अबासोलो ने सिटीचाई के खिलाफ जीत का तरीका बताया – ‘वो मेरी लय बिगाड़ें, उससे पहले मैं उनकी लय बिगाड़ दूंगा’

Niclas Larsen Eddie Abasolo ONE Fight Night 8 12

एडी अबासोलो 23 जून को ONE Friday Fights 22 में अपने करियर के एक सपने को पूरा करने के लिए तैयार हैं, लेकिन काम पूरा होने तक वो खुद को ज्यादा उत्साहित नहीं होने देंगे।

इस खेल के सबसे प्रतिष्ठित लुम्पिनी बॉक्सिंग स्टेडियम में होने वाली इस फेदरवेट मॉय थाई बाउट में अमेरिकी फाइटर का सामना सिटीचाई सिटसोंगपीनोंग से होगा। ऐसे में “द आर्ट ऑफ 8 लिम्ब्स” के प्रति अबासोलो के अब तक के समर्पण को परखने का ये बेहतरीन मौका होगा।

हालांकि, सिर्फ मुकाबले में हिस्सा लेना ही उनके लक्ष्य को पूरा नहीं करता। “सिल्की स्मूद” ये स्वीकार करने से नहीं हिचकिचाते कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के घरेलू स्टेडियम में मॉय थाई के टॉप एथलीट्स में से एक का सामना करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि की तरह होगा।

उन्होंने कहाः

“ये मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। दुनिया भर की नज़रें इस पर होती हैं और असलियत ये है कि मैं लुम्पिनी में मुकाबला करने जा रहा हूं, वो भी सिटीचाई जैसे दिग्गज फाइटर के खिलाफ। पूरे कैंप में जब कोई मुझसे इसके बारे में पूछता है तो मैं सिर्फ यही कहता हूं कि ये रोमांच से भरा सफर है।

“कैलिफोर्निया के पहाड़ी क्षेत्र से होने की वजह से जब मैंने पहली बार प्रदर्शनी फाइट शुरू की तो मैं घर के पिछले हिस्से और गैरेज में फाइट करता था। ये नाम मात्र के बहुत छोटे इवेंट्स होते थे, लेकिन अब मैं लुम्पिनी में मुकाबला करने वाला हूं। मुझे लगता है कि ये मेरे एक सपने के सच होने जैसा है।

“फाइट जब खत्म हो जाएगी तो मैं अपने ऊपर हर तरह की भावनाएं हावी होने दूंगा, लेकिन तब तक मुझे बस अपनी जीत पर ही ध्यान केंद्रित करना होगा।”

बैंकॉक का ये स्टेडियम अबासोलो के लिए खास है, लेकिन उनके प्रतिद्वंदी के करियर को ऊंचाई पर ले जाने में भी ये एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

36 साल के कैलिफोर्निया निवासी का सामना अपने डिविजन के #2 रैंक वाले स्टार और एक ऐसे फाइटर से होगा, जो कई साल से स्ट्राइकिंग की दुनिया में टॉप पर रहे हैं। 8 बार के किकबॉक्सिंग और मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन के रूप में सिटीचाई इस खेल के आधुनिक जमाने के दिग्गज हैं।

अबासोलो हमेशा से “किलर किड” का सम्मान करते आए हैं और इससे पहले उन्हें दिग्गज फाइटर के साथ ट्रेनिंग करने का भी मौका मिल चुका है। ऐसे में अब करीब 7 साल बाद उन्हें रिंग के अंदर प्रतिद्वंदी के खिलाफ अपनी स्किल परखने का मौका मिलेगा।

“सिल्की स्मूद” ने कहाः

“मैं महज एक बार थाईलैंड गया हूं। मैंने सिटीचाई के जिम में ट्रेनिंग ली थी। मुझे उनके साथ बस एक राउंड का मौका मिला था और ये बिल्कुल धाराप्रवाह तरीके से गुज़रा। मैं वहां उनके और सिटसोंगपीनोंग के मुख्य कोच मूनलिट के साथ था।

