एंड्राडे को किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच में झकझोरने का प्लान बना रहे हैं हैगर्टी – ‘वो गलत फैसला ले रहे हैं’

Nong O Hama Jonathan Haggerty ONE Fight Night 9 60

जोनाथन हैगर्टी द्वारा ONE बेंटमवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चैलेंज करने के फैसले ने सबको चौंका दिया था, लेकिन ये हमेशा से उनका लक्ष्य बना हुआ था।

हालांकि मौजूदा ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन प्रोमोशन में आने के बाद केवल मॉय थाई में फाइट करते आए हैं, लेकिन ONE Fight Night 15 में वो एक दूसरे खेल में वर्ल्ड चैंपियन बनने का प्रयास करेंगे।

“द जनरल” बैंकॉक के लुम्पिनी बॉक्सिंग स्टेडियम में होने वाले इवेंट में मौजूदा ONE बेंटमवेट MMA वर्ल्ड चैंपियन फैब्रिसियो एंड्राडे का सामना करेंगे, जहां वेकेंट (रिक्त) किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल दांव पर लगा होगा।

ब्रिटिश स्टार जानते हैं कि मॉय थाई की सफलता ने उन्हें 2-स्पोर्ट वर्ल्ड चैंपियन बनने का मौका दिया है। वो अब अगर शनिवार, 7 अक्टूबर को चैंपियन बन पाए तो खुशी-खुशी डिविजन के टॉप कंटेंडर्स का सामना करने के लिए तैयार रहेंगे।

हैगर्टी ने कहा:

“मैंने अपना वर्चस्व कायम करने के लिए बेंटमवेट डिविजन में कदम रखा था और मानता हूं कि मैं अपने लक्ष्य को हासिल करने के करीब आता जा रहा हूं।

“मैंने अन्य इंटरव्यूज़ में कहा है कि मैं अपने एक कंधे पर किकबॉक्सिंग और दूसरे कंधे पर मॉय थाई बेल्ट देखना चाहता हूं। मेरे करियर का यही लक्ष्य रहा है और बहुत जल्द मैं इसे सच्चाई का रूप देने वाला हूं।

“किकबॉक्सिंग डिविजन में कई खतरनाक फाइटर्स मौजूद हैं। मैं अगर चैंपियन बन पाया तो किसी भी फाइटर के खिलाफ बेल्ट को डिफेंड करने के लिए तैयार रहूंगा। मुझे जो भी चुनौती मिलेगी, मैं उसका डटकर सामना करूंगा।”

कुछ एथलीट्स नए नियमों के साथ तालमेल बैठाने के कारण परेशानी में पड़ सकते हैं, लेकिन हैगर्टी का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है और उन्हें सीधे तौर पर वर्ल्ड चैंपियनशिप की चुनौती मिलने से कोई घबराहट नहीं हो रही।

उन्होंने 4-औंस के मॉय थाई ग्लव्स पहन कर फाइटिंग करते हुए अपनी पहचान बनाई है। “द जनरल” को खतरनाक एल्बोज़ के लिए जाना जाता है, लेकिन उनके अनुसार उनका स्टाइल किकबॉक्सिंग के साथ अच्छा तालमेल बैठाने में सफल रहेगा।

उन्होंने कहा:

“किकबॉक्सिंग मेरे लिए परेशानी नहीं है क्योंकि मुझे इस खेल से हमेशा लगाव रहा है। मेरा स्टाइल किकबॉक्सिंग से तालमेल बैठाने की काबिलियत रखता है। मैं केवल एक पारंपरिक मॉय थाई स्ट्राइकर नहीं हूं। यहां हम एल्बोज़ नहीं लगा पाएंगे, मगर मुझे भरोसा है कि मैं फैब्रिसियो को शॉर्ट राइट हैंड लगाकर चौंका पाऊंगा।

“मैं एक फाइटर हूं और मुझे हर तरह की स्थिति के अनुसार ढलना आना चाहिए। इसलिए मैं इस चुनौती के लिए उत्साहित हूं। मैं बड़े ग्लव्स पहन कर फाइट करने को भी बेताब हूं। ये नई चुनौती मजेदार रहने वाली है। मैं जानता हूं कि उन्हें नॉकआउट करना आसान नहीं होगा, लेकिन जीत मुझे ही मिलेगी।”

