5 बड़ी बातें जो हमें ONE Fight Night 25: Nicolas Vs. Eersel II से पता चलीं

Amy Pirnie Shir Cohen ONE Fight Night 25 51

लुम्पिनी स्टेडियम में एक बार फिर बेहतरीन मार्शल आर्ट्स एक्शन देखने को मिला, जब ONE Championship की ONE Fight Night 25: Nicolas vs. Eersel II के साथ वापसी हुई।

5 अक्टूबर को हुए इवेंट में नया वर्ल्ड चैंपियन, दो शानदार नॉकआउट्स, एक बड़ा उलटफेर समेत काफी कुछ देखने को मिला।

आइए यहां जानते हैं कि ONE Fight Night 25 से क्या खास बातें निकलकर सामने आईं।

इरसल ने खिताब दोबारा जीता, लेकिन निकोलस ने भी दिखाया दम

सूरीनामी सुपरस्टार रेगिअन “द इम्मोर्टल” इरसल दो खेलों के वर्ल्ड चैंपियन बनने और अलेक्सिस “बारबोज़ा” निकोलस से ONE लाइटवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल दोबारा जीतने के मिशन पर थे। उन्होंने पांच राउंड के मुकाबले में इसे पूरा भी किया।

“द इम्मोर्टल” ने मैच की शुरुआत से ही फ्रेंच स्टार पर दबाव बनाना शुरु कर दिया था, लेकिन उनके प्रतिद्वंदी ने अपनी ताकत दिखाई और मेन इवेंट मैच पूरे पांच राउंड तक चला।

अप्रैल में हुए ONE Fight Night 21 में निकोलस के हाथों हारने से पहले इरसल ONE Championship में अपराजित थे। छह महीने बाद निकोलस ने साबित कर दिया है कि उनकी वर्ल्ड टाइटल जीत कोई तुक्का नहीं थी।

26 वर्षीय स्टार को भले ही हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने महानतम किकबॉक्सर्स में से एक का डटकर सामना किया।

लाइटवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं असौइक

इरसल अभी ONE लाइटवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन भी हैं और उनके मेन इवेंट मैच से पहले दो टॉप कंटेंडर्स को-मेन इवेंट मैच में एक दूसरे का सामना कर रहे थे।

ये तीन राउंड की फाइट थी और डेब्यू कर रहे स्टार यूसेफ असौइक ने अपनी रेंज और किकिंग गेम का इस्तेमाल करते हुए पूर्व वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर सिंसामट क्लिनमी को जजों के निर्णय से हराया।

डेनिश-मोरक्कन स्टार ने एक शानदार जीत के साथ अपने रिकॉर्ड को 28-3 किया और वहीं उन्होंने “द इम्मोर्टल” के लिए खुद को खतरे के रूप में साबित कर दिया है।

असौइक की लंबाई, तकनीक और दृढ़ता ये वो सब चीजें हैं, जो उन्हें मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच दिला सकती हैं। सिंसामट को हराने के बाद यकीनन चैंपियन का ध्यान उन पर गया होगा।

लिनेकर मॉय थाई के लिए बने हैं

पूर्व ONE बेंटमवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन जॉन “हैंड्स ऑफ स्टोन” लिनेकर ने दिखाया है कि वो इस खेल के लिए बने हैं।

लिनेकर सितंबर में हुए ONE 168: Denver में असा टेन पॉ के खिलाफ अपने प्रोफेशनल मॉय थाई डेब्यू मैच में शानदार रहे और दूसरे राउंड में फिनिश हासिल किया। लेकिन इस बार नतीजा पहले से और भी अच्छा रहा।

ONE Fight Night 25 में लिनेकर ने अनुभवी रूसी स्ट्राइकर अलेक्सी बेलिको को पहले ही राउंड में तीन बार नॉकडाउन कर धमाकेदार जीत हासिल की।

लिनेकर उन टॉप स्ट्राइकर्स को मॉय थाई में मात दे रहे हैं, जिन्होंने ग्लोबल स्टेज पर सफलता हासिल की है। इस खेल में अब 2-0 का रिकॉर्ड रखने वाले ब्राजीलियाई सुपरस्टार अपने उपनाम पर खरे उतर रहे हैं और उन्होंने खुद को बेंटमवेट मॉय थाई डिविजन के लिए एक खतरा बना लिया है।

टॉप कंटेंडर्स से भिड़ने आ रहे हैं एस्टुपिनन

जोहान एस्टुपिनन का प्रदर्शन ONE में आने के बाद से कमाल का रहा है। पांच महीनों से कम समय में अपराजित सनसनी ने 4-0 का प्रोफेशनल रिकॉर्ड बना लिया है, जिसमें तीन फिनिश भी शामिल हैं।

पिछले शनिवार फ्लाइवेट मॉय थाई मैच में “पांडा किक” का सामना ज़कारिया एल जमारी से हुआ। एल जमारी ने शुरुआत में दबाव के बावजूद वार किए, लेकिन दूसरे राउंड में ये उनके लिए ज्यादा साबित हुआ।

कुछ तगड़े वार-पलटवार के बाद एस्टुपिनन ने अपने विरोधी के गार्ड को भेदते हुए एक लेफ्ट स्ट्रेट लगाकर उन्हें गिराया। एल जमारी रेफरी के काउंट का जवाब नहीं दे पाए और 22 वर्षीय स्टार ने एक और शानदार फिनिश से जीत अपने नाम की।

एस्टुपिनन का शानदार प्रदर्शन उन्हें अब फ्लाइवेट मॉय थाई डिविजन के टॉप पांच कंटेंडर्स का सामना करने का मौका दे सकता है, जिससे वो साबित कर पाएं कि वो टॉप पर बने रहने के हकदार हैं।

कोहेन ने पिर्नी को हराकर लाजवाब प्रदर्शन किया

शिर कोहेन को एमी पिर्नी की पिछले 22 मैचों के लगातार जीत के सिलसिले का कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने 119.25-कैचवेट मॉय थाई मुकाबले में स्कॉटिश सुपरस्टार को हराकर सर्वसम्मत निर्णय से जीत अपने नाम की।

पिर्नी द्वारा पहले राउंड की मजबूत शुरुआत के बाद युवा इजराइली स्टार ने उन्हें छकाना शुरु किया। पिर्नी के चेहरे पर पड़े चोट के निशान कोहेन के हाथों से निकले कॉम्बिनेशंस की कहानी बयां कर रहे थे।

कोहेन ने इस जीत के बाद ONE में अपना परफेक्ट रिकॉर्ड 3-0 और प्रोफेशनल रिकॉर्ड 10-1 कर लिया है। 23 वर्षीय स्टार ने शानदार तकनीक, अच्छी ताकत और योद्धा वाला जुनून दिखाया है।

एलिसिया हेलन रोड्रीगेज़ के ONE विमेंस एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के करीब पहुंचने के लिए कोहेन ने ONE Fight Night 25 में जीतकर एक बड़ा कदम आगे बढ़ाया है।

किकबॉक्सिंग में और

Christian Lee faces off with Tye Ruotolo ahead of The Inner Circle 37
Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.
Nabil Anane Hiromi Wajima ONE 173 21
Jonathan Haggerty (L) | Hiroki Akimoto (R)
Aslanbek Zikreev Wang Junguang inside the matrix iv 2 600x400