ONE Friday Fights 18 में भारत का परचम लहराने को तैयार हैं मंथन राणे – ‘नॉकआउट करने की कोशिश करूंगा’

Indian MMA star Manthan Rane

ONE Championship के ग्लोबल स्टेज पर कई सारे भारतीय मार्शल आर्ट्स स्टार्स परफॉर्म करते हैं और अब इस लिस्ट में एक और नाम शामिल हो गया है। हम बात कर रहे हैं भारत के उभरते हुए MMA स्टार मंथन राणे की।

26 मई को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के मशहूर लुम्पिनी बॉक्सिंग स्टेडियम में होने वाले ONE Friday Fights 18 में उनका सामना फ्लाइवेट MMA मुकाबले में रूस के आंद्रे चेलबाएव से होगा।

लुम्पिनी बॉक्सिंग स्टेडियम को मार्शल आर्ट्स जगत के सबसे ऐतिहासिक और खास एरीना में गिना जाता है, यहां मुकाबला करना हर फाइटर का सपना होता है। अब राणे भी इस खास जगह पर फाइट करने के मौके को लेकर बहुत खुश हैं।

वो ONE Friday Fights में डेब्यू करने जा रहे हैं, जिसका उन्हें लंबे समय से इंताजर था।

उन्होंने बताया:

“मैं पहली बार ONE Friday Fights में फाइट करने जा रहा हूं। इससे भी बढ़कर खुशी की बात ये है कि मुझे लुम्पिनी स्टेडियम में मुकाबला करने का मौका मिला है, जो कि थाईलैंड के सबसे बड़े स्टेडियमों में से एक है और इसकी प्रतिष्ठा बहुत ज्यादा है। मैं इसे लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित हूं।

“ONE Championship ने मुझे एक शानदार मौका दिया है। मैं लंबे समय से इसका इंतजार कर रहा था।”

26 वर्षीय भारतीय फाइटर COVID-19 महामारी से पहले ONE की अगली पीढ़ी के फाइटर्स खोजने वाली ONE Warrior Series में मुकाबले कर चुके हैं, जहां दोनों ही मुकाबलों में उन्हें शानदार अंदाज में जीत हासिल हुई थी।

अब ONE के वीकली शो में डेब्यू से पहले उनकी तैयारी काफी जोरों-शोरों से चल रही है।

वो और उनकी टीम जमकर पसीना बहा रहे हैं। एक अंतराल के बाद ONE में वापसी को लेकर थोड़े दबाव की बात उन्होंने जरूर मानी, मगर अपनी तैयारी पर पूरा भरोसा भी जताया है।

ट्रेनिंग को लेकर राणे ने कहा:

“मेरी तैयारी काफी अच्छी चल रही है। मुझे जो मौका मिला है, मैं उसके लिए शुक्रगुजार हूं। आप जब भी केज या रिंग में उतरते हैं तो दबाव हमेशा ही होता है। मैं और मेरी टीम पूरे साल ट्रेनिंग करने में भरोसा करते हैं। हम ट्रेनिंग से लंबे ब्रेक नहीं लेते और तैयारी पूरे साल चलती ही रहती है क्योंकि मौका (फाइट करने का) कभी भी आ सकता है।”

फैंस को अपने गेम से रूबरू करवाना चाहते हैं मंथन राणे

ONE Friday Fights 18 के दूसरे मुकाबले में मंथन राणे का सामना रूसी स्टार आंद्रे चेलबाएव से होगा। इस मुकाबले की खास बात ये है कि दोनों ही एथलीट्स अभी तक अपराजित हैं और उनमें से किसी एक को हार का मुंह देखना पड़ेगा।

Tiger Muay Thai जिम में ट्रेनिंग करने वाले 28 वर्षीय रूसी स्टार स्ट्राइकिंग बैकग्राउंड से आते हैं और उनके खिलाफ राणे ने प्लान तैयार कर लिया है।

मुंबई निवासी एथलीट का ध्यान मुकाबले को फिनिश करने पर रहेगा।

उन्होंने कहा:

“मैं और मेरी टीम विरोधी फाइटर्स को अधिक स्टडी नहीं करते और उनकी फाइट वीडियोज़ ज्यादा नहीं देखते क्योंकि हर कोई खुद में हर दिन सुधार कर रहा होता है। वो बॉक्सर जैसे स्ट्राइकर हैं। मेरे लिए वो किसी दूसरे प्रतिद्वंदी की तरह ही हैं। उनके भी दो हाथ, दो पैर और एक ही सिर है। मैं उन्हें नॉकआउट करने की कोशिश करूंगा।

“जिस भी मूव से मुझे फिनिश हासिल होगा, वही मेरा मुख्य मूव होगा। मैं और मेरी टीम फाइट को फिनिश करने की मानसिकता लेकर ट्रेनिंग करने उतरते हैं। मैं फिनिश का मौका तलाशूंगा और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।”

भारत में मार्शल आर्ट्स खासकर MMA की लोकप्रियता लगातार बढ़ती ही जा रही है।

Team Relentless के प्रतिनिधि लगातार खुद में सुधार कर रहे हैं और अपनी टीम के साथ मिलकर कमियों पर काम कर रहे हैं ताकि MMA में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन किया जा सके।

उन्होंने बताया:

“मैं उन लोगों में से हूं, जो हमेशा फाइट के लिए तैयार रहते हैं। मैं लगातार खुद में सुधार कर रहा हूं और अपनी कमजोरियों को दूर करने के प्रयास में हूं।

“आप 26 मई की शाम मेरी फाइट जरूर देखें। आप सभी भारतीय एथलीट्स और भारतीय MMA को सपोर्ट करते रहिए।”

न्यूज़ में और

Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Johan Ghazali faces Johan Estupinan in a rematch at The Inner Circle 42
Akram Hamidi celebrates his KO win against Kongchai Chanaidonmueang at ONE Friday Fights 66.
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jarred Brooks (L) | Tatsumitsu Wada (R)