ONE Fight Night 23 में कैरिलो ने सैमापेच को नॉकआउट किया, रुओटोलो की जीत का सिलसिला जारी

Tye Ruotolo Jozef Chen ONE Fight Night 23 32

एशियाई प्राइमटाइम पर ONE Friday Fights 69 के सफल आयोजन के चंद घंटों बाद दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन की शनिवार, 6 जुलाई को ONE Fight Night 23: Ok vs. Rasulov के साथ बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में वापसी हुई।

ग्लोबल फैंस को 11 शानदार MMA, मॉय थाई, किकबॉक्सिंग और सबमिशन ग्रैपलिंग मैच देखने को मिले, जिन्हें हेडलाइन किया एक जबरदस्त ONE अंतरिम लाइटवेट MMA वर्ल्ड टाइटल मैच ने।

आइए जानते हैं कि मेन इवेंट से पहले ONE Fight Night 23 के कार्ड में हुए मैचों में क्या-क्या हुआ।

कैरिलो ने सैमापेच को फिनिश किया, अपनी स्थिति की मजबूत

निको “किंग ऑफ द नॉर्थ” कैरिलो ने बेंटमवेट मॉय थाई मैच में चार रैंक के कंटेंडर सैमापेच फेयरटेक्स को हराकर वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर के रूप में अपनी स्थिति बहुत मजबूत कर ली है।

मैच की थोड़ी धीमी शुरुआत के बाद कैरिलो ने क्लिंच से घुटने के कई सारे वार किए। थाई स्टार ने जवाब में एक लेफ्ट हुक जड़ा। कैरिलो ने दूसरे राउंड में अपने हाथों का अच्छा इस्तेमाल किया। उन्होंने सैमापेच के जबड़े पर लगातार लेफ्ट हुक जड़कर दो नॉकडाउन हासिल किए।

स्कॉटिश स्टार ने दबाव बढ़ाया और फिर स्ट्रेट हैंड मारकर मैच को 2:03 मिनट पर खत्म किया। कैरिलो की जीत के बाद उनका रिकॉर्ड अब 27-3 हो गया। इसके अलावा उन्होंने 50,000 यूएस डॉलर्स का परफॉर्मेंस बोनस भी जीता।

चैन को हराकर रुओटोलो का ONE में अपराजित रिकॉर्ड कायम

186-पाउंड नॉन-टाइटल सबमिशन ग्रैपलिंग मैच में मौजूदा ONE वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन टाय रुओटोलो ने 19 वर्षीय सनसनी जोज़ेफ चैन के खिलाफ एक कड़ी जीत हासिल की।

दोनों ही ग्रैपलर्स ने स्टैंड-अप में रहकर एक दूसरे को मैट पर ले जाने की कोशिश की, आखिर में रुओटोलो डबल लेग टेकडाउन में सफल रहे। वहां से कैलिफोर्नियाई स्टार ने गार्ड पास करने की कोशिश की, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी स्टार का डिफेंस बहुत कमाल का था।

मैच के आखिरी पलों में रुओटोलो ने तेजी दिखाई और इसी आक्रामकता ने उन्हें सर्वसम्मत निर्णय से जीत दिलाई। इस जीत के साथ अब वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन का करियर रिकॉर्ड 28-9 हो गया और वो ONE में अपराजित हैं।

हेवीवेट मुकाबले में कांग पर भारी पड़े ग्रिशेंको

पूर्व ONE वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर किरिल ग्रिशेंको ने तीन राउंड के मुकाबले में “माइटी वॉरियर” कांग जी वॉन को हराकर जीत की राह पर वापसी की और इसके साथ अपने प्रोफेशनल रिकॉर्ड को 6-2 किया।

दोनों ही हेवीवेट धुरंधरों ने शुरुआत से लेकर अंत तक एक दूसरे पर पंच जड़े। हालांकि, ग्रिशेको के अटैक ज्यादा घातक थे, जिन्हें दक्षिण कोरियाई स्टार के चेहरे को देखकर समझा जा सकता था।

