फैब्रिसियो एंड्राडे को नॉकआउट कर जोनाथन हैगर्टी को कोई हैरानी नहीं – ‘दुनिया के सर्वश्रेष्ठ की श्रेणी में हूं’

Jonathan Haggerty Fabricio Andrade ONE Fight Night 16 95 scaled

जोनाथन हैगर्टी 2-स्पोर्ट ONE वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले चुनिंदा स्टार्स के बेहद खास क्लब में शामिल हो गए हैं।

शनिवार, 4 नवंबर को उन्होंने ONE Fight Night 16 के मेन इवेंट में फैब्रिसियो एंड्राडे को हराकर ONE बेंटमवेट किकबॉक्सिंग टाइटल जीतने में कामयाबी पाई। उनके पास पहले से ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल है।

एंड्राडे इस मैच में ONE बेंटमवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन के रूप में उतरे थे। उनकी पिछली चार जीत नॉकआउट के जरिए आई थीं और काफी फैंस को उम्मीद थी कि वो “द जनरल” की पांच राउंड तक कड़ी परीक्षा लेंगे।

हालांकि, हैगर्टी ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी बॉक्सिंग स्टेडियम में ब्राजीलियाई स्ट्राइकर को दूसरे राउंड में नॉकआउट के जरिए हराया।

उन्होंने जीत के बारे में onefc.com को बताया:

“बहुत ही अच्छा महसूस हो रहा है। ये किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं जब से ONE Championship में आया, तब से मेरा यही लक्ष्य था। एक कंधे पर एक बेल्ट और दूसरे कंधे पर दूसरी बेल्ट। आखिरकार, मैं यहां पहुंच गया हूं।

“मैं ये कहूंगा (कि मैं दुनिया का सबसे बेहतरीन बेंटमवेट स्ट्राइकर हूं)। मुझे नहीं लगता कि किसी और के पास मेरी जैसी स्किल्स हैं। मैं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ की श्रेणी में हूं और निर्विवादित सुनना अच्छा लगता है।”

शनिवार को हासिल की गई जीत से पहले हैगर्टी ने थाई दिग्गज नोंग-ओ हामा को हराकर बेंटमवेट मॉय थाई बेल्ट अपने नाम की थी। फ्लाइवेट से बेंटमवेट डिविजन में आने के बाद उनकी किस्मत ही चमक गई।

वो एंड्राडे की MMA में हासिल की गईं उपलब्धियों का सम्मान करते हैं। “द जनरल” ने कहा था कि ब्राजीलियाई एथलीट उनकी ताकत का सामना नहीं कर पाएंगे और उन्होंने रिंग के अंदर वही बात साबित कर दिखाई।

हैगर्टी ने मैच से पहले की गई बात के बारे में अब कहा:

“मुझे कोई हैरानी नहीं हुई (फिनिश जल्दी आने पर)। मैं नॉकआउट पर ही काम कर रहा था। मैं पूरे हफ्ते यही कह रहा था कि उन्हें नॉकआउट कर दूंगा।

“मुझे लगता है कि शायद उन्हें इस बात का अंदाजा था कि उनकी हार होगी। इसलिए वो सामने से आकर वार कर रहे थे क्योंकि एक फाइटर के तौर पर आपको यही करना होता है। आप नहीं दिखा सकते कि आप डरे हुए हैं। आप कोई कमजोरी नहीं दिखा सकते। लेकिन ये मेरा दिन था और उन्हें मेरे साथ वहां नहीं होना चाहिए था।

“वो एक बेहतरीन स्ट्राइकर हैं। उन्होंने ये बात MMA फाइट्स में साबित की है। वो एक शानदार चैंपियन हैं और उनकी इज्जत करता हूं। लेकिन मुझे पता था कि उनकी स्ट्राइकिंग मेरे लेवल की नहीं है। मैं ये बात हमेशा कहता रहूंगा।”

अब मॉय थाई बेल्ट डिफेंड करना चाहते हैं जोनाथन हैगर्टी

ONE Fight Night 16 से पहले ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन जोनाथन हैगर्टी के लिए उन चैलेंजर्स की कमी नहीं थी, जो उन्हें फाइट के लिए ललकार रहे थे। अब किकबॉक्सिंग चैंपियन बनने के बाद उनके चैलेंजर्स की संख्या में इजाफा जरूर हुआ है।

हालांकि, “द जनरल” ने साफ कर दिया है कि वो मॉय थाई बेल्ट का पहले बचाव करना पसंद करेंगे।

उन्होंने कहा: 

“मुझे मॉय थाई बेल्ट का बचाव पहले करना है। ये मेरी लिस्ट में पहले स्थान पर है। किकबॉक्सिंग टाइटल आया, मुझे मौका मिला और मैंने चुनौती को स्वीकार किया, लेकिन लगता है कि मुझे मॉय थाई बेल्ट डिफेंड करने की जरूरत है।

“आप वर्ल्ड चैंपियन नहीं होते, जब तक अपनी बेल्ट को डिफेंड नहीं कर लेते। पहले मॉय थाई बेल्ट को डिफेंड करते हैं, फिर आगे का देखेंगे।”

हैगर्टी को एंड्राडे के ONE बेंटमवेट MMA वर्ल्ड टाइटल के लिए भिड़ने से भी कोई ऐतराज नहीं है।

“द जनरल” पहले बता चुके हैं कि वो MMA में आना चाहते हैं और स्ट्राइकिंग ही उनका सबसे बड़ा हथियार होगा। वो MMA में अपनी स्किल्स को टेस्ट करना पसंद करेंगे।

26 वर्षीय स्टार ने कहा:

“बिल्कुल, मैं तैयार हूं (एंड्राडे के वर्ल्ड टाइटल के लिए फाइट करने को लेकर)। ये 4-औंस के ग्लव्स पहनकर होगी। क्या आप सोच सकते हैं कि मैं इस बार उनसे 4-औंस के ग्लव्स में फाइट करूंगा। ये उनके लिए बहुत बुरा होगा।

“ये सुनने में अच्छा लग रहा है, लेकिन मुझे कोई जल्दी नहीं है। मैं कदम दर कदम आगे बढाऊंगा। जब सही लगेगा, तब इसके लिए जाऊंगा।

“फैब्रिसियो, अगर तुम ये देख रहे हो तो मैं तुम्हारी बेल्ट के लिए आ रहा हूं।”

किकबॉक्सिंग में और

Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.
Nabil Anane Hiromi Wajima ONE 173 21
Jonathan Haggerty (L) | Hiroki Akimoto (R)