“मुझे लगता है कि ये 2016 की बात है। मैं खुद को विकसित करने का एक चक्र पूरा करके वापस वहीं आ गया हूं। अब मैं ONE Championship के कार्ड पर सिटीचाई जैसे दिग्गज के खिलाफ लुम्पिनी में फाइट करूंगा और अपने विरोधी के कॉर्नर पर मूनलिट को खड़े देखूंगा।”

एडी अबासोलो के मन में प्रतिद्वंदी के लिए सम्मान है पर भय नहीं

अब जब एडी अबासोलो दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में मुकाबले कर रहे हैं तो उन्हें एक से बढ़कर एक फाइटर के खिलाफ बाउट करने की आदत डालनी होगी।

इतिहास में सिटीचाई सिटसोंगपीनोंग को इस युग के सबसे महान स्ट्राइकर में से एक के रूप में माना जाएगा। वहीं, “सिल्की स्मूद” भी उनसे ये तमगा नहीं छीनना चाहेंगे क्योंकि अमेरिकी एथलीट खुद उस स्तर तक पहुंचने की उनकी इच्छा से प्रेरित हैं।

यही वजह है कि वो “किलर किड” की प्रतिष्ठा से चकित नहीं हैं। इसकी बजाय वो वहां जाएंगे और प्रतिद्वंदी के खिलाफ अपने गेम प्लान को लागू करने पर ध्यान लगाएंगे।

अबासोलो ने कहाः

“सिटीचाई सिर्फ एक और इंसान है और मैं खुद एक दिग्गज एथलीट बनने के लिए अपना रास्ता बनाने के अभियान पर हूं। सामने वाले की रैंकिंग चाहे जो भी हो, मैं वहां जाऊंगा और अपनी फाइट करूंगा।

“वो ताकतवर हैं। उनका बेस मजबूत है। उनकी टाइमिंग शानदार है। अगर मैं उनके सामने खड़ा हो जाऊं और थाई शैली में फाइट करना शुरू कर दूं तो वो मुझे हराकर बाहर कर देंगे। मैं ऐसा नहीं कर सकता हूं। बुनियादी तौर पर इससे पहले कि वो मेरी लय बिगाड़ें, मुझे उनकी लय बिगाड़नी होगी। वो विरोधी की लय तोड़ने में माहिर हैं। मुझे ये पक्का करना होगा कि मैं पहले उस लाइन तक तो पहुंच जाऊं।”

मॉय थाई और किकबॉक्सिंग की दुनिया में कई साल तक टॉप पर रहने और इस दौरान मिली सराहना के साथ सिटीचाई का स्किल सेट सच में खास है।

हालांकि, अबासोलो उनकी इतनी सारी सफलताओं को करियर के इस मोड़ पर जीतने की चाहत के कम होने जैसा देखते हैं। ऐसे में 23 जून को दोनों फाइटर्स के बीच होने वाले मैच में एडी इसका फायदा उठा सकते हैं।

“सिल्की स्मूद” ने कहाः

“मुझे लगता है कि मैं मुकाबला जीत जाऊंगा क्योंकि मैं इसे ज्यादा गहराई से चाहता हूं। मैं ये नहीं कह रहा कि वो ऐसा नहीं चाहते, लेकिन मुझे लगता है कि उनसे बाउट में फाइट करने के लिए मेरे पास और भी बहुत कुछ है।

“मैं 3 राउंड तक फाइट करने की योजना बना रहा हूं। मैं ऐसा करना चाहता हूं ताकि सबको लगे कि वो कम आंके जा रहे थे।”

न्यूज़ में और

Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Tye Ruotolo celebrates his title win over Christian Lee at The Inner Circle 37
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Johan Ghazali faces Johan Estupinan in a rematch at The Inner Circle 42
Akram Hamidi celebrates his KO win against Kongchai Chanaidonmueang at ONE Friday Fights 66.
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.