ONE Samurai 1 के लिए ऋतु फोगाट Vs. इत्सुकी हिराटा MMA फाइट की घोषणा
ONE Championship ने ONE Samurai 1 कार्ड के लिए तीन धमाकेदार MMA मैचों का ऐलान किया है, जिसका लाइव प्रसारण जापान की राजधानी टोक्यो के एरियाके एरीना से 29 अप्रैल को किया जाएगा।
एटमवेट MMA मुकाबले में भारतीय रेसलिंग सुपरस्टार और देश की सबसे बड़ी MMA फाइटर ऋतु “द इंडियन टाइग्रेस” फोगाट का सामना जापान की इत्सुकी “एंड्रॉइड 18” हिराटा से होगा। सबमिशन मशीन अयाका “जोम्बी” मियूरा की टक्कर चिहीरो सवाडा से ऑल-जापान एटमवेट MMA मैच तो वहीं स्ट्रॉवेट स्टार कीटो यामाकीटा की भिड़ंत रयोहेई कुरोसावा से होगी।
31 वर्षीय फोगाट 7-4 के बेहतरीन MMA रिकॉर्ड के साथ इस शानदार मैच में उतर रही हैं। इन दोनों फाइटर्स की भिड़ंत पिछले साल नवंबर में होने वाले ONE 173 में होनी थी, मगर फोगाट को चोट के चलते मैच से अपना नाम वापस लेना पड़ा।
रेसलिंग करियर में कामयाबी हासिल करने के बाद उन्होंने MMA का रुख किया और करियर की पहली आठ में से सात फाइट्स जीतते हुए ONE विमेंस एटमवेट MMA वर्ल्ड ग्रां प्री के फाइनल में जगह बनाई।
वो किसी प्रतिष्ठित MMA टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय फाइटर बनीं।
हालांकि, वहां उनका सामना तीन खेलों की पूर्व ONE वर्ल्ड चैंपियन स्टैम्प फेयरटेक्स से हुआ और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।
उसके बाद सितंबर 2022 में टिफनी “नो चिल” टियो से हारने के बाद भारतीय सुपरस्टार ने साल के अंत में शादी कर अपना परिवार शुरु करने पर ध्यान दिया।
अपने बच्चे के जन्म के बाद उन्होंने मियूरा के खिलाफ 2025 में वापसी की, मगर पहले राउंड में सबमिशन से हार का सामना करना पड़ा।
अब वो अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी, मगर उनके सामने हिराटा के रूप में बड़ी और बेहद कड़ी चुनौती है।
26 वर्षीय “एंड्रॉइड 18” सात करियर जीत, जिसमें ONE में छह जीत और तीन फिनिश शामिल हैं, के साथ इस मैच में उतरेंगी। जूडो स्टार को खतरनाक सबमिशन स्किल्स और ताकतवर ग्राउंड एंड पाउंड अटैक के लिए जाना जाता है और इसी ने उन्हें 2019 से प्रमोशन में खास पहचान दिलाई।
हिराटा की शुरुआत सफलता बाद में चलकर फीकी पड़ गई और उन्होंने बाद के सात मैचों में से सिर्फ दो मैचों में जीत मिली। ONE 173 में फोगाट की जगह उनकी टक्कर सवाडा से हुई, जिन्होंने उन्हें घरेलू फैंस के सामने पटखनी दी।
अब दोनों ही स्टार्स का प्रयास होगा कि वे किसी भी हाल में जीत के साथ आगाज़ करें।