एंड्राडे को हराकर MMA बेल्ट को टारगेट करना चाहते हैं हैगर्टी

जोनाथन हैगर्टी इस समय मॉय थाई से किकबॉक्सिंग में कदम रख रहे हैं, लेकिन फैब्रिसियो MMA से किकबॉक्सिंग में आ रहे हैं।

एंड्राडे को स्टैंड-अप आर्ट्स में काफी अनुभव हासिल है और MMA एथलीट बनने से पहले कई स्टाइल्स के साथ फाइट कर चुके हैं, लेकिन वो करीब 4 सालों से किसी स्ट्राइकिंग मुकाबले का हिस्सा नहीं बने हैं।

“वंडर बॉय” का स्टैंड-अप गेम शानदार है, लेकिन हैगर्टी के अनुसार एंड्राडे के लिए मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स से किकबॉक्सिंग में शिफ्ट करना काफी मुश्किल काम होगा।

उन्होंने कहा:

“फैब्रिसियो करीब 3-4 साल से MMA पर ध्यान दे रहे हैं इसलिए मुझे लगता है कि उनके लिए किकबॉक्सिंग स्टाइल के अनुरूप ढलना मुश्किल होगा। मैं हमेशा से स्टैंड-अप आर्ट्स से जुड़ा रहा हूं, जिसका मुझे फायदा मिल सकता है।

“मेरी नजर में ये धमाकेदार मुकाबला होगा, जिसमें कांटेदार टक्कर देखने को मिलेगी। हम इसके लिए उत्साहित हैं। वो स्ट्राइकिंग आर्ट्स में आकर गलत फैसला ले रहे हैं, लेकिन हमें नई चुनौतियां पसंद हैं।”

हैगर्टी भी कई बार MMA में आने के संकेत दे चुके हैं और मानते हैं कि उनका अगला मैच तय करेगा कि उनका भविष्य क्या रहेगा।

वो अगर एंड्राडे को हराकर 2-स्पोर्ट वर्ल्ड चैंपियन बन पाए तो उनके सामने मॉय थाई और किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर्स की चुनौती होगी, लेकिन “द जनरल” उसके बाद एक और नए लक्ष्य को हासिल करने का प्लान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा:

“एंड्राडे को हराकर किकबॉक्सिंग बेल्ट जीतने के बाद मैं उन्हें MMA वर्ल्ड टाइटल के लिए चुनौती देने वाला हूं।

“एंड्राडे सोचते हैं कि वो स्ट्राइकिंग आर्ट्स में आकर अपना वर्चस्व कायम कर सकते हैं। इसलिए किकबॉक्सिंग बेल्ट को जीतने के बाद मैं उन्हें MMA में चैलेंज करना चाहूंगा।”

किकबॉक्सिंग में और

Indian MMA fighter Nazareth Lalthazuala makes his way to the ring
Numsurin Chor Ketwina and Akram Hamidi face off before their Muay Thai fight at The Inner Circle 36
Nontachai Jitmuangnon, Lucas Gabriel, and Kongthoranee Sor Sommai are set to return at ONE Fight Night 49 on Prime Video.
Jonathan Haggerty defends his ONE Bantamweight Kickboxing World Championship at ONE SAMURAI 4
Wang Junguang Prajanchai Pongsuphan PK The Inner Circle 35 5
Jonathan Haggerty and Hiroki Akimoto at the ONE SAMURAI 4 Ceremonial Weigh-Ins & Faceoffs
Prajanchai Pongsuphan PK and Wang Junguang face off ahead of The Inner Circle 35
Prajanchai says a prayer before his fight against Ellis Badr Barboza at ONE Fight Night 28.
Nabil Anane Hiromi Wajima ONE 173 21
Jonathan Haggerty (L) | Hiroki Akimoto (R)
Aslanbek Zikreev Wang Junguang inside the matrix iv 2 600x400
Muay Thai fighters Suriyanlek Por Yenying and Rustam Yunusov face off ahead of The Inner Circle 34