2022 के बाद 2023 को शानदार बनाने की तैयारी में जुटे डेनियल विलियम्स – ‘काफी कुछ सीखने को मिला’

Jeremy Miado Danial Williams ONE on Prime Video 3 1920X1280 50 768x512

साल 2022 खत्म होने की कगार पर है। ऐसे में #5 रैंक के स्ट्रॉवेट कंटेंडर “मिनी टी” डेनियल विलियम्स गर्व से सर्कल में अपने शानदार प्रदर्शन व एक्शन से भरे इस साल को देख सकते हैं।

ऑस्ट्रेलियाई सुपरस्टार इस साल 4 मुकाबलों में उतरे। उन्होंने 2 सनसनीखेज नॉकआउट से 3-1 के रिकॉर्ड के साथ खुद को ONE Championship के सबसे जोशीले एथलीट के तौर पर स्थापित किया।

इस साल की शुरुआत विलियम्स ने शानदार अंदाज में की। उन्होंने फरवरी में ONE: BAD BLOOD के दौरान एक जबरदस्ते बॉडी शॉट से मॉय थाई दिग्गज और पूर्व ONE स्ट्रॉवेट वर्ल्ड चैंपियन डेडामरोंग सोर अम्नोयसिरीचोक को नॉकआउट कर दिया था।

इसके दो महीने बाद ONE 156 में ऑस्ट्रेलियाई एथलीट ने जापानी एथलीट नामिकी कावाहारा पर निर्णय के जरिए जीत हासिल की।

फिर जुलाई में हुए ONE 159 में “मिनी टी” ने अपने MMA करियर का सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्रतिभाशाली चीनी एथलीट ज़ेलांग झाशी को पहले राउंड में हराते हुए अपने खाते में हाइलाइट रील जोड़ ली।

https://www.instagram.com/p/CjruMQ3rScP/

हालांकि, साल के अंतिम मुकाबले में विलियम्स अपनी जीत का सिलसिला जारी नहीं रख पाए और बीते अक्टूबर को हुए ONE Fight Night 3 में वो जेरेमी “द जैगुआर” मिआडो द्वारा नॉकआउट कर दिए गए।

साल 2022 में वो लगातार मुकाबले करते रहने के चलते काफी खुश रहे, लेकिन “मिनी टी” चीजों को सकारात्मक ढंग से समाप्त करना चाहते थे।

पर्थ के मूल निवासी ने कहा:

“ये साल बहुत व्यस्त रहा। मुझे काफी कुछ सीखने को मिला। मैं अपने कुछ प्रदर्शन से काफी प्रभावित रहा, लेकिन एक हार से मुझे निराशा भी हुई। मैं चाहता था कि सक्रिय बना रहूं और ऐसा करने को लेकर काफी खुश हूं। सक्रिय बने रहने और मुकाबले करते रहने के लिए मैं आभारी हूं।”

हार से साल का अंत करने के बावजूद विलियम्स को भरोसा है कि वो वर्ल्ड टाइटल को पाने के रास्ते पर हैं। यहां तक कि अप्रैल 2021 में ONE Championship में शामिल होने के बाद से उन्होंने इस ओर काफी मेहनत की है।

भले ही साल 2022 में उनकी सभी फाइट्स MMA की रही हों, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई एथलीट “द आर्ट ऑफ 8 लिम्ब्स” में खिताब हासिल करने के लिए बेताब हैं। इसी के चलते वो स्ट्रॉवेट मॉय थाई डिविजन में भी #5 रैंक के कंटेंडर बने हुए हैं।

“मिनी टी” ने कहा:

