसके लिए तैयार था। मैंने अपना गेम प्लान बदला और उसी के मुताबिक फाइट की।”

Asadula Imangazaliev attacks Aslamjon Ortikov at The Inner Circle 39
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

उनकी पहली पांच राउंड की रोमांचक भिड़ंत की तरह ही ये रीमैच भी बेहद करीबी रहा। दोनों स्ट्राइकर्स ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी और चैंपियनशिप राउंड्स के दौरान सटीक बॉक्सिंग, दमदार किक्स और जोरदार प्रहारों का आदान-प्रदान करते हुए पीछे हटने से इनकार कर दिया।

जब मुकाबला खत्म होने की अंतिम घंटी बजी तो दोनों में से कोई भी स्पष्ट बढ़त हासिल नहीं कर पाया था। ऐसे में जजों को एक बार फिर बेहद मुश्किल फैसला सुनाना था। लेकिन एरीना में मौजूद बहुत कम लोगों को अंदाजा था कि मौजूदा चैंपियन कितनी बड़ी परेशानियों का सामना करते हुए इस मुकाबले में उतरे थे।

उन्होंने कहा:

“शायद मैं तीसरा राउंड हार गया था, लेकिन मुझे लगता है कि मैंने हर राउंड जीता। इस फाइट कैंप के दौरान मेरे हाथ में बहुत दर्द था। स्पारिंग करते समय मैंने एक फाइटर पर पंच लगाया और उसके बाद मेरा दायां हाथ काम करना बंद कर गया।

“मैं इस फाइट से अपना नाम वापस नहीं लेना चाहता था क्योंकि मैं ONE Championship और सभी फैंस का सम्मान करता हूं। मुझे पता था कि बहुत सारे लोग इस फाइट का इंतजार कर रहे थे। इसलिए मैं फाइट करने उतरा और मैंने दिखाया कि मैं चैंपियन क्यों हूं।”

छह महीने से भी कम समय में उसी खतरनाक प्रतिद्वंदी का दोबारा सामना करना, जो उनकी हर मूवमेंट और अटैक की टाइमिंग को अच्छी तरह समझता था, इसका मतलब था कि उन्हें दूसरी बार भी जजों के स्कोरकार्ड का बेचैनी से इंतजार करना पड़ा।

जब जजों ने एक बार फिर विभाजित निर्णय से उनकी जीत की घोषणा की तो इमानगज़ालिएव ने राहत की सांस ली। उन्होंने इस तरह की कामयाबी हासिल करने के लिए अपने परिवार से दूर कई महीने बिताए थे।

“द दागेस्तान निंजा” ने कहा:

“ये मेरे लिए हैरानी की बात थी क्योंकि मुझे पूरा यकीन था कि मैं जीत गया हूं। जब विभाजित निर्णय की घोषणा होती है तो आप घबरा जाते हैं क्योंकि आपको नहीं पता होता कि क्या हो सकता है। लेकिन मैं जीत गया।

“मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है। मैंने पूरी जिंदगी इस पल के लिए मेहनत की है। अल्लाह मेरे साथ हैं। मैं इस जीत का हकदार हूं। असलमजोन के साथ मेरी ये प्रतिद्वंदिता समाप्त हो चुकी है।”

Asadula Imangazaliev celebrates after defeating Aslamjon Ortikov at The Inner Circle 39
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

इमानगज़ालिएव की नजरें अब ग्रां प्री के सेमीफाइनल में सिल्वर बेल्ट पर

इवेंट के सबसे बड़े मुकाबले से कुछ ही समय पहले असादुला इमानगज़ालिएव के ब्रैकेट के दूसरे क्वार्टरफाइनल का नतीजा भी सामने आ गया था। अपराजित ब्रिटिश-पाकिस्तानी स्ट्राइकर उबैद “बैड” हुसैन ने को-मेन इवेंट में तीन राउंड तक शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन के Venum Training Camp और Team Mehdi Zatout के साथी ब्लैक पैंथर को मात दी।

21 वर्षीय स्टार ने अपना रिकॉर्ड 18-0 कर लिया और अंतिम चार में जगह पक्की की। अब सेमीफाइनल में उनका सामना फ्लाइवेट चैंपियन से होगा, जहां एक बार फिर 26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट दांव पर होगी।

हालांकि जीत हासिल करने वाले दोनों स्ट्राइकर्स के बीच बाद में जोरदार फेसऑफ हुआ, लेकिन उससे पहले 23 वर्षीय चैंपियन का पूरा ध्यान सिर्फ अपने मुकाबले पर था।

उन्होंने बताया:

“इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं चैंपियन हूं। मैं अपने प्रतिद्वंदियों को नहीं चुनता।

“मैंने वो फाइट नहीं देखी क्योंकि मेरा ध्यान अपनी फाइट पर था। उन्हें बधाई और अगर वही मेरे अगले प्रतिद्वंदी हैं तो कोई परेशानी नहीं है।”

Asadula Imangazaliev faces off against Hussain at The Inner Circle 39
फोटो क्रेडिट: ONE Championship

अपने रास्ते में आने वाले लगभग हर प्रतिद्वंदी को धूल चटाने से लेकर अपने युवा करियर की दो सबसे कठिन भिड़ंतों में जीत हासिल करने तक, इमानगज़ालिएव 14-0 के रिकॉर्ड के साथ अपराजित बने हुए हैं। अब सेमीफाइनल में उनका सामना एक और अपराजित प्रतिद्वंदी से होगा और चैंपियन ने ये साफ कर दिया है कि वो अपने डिविजन की गोल्ड बेल्ट के साथ ग्रां प्री की सिल्वर बेल्ट भी अपने नाम करना चाहते हैं। 

टूर्नामेंट के दूसरे ब्रैकेट में पूर्व ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नोंग-ओ हामा और जापानी सनसनी शिमोन योशीनारी के बीच मुकाबला होना है। 

हालांकि इमानगज़ालिएव को नोंग-ओ के साथ रीमैच करने में खुशी होगी, जिन्हें उन्होंने इस साल की शुरुआत में The Inner Circle 7 में दूसरे राउंड में नॉकआउट से हराया था।

उन्होंने अंत में कहा:

“मुझे लगता है कि ये बहुत अच्छी फाइट होगी, लेकिन 51 प्रतिशत संभावना है कि शिमोन जीतेंगे।”

न्यूज़ में और

Asadula Imangazaliev celebrates after defeating Aslamjon Ortikov at The Inner Circle 39
ONE returns to China with Tang Kai vs. Baatarkhuu and Di Bella vs. Wang Junguang at ONE 174: Shanghai
Asadula Imangazaliev lands a kick to Aslamjon Ortikov's midsection at The Inner Circle 39.
05 Asadula Imangazaliev vs Aslamjon Ortikov 1
Asadula Imangazaliev attacks Aslamjon Ortikov at The Inner Circle 20
Eduard Folayang celebrates Joshua Pacio's ONE Strawweight MMA World Title win
Joshua Pacio and Jarred Brooks face off ahead of their ONE Strawweight MMA World Title fight
Tang Kai poses after beating Shamil Gasanov ONE Fight Night 43 33
Joshua Pacio celebrates his title victory over Mansur Malachiev at The Inner Circle 21
Keito Yamakita makes his way to the ring against Koyuru Tanoue at ONE SAMURAI 2
Nong O Hama Rodtang Jitmuangnon The Inner Circle 38 14
Anar Mammadov Superlek Jitmuangnon ONE Friday Fights 178 9