15 मिनट के एक्शन के बाद 32 वर्षीय ग्रिशेंको ने सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की और अब खुद को सितारों से सजे हेवीवेट डिविजन में आगे बढ़ा दिया है।

मॉय थाई फाइट में कौयाटे ने लेसेई को चौंकाया

फ्रेंच स्ट्राइकर बैमपारा “बैम्बी फायरलैक” कौयाटे ने सभी को चौंकाते हुए #5 रैंक के फेदरवेट मॉय थाई कंटेंडर ल्यूक “द शेफ” लेसेई को तीन राउंड की फाइट में मात दी।

कौयाटे ने बैकफुट से फाइट करते हुए कॉम्बिनेशंस और लेग किक्स का इस्तेमाल किया। फ्रेंच स्टार ने दूसरे राउंड में भी यही रणनीति अपनाई। “द शेफ” ने दूरी कम की और जमकर अटैक किया।

लेसेई को आखिरी राउंड में मौका मिला और लगा कि वो वापसी कर सकते हैं। उन्होंने एल्बोज़ और अपरकट्स के दम पर पहला नॉकडाउन हासिल किया, लेकिन कुछ ही सेकंडों बाद कौयाटे ने राइट अपरकट के दम पर उनका काम 2:08 मिनट पर समाप्त कर दिया। इस तकनीकी नॉकआउट जीत के बाद उनका रिकॉर्ड 35-2 हो गया।

वाडा ने तीन राउंड की रणनीतिक भिड़ंत में शी को परास्त किया

Tatsumitsu Wada Xie Wei ONE Fight Night 23 11

जापानी स्टार तत्सुमित्सु “द स्वीपर” वाडा ने चीनी सनसनी “द हंटर” शी वेई के खिलाफ फ्लाइवेट मैच में दमदार प्रदर्शन किया।

“द हंटर” ने तेज-तर्रार शुरुआत करते हुए फाइट के शुरुआती पलों में नॉकडाउन किया, लेकिन वाडा ने दूसरे और तीसरे राउंड में आक्रामक क्लिंच अटैक से वापसी की।

35 वर्षीय स्टार ने एल्बोज़ और नी स्ट्राइक्स का सहारा लिया और मौका मिलने पर टेकडाउन भी किए। अंत में जजों ने उन्हें सर्वसम्मत निर्णय से विजेता घोषित किया। ये उनके करियर की 26वीं जीत है।

ब्लैक पैंथर ने दूसरे राउंड में सालदोएव को नॉकआउट किया

ब्लैक पैंथर ने 139.25-पाउंड कैचवेट मॉय थाई मैच में अली सालदोएव को उनके करियर की पहली हार का स्वाद चखाया। 24 वर्षीय थाई स्टार ने अपने रूसी विरोधी को लेफ्ट हुक्स मारकर पहले राउंड में दो बार नॉकडाउन किया।

दूसरे राउंड में जब सालदोएव लूपिंग लेफ्ट क्रॉस लगाने जा रहे थे, तब थाई स्टार ने हाई राइट किक जड़ी, जो रूसी स्टार के सिर पर लगी और 23 सेकंड पर मैच खत्म हो गया।

मिनोवा ने मिआडो को दी मात, हार का सिलसिला तोड़ा

चार रैंक के स्ट्रॉवेट MMA कंटेंडर हिरोबा मिनोवा ने फिलीपीनो स्ट्राइकर जेरेमी मिआडो के शुरुआती अटैक को झेलने के बावजूद विभाजित निर्णय से जीत हासिल की।

मिआडो ने जापानी एथलीट के टेकडाउन के प्रयासों को विफल किया और उन्हें तगड़े कॉम्बिनेशंस लगाए। पहले राउंड के बीच में मिआडो ने मिनोवा को गिरा दिया और उसके बाद आए नी अटैक ने मैच का लगभग खात्मा कर दिया था, लेकिन 25 वर्षीय स्टार हार मानने को तैयार नहीं थे।