“मेरा लक्ष्य जितना हो सके, उतने मुकाबलों में शामिल होना है।

“जैसा कि मैंने बताया था कि ONE में शामिल होने के बाद से ही मेरे पास 3 साल की योजना थी। इसमें से दो साल पूरे हो चुके हैं। तीसरे साल में मेरी योजना MMA टाइटल हासिल करने की है और इसी बीच मैं स्ट्राइकिंग टाइटल भी पाना चाहता हूं। मुझे लगता है कि सभी चीजें योजना के अनुसार चल रही हैं। जिस तरह से अब तक चीजें हुई हैं, उससे मुझे काफी आत्मविश्वास मिला है। हालांकि, साल का अंत वैसा नहीं रहा जैसी मैंने उम्मीद की थी, लेकिन मैंने इससे काफी कुछ सीखा है।”

2023 में मॉय थाई और किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल्स पर लगीं डेनियल की निगाहें

आगे की ओर देखते हुए “मिनी टी” डेनियल विलियम्स को उम्मीद है कि साल 2023 भी व्यस्त रहने वाला है।

लेकिन अब तक लगातार 4 MMA बाउट्स खेल चुके ऑस्ट्रेलियाई एथलीट की नजरें स्ट्राइकिंग आर्ट्स के वर्ल्ड टाइटल्स पर टिकी हैं। उन्होंने अभी से अपना लक्ष्य दो खेलों में सम्मान हासिल करने और जेरेमी मिआडो से हिसाब-किताब बराबर करने का बना लिया है।

विलियम्स ने बताया:

“बेशक, मैं ONE स्ट्रॉवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल बेल्ट पाना चाहता हूं। मुझे लगता है कि मैं इसे हासिल कर लेने वाला हूं। अगर सबकुछ ठीक रहा तो मैं मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल हासिल कर लूंगा। फिर किकबॉक्सिंग में चैंपियन बनाम चैंपियन फाइट में शामिल हो जाऊंगा और इसके बाद मिआडो से रीमैच करूंगा। अगर ऐसा हुआ तो 2023 बेहद शानदार बन जाएगा।”

इससे पहले कि वो ONE Championship गोल्ड के लिए किसी को चुनौती दें, विलियम्स को ये बात समझनी होगी कि उन्हें और ज्यादा वर्ल्ड क्लास प्रतिद्वंदियों का सामना करके जीत की राह पर लौटना होगा।

अच्छी बात ये है कि इसको लेकर “मिनी टी” की सोच सकारात्मक है और वो इसके लिए तैयार हैं।

उन्होंने आगे बताया:

“ये मेरे लिए शानदार स्थिति होगी, लेकिन जिस बात पर ध्यान देना है, वो ये कि मुझे मुकाबले करते रहने होंगे, ताकि टॉप-5 में बना रहूं। इसके लिए मुझे बेस्ट मार्शल आर्टिस्ट्स से मुकाबले करने होंगे। फिर चाहे जीत हो, हार हो या ड्रॉ, यहां तक कि पिछली फाइट जैसा परिणाम भी आ सकता है, लेकिन आपको ये पता होता है कि अच्छी चीजें होने वाली हैं। ऐसे में आप केवल ऊपर की ओर बढ़ते हैं और आपको ये नहीं सोचना चाहिए कि इससे नीचे जा सकते हैं। आपको अपना विकास जारी रखना होगा।”

न्यूज़ में और

Lucas Gabriel and Magomed Magomedov throw down at ONE Fight Night 49
Tye Ruotolo celebrates his title win over Christian Lee at The Inner Circle 37
Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Nazareth Lalthazuala defeats Jhon Brutas via TKO at 4:09 of round one
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Christian Lee stands in the corner with father, Ken, and brother, Adrian, behind the ropes.
Tye Ruotolo getting locked in for battle against Dante Leon at ONE Fight Night 31.
Johan Ghazali faces Johan Estupinan in a rematch at The Inner Circle 42
Akram Hamidi celebrates his KO win against Kongchai Chanaidonmueang at ONE Friday Fights 66.
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Kade Ruotolo, Ok Rae Yoon, Maurice Abevi, and Dzhabir Dzhabrailov will feature at ONE Fight Night 50.
Nico Carrillo and Nabil Anane faceoff before their clash at ONE 170.