The Inner Circle 40 मेन इवेंट रिजल्ट: डेटचावालिट ने पिछड़ने के बाद दमदार वापसी कर योडखुनपोन को तीन बार नॉकडाउन कर चौंकाया
डेटचावालिट सिल्कमॉयथाई ने पहले राउंड में नॉकडाउन होने के बाद शानदार वापसी करते हुए दो बार के K-1 चैंपियन योडखुनपोन को दूसरे राउंड में तीन बार नॉकडाउन किया और थ्री-नॉकडाउन नियम के तहत 1:03 मिनट पर TKO से बेंटमवेट मॉय थाई मेन इवेंट मैच अपने नाम किया।
इस शानदार फिनिश के साथ The Inner Circle 40 का समापन हुआ, जिसका शुक्रवार, 27 नवंबर को एशिया प्राइमटाइम पर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारण किया गया और मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग live.onefc.com पर हुई।
दोनों फाइटर्स ने पहले राउंड की शुरुआत धैर्य के साथ की और सावधानी से एक-दूसरे पर वार किए, लेकिन तभी योडखुनपोन ने एक विस्फोटक लेफ्ट हुक जड़ा, जिससे उनके प्रतिद्वंदी लड़खड़ाकर एक तरफ जा गिरे और रेफरी ने आठ तक गिनती की।
डेटचावालिट ने तुरंत जवाब देते हुए बिजली की तेजी से वन-टू पंच कॉम्बिनेशन लगाया, जिससे उनके हमवतन थाई फाइटर रस्सियों तक जा पहुंचे, जहां 19 वर्षीय फाइटर ने उन्हें घेरकर वारों की बौछार कर दी।
दूसरे राउंड की शुरुआत में भी दोनों फाइटर्स सावधानी से एक-दूसरे को परख रहे थे और इस बार भी इस युवा सनसनी ने दमदार अटैक किया। राइट और लेफ्ट हुक के विस्फोटक कॉम्बिनेशन से योडखुनपोन लड़खड़ाकर कैनवास पर जा गिरे और रेफरी ने एक बार फिर आठ तक गिनती की।

डेटचावालिट ने तुरंत फिर से हमला बोल दिया और अपने तरकश के सभी तीरों का इस्तेमाल करते हुए 32 वर्षीय फाइटर पर इतने वार किए कि उन्हें दूसरी बार नॉकडाउन कर दिया। योडखुनपोन फिर से उठ खड़े हुए, लेकिन बाईं एल्बो के एक वार ने उन्हें तीसरी बार गिराकर मुकाबला खत्म कर दिया।
इस जीत के साथ Silk Muay Thai के फाइटर ने अपना रिकॉर्ड 52-5 कर लिया और संगठन के मेन रोस्टर में जगह बनाने के लिए 1,00,000 यूएस डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट को हासिल करने के एक कदम और करीब पहुंच गए।
इस वीकली इवेंट सीरीज में अब तक उनकी शुरुआत शानदार रही है और उनका अपराजित रिकॉर्ड 6-0 का हो गया है, जिसमें पांच यादगार जीत शामिल हैं।