ONE Samurai 1 में टकेरु के खिलाफ रीमैच से पहले रोडटंग के 3 सबसे घातक हथियारों के बारे में जानिए
कॉम्बैट स्पोर्ट्स में कोई रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन जितना प्रतिभाशाली और खतरनाक स्ट्राइकर नहीं है।
पूर्व ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन बुधवार, 29 अप्रैल को होने वाले ONE Samurai 1 में वापसी करने जा रहे हैं। टोक्यो के एरियाके एरीना में उनका सामना टकेरु “नेचुरल बोर्न क्रशर” सेगावा से ONE अंतरिम फ्लाइवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल मैच में होगा।
इससे पहले कि वो टकेरु के रिटायरमेंट मैच में उनके खिलाफ उतरेंगे, आइए थाई मेगास्टार के सबसे घातक हथियारों पर चर्चा करते हैं।
#1 रोडटंग का मिसाइल जैसा तेज-तर्रार लेफ्ट हुक
रोडटंग ने मात्र 80 सेकंड में साइटामा सुपर एरीना को शांत कर दिया था।
जब “द आयरन मैन” का सामना ONE 172 में किकबॉक्सिंग दिग्गज टेकरु से हुआ तो उन्होंने एक जबरदस्त लेफ्ट हुक से जापानी मेगास्टार को ढेर करने में कामयाबी पाई।
थाई मेगास्टार आगे बढ़ते हुए दूरी कम करते हैं और मौका मिलते ही जबरदस्त लेफ्ट हुक विरोधी के चेहरे पर जड़ देते हैं। उनका ये एक वार ही मैच का अंत करने की ताकत रखता है।
टकेरु के मन में रीमैच से पहले इस लेफ्ट हुक के घाव ताजा होंगे तो वहीं “द आयरन मैन” का प्रयास होगा कि वो इसकी ताकत फिर से दिखाएं।
#2 रोडटंग की जबरदस्त लेग किक्स
रोडटंग की ताकत के अलावा उनकी फाइट आईक्यू भी कमाल की है। वो अपने विरोधियों को तय प्लान के हिसाब से हराते हैं और विपक्षियों को भनक भी नहीं लगती।
साल 2019 में कंबोडियाई एथलीट सोक थय के खिलाफ हुए मैच में उन्होंने लीड लेग पर घातक वार किए। उन्होंने इसके लिए पंचों का इस्तेमाल किया, जिससे विरोधी गार्ड ऊपर करने पर मजबूर हो और फिर लेग अटैक को अंजाम दें।
जापानी स्ट्राइकिंग दिग्गज को लेग किक्स से परेशानी का सामना करना पड़ा है। ONE 165 में मौजूदा ONE फ्लाइवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन “द किकिंग मशीन” सुपरलैक ने उनके पैर पर पूरे पांच राउंड तक वार किए थे।
अगर रोडटंग लो किक्स का रीमैच में जल्दी से इस्तेमाल शुरु कर पाए तो मुकाबले का नतीजा उनके पक्ष में जा सकता है।
#3 रोडटंग के बॉडी शॉट्स
रोडटंग को भले ही अपने जबरदस्त पंचों के लिए जाना जाता है, लेकिन उनके बॉडी शॉट्स बहुत ही कारगर साबित होते हैं। थाई मेगास्टार विरोधियों के मिडसेक्शन खासकर लिवर पर वार करते हुए उन्हें ढेर कर देते हैं।
मौजूदा ONE बेंटमवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन जोनाथन “द जनरल” हैगर्टी के खिलाफ दो वर्ल्ड टाइटल मैचों में इसकी साफ झलक दिखती है।
साल 2019 में हुए ONE: Dawn of Heroes में 28 वर्षीय सुपरस्टार ने बॉडी शॉट लगाकर उन्हें गिराया और अंत में सर्वसम्मत निर्णय से जीत हासिल की। फिर ONE: A New Tomorrow में हुए रीमैच में लिवर पर लगाए लेफ्ट हुक से तीसरे राउंड में जीत हासिल की।
वो पंचों और लेग किक्स के बीच में एक शानदार बॉडी शॉट से टकेरु के खिलाफ बढ़त हासिल कर सकते हैं।