उभरते हुए मॉय थाई स्टार जोश हिल ONE डेब्यू में खुद को साबित करने के लिए उत्साहित

JoshHill ISKAChamp 1200X800 768x512

जोश हिल ने ONE Championship के साथ करार करके अपना सपना सच कर दिखाया है। अब वो अपने मार्शल आर्ट्स के सफर को आगे ले जाने के लिए उत्साहित हैं।

करियर के सबसे बेहतरीन साल के रूप में उन्होंने 2022 में लगातार 6 जीत और कई प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किए हैं। ऐसे में ब्रिटेन के उभरते हुए स्टार 20 जनवरी को ONE Friday Fights 1 में अपना प्रोमोशनल डेब्यू करेंगे, जहां वो लाइटवेट मॉय थाई कॉन्टेस्ट में ईरान के कीवन सोलेमानी का सामना करेंगे।

Majestic Gym के प्रतिनिधि के लिए सच में ये बहुत बड़ा पल होगा।

हालांकि, पिछले साल सितंबर में Rajadamnern Stadium मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन कोंगजाक पोर पाओ-इन को पराजित करने और एक महीने बाद अपना पहला प्रोफेशनल मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल जीतने के बाद हिल का मानना है कि वो दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में बुलावे के असली हकदार थे।

23 साल के एथलीट ने कहाः

“सच में 2022 मेरे लिए अब तक का सबसे बेहतर साल रहा। मेरा मानना है कि ये तभी संभव हो पाया, जब मैंने खुद पर ज्यादा दबाव नहीं डाला। आमतौर पर, मैं सोचता हूं कि चीजें किस ओर ले जा सकती हैं और वहां से किस तरफ जा सकती हैं। बीता साल उन सब बेहतरीन एथलीट्स को लेकर था, जिनसे मैंने मुकाबला किया था।

“मैं इस बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहा था कि चीजें मुझे कहां ले जाएंगी। मैं बस खुद को साबित करना चाहता था। कोंगजाक उनमें से एक ऐसा नाम थे, जिनके साथ मैं रिंग में बाउट करना चाहता था।”

हिल ने बीते साल अक्टूबर में ISKA मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए थाई दिग्गज नौज़ेट ट्रुजिलो पर जीत हासिल करके उसका पूरा फायदा उठाया था। इसके बाद चीजें अपने आप तेजी से आगे बढ़ती गईं। वो हमेशा खेल के दिग्गजों के साथ ही सर्कल के अंदर जाना चाहते हैं और फिर कुछ नई जीतों से मिली प्रशंसाओं के बाद इसका मौका भी आ गया।

हालांकि, इतनी दूर पहुंचने के बावजूद हिल पूरी तरह से संतुष्ट नहीं हैं। ONE Championship के सबसे मशहूर स्टार्स के साथ सर्कल के अंदर मुकाबले करके वो दिखाना चाहते हैं कि वो भी उनके स्तर के ही हैं।

ब्रिटिश एथलीट ने बतायाः

“मुझे जब इसमें शामिल होने का प्रस्ताव मिला था तो ये मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। मैं जानता था कि अगर मैं ONE के बाहर बड़े नाम वाले एथलीट्स से मुकाबले करूंगा तो वो कुछ समय के लिए ही होगा, जब तक मुझे वहां से फाइट करने का बुलावा नहीं आ जाता।

“मेरे कोच हमेशा कहते थे कि वर्ल्ड टाइटल जीतना करियर की शुरुआत भर है। बस यहीं से सारे अवसर खुल जाते हैं। ऐसे में मेरे लिए वर्ल्ड टाइटल जीतना ONE में जाने और ये साबित करने के लिए महज एक कदम है कि मैं सबसे बेहतरीन वर्ल्ड चैंपियंस के साथ हूं।

“ONE Championship हमेशा से मेरा अंतिम लक्ष्य रहा है क्योंकि यहीं पर सभी सुपरस्टार्स मौजूद हैं। यहीं पर सारे दिग्गज फाइटर्स हैं और ये वो एथलीट्स हैं, जिनके साथ रिंग में साबित करना चाहता हूं कि मैं भी उनके बराबर हूं।”

कीवन सोलेमानी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करना चाहते हैं जोश हिल

भले ही जोश हिल ONE Championship में आकर रोमांचित हों, लेकिन उनके लिए सबसे जरूरी है कि वो यहां लंबे समय तक टिके रहें। ऐसा इसलिए क्योंकि कीवन सोलेमानी के खिलाफ उनकी पहली ही बाउट काफी चुनौतीपूर्ण होने वाली है।

उभरते हुए ब्रिटिश एथलीट जानते हैं कि 20 जनवरी को मैच के दौरान सोलेमानी उन पर भरपूर हमले करने की कोशिश करेंगे, लेकिन वो ताकतवर ईरानी फाइटर से भिड़ने के लिए खुद को पूरी तरह तैयार महसूस कर रहे हैं।

हिल ने कहाः

“कीवन सोलेमानी एक बहुत ही ताकतवर फाइटर हैं। वो आगे आकर अपने हाथों से आक्रामक हमले करते हैं। वो बेयर नकल (खाली हाथ) फाइट कर चुके हैं, हाथ पर रस्सी बांधकर फाइट कर चुके हैं और MMA ग्लव्स पहनकर भी। ऐसे में अब वो रूल सेट के लिए अभ्यस्त होने जा रहे हैं। मुझे पता है कि वो बाउट के दौरान बेहद आक्रामक रहेंगे।

“उन्होंने बयान दिया था कि फाइट के अंत तक हम में से कोई अचेत हो जाएगा इसलिए मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं। मुझे पता है कि वो कैसे मुकाबला करेंगे और लगता है कि मैं उनका सामना करने में सक्षम हूं। अब मैं इस बाउट में उतरने के लिए बेकरार हूं और देखना चाहता हूं कि ये किस ओर रुख करती है।”

लुम्पिनी स्टेडियम में ONE के ऐतिहासिक पहले कार्ड पर डेब्यू करते हुए अपने करियर की बड़ी महत्वाकांक्षाओं के साथ हिल लाइटवेट डिविजन में एक बड़े खतरे के रूप में खुद को साबित करने के लिए बहुत उत्सुक हैं।

हालांकि, ब्रिटिश एथलीट जानते हैं कि एक दबदबे वाली जीत उन्हें टॉप कंटेंडर्स की सूची में शामिल कर देगी।

उन्होंने आगे कहाः

“मैं वहां जाना चाहता हूं और जीत दर्ज करके दिखाना चाहता हूं। मैं ये साबित करना चाहता हूं कि मैं वहां पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फाइटर्स में से एक हूं और ये मुकाबला ONE Championship में मेरे लंबे समय तक टिके रहने की बस शुरुआत भर है।

“इसके बाद मैं खुद को डिविजन के सबसे बेहतरीन एथलीट्स के खिलाफ चुनौती देना चाहूंगा। फिर चाहे वो एडी “सिल्की स्मूद” अबासोलो, सिंसामट “एक्वामैन” क्लिनमी या लियाम “लीथल” नोलन हों।

न्यूज़ में और

Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Tye Ruotolo celebrates his title win over Christian Lee at The Inner Circle 37
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Johan Ghazali faces Johan Estupinan in a rematch at The Inner Circle 42
Akram Hamidi celebrates his KO win against Kongchai Chanaidonmueang at ONE Friday Fights 66.
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.