‘मैं तीनों बेल्ट जीत सकता हूं’ – शामिल एर्दोगन ने ONE Fight Night 48 में यादगार जीत दर्ज कर कई डिविजनों पर नजरें जमाईं
एक और विरोधी और एक और सबक कि शामिल एर्दोगन के रिकॉर्ड में हार का कॉलम खाली ही क्यों रहेगा।
इस बार ये सबक मिला पॉल “किंग ऑफ द नॉर्थ” इलियट को, जो ONE Fight Night 48 के मेन इवेंट में अपराजित टर्किश हेवीवेट से हार गए। ये इवेंट शनिवार, 3 अक्टूबर को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित किया गया।
एर्दोगन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इंग्लिश फाइटर को सबमिशन से हराकर अपना रिकॉर्ड 14-0 कर लिया और वेकेंट (रिक्त) ONE हेवीवेट MMA वर्ल्ड टाइटल पर अपना दावा और मजबूत कर दिया।
36 साल के एर्दोगन के लिए ये आसान मुकाबला बिल्कुल नहीं था। इलियट की हर जीत फिनिश से आई थी, जिसमें रीगन अपशॉ को सिर्फ छह सेकंड में हेड किक से किया गया नॉकआउट भी शामिल है। वो ऐसे इकलौते विरोधी थे, जो टर्किश फाइटर की तरह ही मुकाबला पल भर में खत्म कर सकते थे।
लेकिन एर्दोगन ने इस खतरे को पनपने ही नहीं दिया। पूरे पहले राउंड में उन्होंने ब्रिटिश फाइटर को मैट पर दबाए रखा और फिर दूसरे राउंड में 2:28 मिनट पर रीयर-नेकेड चोक लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया।
एर्दोगन ने टैप करवाया, हाथ ऊपर उठा और उनका जीरो बरकरार रहा। इसके बाद Kremost Fight Club के इस स्टार ने अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा:
“ये एक यादगार अहसास है। मैं बहुत खुश हूं कि मैं यहां हूं और मैंने फिर से जीत हासिल की, ठीक वैसे ही जैसे इससे पहले 13 बार की थी। इसमें कोई राज नहीं है। कुछ भी नया नहीं है। मैं बस अपना काम कर रहा हूं।
“मैं रिंग में जाता हूं, अपनी पूरी कोशिश करता हूं, मौका ढूंढता हूं और बस अपना काम करता हूं। उसकी गर्दन इतनी देर तक खुली थी कि मैं उसे चोक करने के लालच से खुद को रोक नहीं पाया।”
जो फाइटर सेकंडों में मुकाबला खत्म कर देता हो, उसे काबू में रखने के लिए सब्र चाहिए और एर्दोगन ने वो भरपूर दिखाया, पहले राउंड में दबाव बनाने से लेकर आखिर में चोक लगाने तक।
दूसरे राउंड में इलियट के राइट हैंड से वो कुछ पल के लिए हिल गए थे, फिर भी उन्होंने अपना संयम नहीं खोया। मुकाबले के बाद उन्होंने अपने विरोधी की भी खुलकर तारीफ की।
एर्दोगन ने कहा:
“मैं ये नहीं कह सकता कि मैंने कुछ खास किया या उसके लिए कोई खास तैयारी की थी। मैं बिल्कुल वैसे ही ट्रेनिंग कर रहा था, जैसे हमेशा करता हूं। मैं अपनी स्ट्राइकिंग पर काम कर रहा था। अपनी रेसलिंग पर भी काम कर रहा था।
“[लेकिन] पॉल इलियट असल में शारीरिक रूप से बहुत मजबूत है। और मैंने बस वही किया, जो मैं आमतौर पर बाकी लोगों के साथ करता हूं। पहले राउंड में मैं अपने विरोधी को जितना हो सके थका देता हूं,और दूसरे राउंड में उन्हें फिनिश कर देता हूं।”
14-0 का बेदाग रिकॉर्ड और प्रमोशन में 100 प्रतिशत फिनिशिंग रेट ही एर्दोगन के बैंकॉक से घर लौटने की इकलौती सौगात नहीं थी।
उनके इस शानदार फिनिश ने उन्हें 50,000 यूएस डॉलर का परफॉर्मेंस बोनस भी दिलाया। जोश ठंडा होने के बाद ये हेवीवेट डेस्ट्रॉयर ग्लोबल स्टेज से हटकर अपने घर की बातों पर आ गए।
36 वर्षीय धुरंधर ने कहा:
“मैं मिस्टर चाट्री [सिटयोटोंग] का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मुझे सच में लगता है कि वो मेरी बहुत कद्र करते हैं। और आज मेरी बेटी का जन्मदिन है तो मैं आज उसके लिए कुछ अच्छे गिफ्ट्स खरीदने की सोच रहा हूं।”
एर्दोगन की नजरें कई डिविजनों के खिताब पर टिकीं
जन्मदिन के तोहफे अभी उनकी पहली प्राथमिकता हैं, लेकिन सेलिब्रेशन के बाद शामिल एर्दोगन का ध्यान फिर से अपने काम पर लौट आएगा। हेवीवेट डिविजन में ये उनकी सिर्फ दूसरी फाइट थी और इस टर्किश दिग्गज ने इस बार भी इसे बेहद आसान बना दिया।
डिविजन का वर्ल्ड टाइटल अब भी नए चैंपियन का इंतजार कर रहा है और उनका दावा पहले से मजबूत है इसलिए ये फाइटर गोल्ड के लिए तैयार हैं। और उनकी ये भूख जितनी दिखती है, उससे कहीं ज्यादा गहरी है।
उन्होंने कहा:
“मैं [लाइट] हेवीवेट में ज्यादा सहज हूं। आम तौर पर कहूं तो मैं तीनों बेल्ट जीत सकता हूं। मैंने पहले कभी हेवीवेट में फाइट नहीं की थी, ये मेरा [दूसरा] अनुभव था। लेकिन मैं बस उन सारी बेल्ट को जीतना चाहता हूं, जहां तक मैं पहुंच सकता हूं।”
अगर उनके हेवीवेट गोल्ड की बात करें तो दो नाम अपने आप दिमाग में आते हैं।
बेन “वनीला थंडर” टायनन के साथ मुकाबला कभी करीब नजर आ रहा था। फिर तीन डिविजन के पूर्व ONE MMA वर्ल्ड चैंपियन एनातोली “स्लेदकी” मालिकिन भी हैं, जो अब खेल से संन्यास ले चुके हैं। दोनों के बारे में एर्दोगन की अपनी राय है।
इस अजेय फाइटर ने कहा:
“मुझे भविष्य में [टायनन] से फाइट कर खुशी होगी। लेकिन मैं सच में एनातोली मालिकिन से [भिड़ना] चाहूंगा। वो इस खेल के लैजेंड हैं। मुझे ये बहुत पसंद आएगा। लेकिन अगर उन्होंने सच में संन्यास ले लिया है तो मैं उन्हें और उनके परिवार को बस शुभकामनाएं देता हूं।”