मिनोवा ने दूसरे राउंड में अपनी रेसलिंग की ताकत दिखाई। आखिरी राउंड में फिलीपीनो स्टार को मैट पर लेकर आए और दबाव बनाए रखा। मैच के बाद तीन में से दो जजों ने मिनोवा के पक्ष में नतीजा दिया।

बारबोज़ा ने अलिफ को पछाड़ा

125.75-पाउंड कैचवेट मॉय थाई मैच में “एल जेफे” एलिस बद्र बारबोज़ा ने एक कड़े मुकाबले में थाई-मलेशियाई स्टार अलिफ सोर डेचापैन को पराजित किया।

शुरुआत में अलिफ ने लॉन्ग रेंज शॉट्स से दबदबा बनाया। लेकिन दूसरे राउंड में आयरिश स्टार ने वापसी करते हुए अपने विरोधी को कॉर्नर पर धकेला और लेफ्ट हुक जड़कर नॉकडाउन कर दिया। Sor Dechapan टीम के एथलीट ने आखिरी राउंड में वापसी का प्रयास किया, लेकिन ये काफी नहीं रहा।

तीन राउंड के जोरदार एक्शन के बाद जजों ने “एल जेफे” के पक्ष में फैसला सुनाया और उनका करियर रिकॉर्ड 18-5 हो गया।

‘रग रग’ ने केचप को आसानी से हराया

Oumar Kane Boucher Ketchup ONE Fight Night 23 29

“रग रग” ओमार केन ने भविष्यवाणी की थी कि वो अपने सेनेगली प्रतिद्वंदी बाउचर केचप को हेवीवेट किकबॉक्सिंग मैच के पहले राउंड में ढेर कर देंगे और हुआ भी वैसा ही।

मैच की शुरुआत से केचप नॉकआउट की तलाश में थे। “रग रग” ने धैर्य बनाकर रखा और फिर हेड किक और राइट हुक लगाकर मैच का पहला नॉकडाउन हासिल किया। कुछ पलों बाद उन्होंने लेफ्ट हुक और राइट क्रॉस मारकर उन्हें हिलाकर रख दिया और फिर एक लेफ्ट हैंड ने 2:08 मिनट पर काम तमाम कर दिया।

अब केन का ध्यान 9 नवंबर को होने वाले ONE 169: Atlanta में 3-डिविजन चैंपियन एनातोली मालिकिन को ONE हेवीवेट MMA वर्ल्ड टाइटल के लिए चैलेंज करने पर है।

बेलिको ने कोरोदी को लेफ्ट हुक्स से धूल चटाई

रूसी स्ट्राइकर अलेक्सी बेलिको ने 151.5-पाउंड कैचवेट मॉय थाई मैच में आयरलैंड के स्टीफन कोरोदी को नॉकआउट कर शो की धमाकेदार शुरुआत की।

दोनों ही फाइटर्स ने करीब रहकर वार-पलटवार किए, लेकिन बेलिको के घातक लेफ्ट हुक से कोरोदी दो बार नॉकडाउन हुए। पहले लेफ्ट हुक के बाद वो खड़े होने में कामयाब रहे, लेकिन दूसरे हुक ने उनका काम तमाम कर दिया।

ये नॉकआउट पहले राउंड में 2:42 मिनट पर आया और बेलिको को अपने करियर की 23वीं जीत मिली।

किकबॉक्सिंग में और

Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.
Nabil Anane Hiromi Wajima ONE 173 21
Jonathan Haggerty (L) | Hiroki Akimoto (R)
Aslanbek Zikreev Wang Junguang inside the matrix iv 2 600x400
Muay Thai fighters Suriyanlek Por Yenying and Rustam Yunusov face off ahead of The Inner Circle 34