‘मेरे जीवन की सबसे बड़ी खुशी’ – कैसे लूकस गेब्रियल की बेटी बनी ONE में उनकी लगातार सफलता के पीछे की सबसे बड़ी प्रेरणा
लूकस गेब्रियल ONE Championship के ग्लोबल स्टेज पर महानता हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन प्रमोशन के बाहर वो जो कुछ भी करते हैं, उसकी शुरुआत और अंत उनकी बेटी से ही होती है।
हालांकि, उससे पहले उन्हें एक मेन इवेंट मुकाबला जीतना होगा। ब्राजीलियाई फाइटर, जिन्होंने प्रमोशन में अपने सभी छह मुकाबले जीते हैं, डेब्यू कर रहे अपराजित फाइटर मागोमेद “मुहम्मद” मागोमेदोव से लाइटवेट MMA मुकाबले में भिड़ेंगे। ये मुकाबला शनिवार, 7 नवंबर को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित होने वाले ONE Fight Night 49 में होगा।
एक जीत उन्हें ONE लाइटवेट MMA वर्ल्ड टाइटल की दौड़ में शामिल कर सकती है और वर्ल्ड चैंपियनशिप बेल्ट जीतना उनका सबसे बड़ा सपना है।
लेकिन ONE Friday Fights से लेकर मेन रोस्टर के मेन इवेंट तक पहुंचने में जिस दबाव और ताकत ने उनकी मदद की, वो उनकी कहानी का सिर्फ एक हिस्सा है। दूसरा हिस्सा कैमरों से दूर उनकी जिंदगी में दिखाई देता है, जो ट्रेनिंग कैंप, यात्राओं और जिम में बिताए लंबे दिनों के इर्द-गिर्द घूमती है।
इस जिंदगी में रोजमर्रा की गतिविधियों के लिए बहुत कम समय बचता है। यही वजह है कि उन्हें मिलने वाले आम पल और भी खास हो जाते हैं। वो खुद को बहुत कम शब्दों में बयां करते हैं।
गेब्रियल ने onefc.com को बताया:
“अगर मुझे खुद को तीन शब्दों में बयां करना हो तो वो निश्चित रूप से शांत, जुनूनी और परिवार को प्राथमिकता देने वाला इंसान होगा।”

इस सूची का दूसरा शब्द उनकी तेज तरक्की की वजह बताता है। Phuket Fight Club के प्रतिनिधि ने दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में लगातार खुद को बेहतर बनाया है और इस कामयाबी के पीछे उनका जुनून सबसे बड़ी ताकत रहा है।
बाकी दो शब्द तब सामने आते हैं, जब वो मैट पर नहीं होते। उस समय जिंदगी की रफ्तार धीमी हो जाती है और उनके सबसे करीबी लोग तय करते हैं कि दिन कैसे बीतेगा।
उनमें सबसे अहम हैं उनकी 4 साल की बेटी माइते। जिम से दूर उनका समय अपनी पत्नी फर्नांडा और बेटी के साथ बिताए पलों से शुरू होता है।
गेब्रियल ने कहा:
“मेरी बेटी मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी है। मुझे अपने खाली समय में परिवार के साथ रहना बहुत पसंद है। हमें पिकनिक मनाना अच्छा लगता है, जो मेरी बेटी को बेहद पसंद है। इसके अलावा हमें बीच पर जाना भी पसंद है।
“उसके बाद मैं बस आराम करना और कुछ फिल्में देखना पसंद करता हूं। मेरे लिए छुट्टी का एक बेहतरीन दिन अपने करीबियों के साथ इन छोटे-छोटे पलों का आनंद लेने के बारे में है।”
सुकून भरी सुबह और आराम से बीतने वाली दोपहर छुट्टी के दिन को शानदार बनाती हैं, लेकिन इससे गेब्रियल का स्वभाव नहीं बदलता, चाहे उन्होंने फाइटिंग ग्लव्स पहने हों या नहीं।
मई 2023 में प्रमोशन में अपनी पहली जीत दर्ज करने से लेकर संभावित वर्ल्ड टाइटल दावेदार बनने तक का सफर उन्होंने बिना कोई मुकाबला हारे बेहद तेजी से तय किया है। यही जोश वो अपनी जिंदगी के हर दूसरे काम में भी दिखाते हैं। उनकी पत्नी फर्नांडा इसे हर दिन करीब से देखती हैं।
26 वर्षीय फाइटर ने कहा:
“मेरी पत्नी हमेशा कहती हैं कि मैं जो भी करता हूं, उसमें प्रतिस्पर्धा करने की भावना रखता हूं और शायद वो सही हैं। हालांकि, मैं चीजों को अलग-अलग रखने की पूरी कोशिश करता हूं। फाइटिंग मेरा पेशा है और मैं जानता हूं कि जिंदगी की हर परिस्थिति को इस तरह नहीं देख सकता, जैसे मैं रिंग के अंदर मुकाबला कर रहा हूं।”

गेब्रियल उस परिवार को कभी नहीं भूलते, जिसने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया
लूकस गेब्रियल अपना खाली समय पत्नी और बेटी के साथ साधारण खुशियों का आनंद लेते हुए बिताते हैं, लेकिन ब्राजीलियाई फाइटर के दिल में एक और परिवार बसता है: वो परिवार जिसने कुरीतिबा में उनकी परवरिश की। अब एक फाइटर और पिता के रूप में वो चाहते हैं कि उनकी बेटी माइते भी उस कहानी का हिस्सा बने।
थाईलैंड में उन्होंने जो परिवार बसाया है, उसकी शुरुआत एक साहसिक फैसले से हुई थी। वो सबसे पहले अकेले ONE में अपना पहला मुकाबला जीतने के लिए आए थे। इसके बाद वो वापस लौटे और अपनी पत्नी व उस समय 7 महीने की बेटी को अपने साथ ले आए।
फुकेत ने उन्हें ONE में अपना करियर बनाने का माहौल दिया, लेकिन इसकी कीमत उन्हें दक्षिणी ब्राजील में स्थित अपने गृहनगर से दूर रहकर चुकानी पड़ी। इस दूरी को मिटाने के पीछे उनका एक स्पष्ट मकसद है और एक बार फिर इसकी वजह उनकी बेटी माइते हैं।
उन्होंने कहा:
“अगर मैं बिना किसी चिंता के कल ही कहीं यात्रा कर सकता तो मैं अपने परिवार से मिलने ब्राजील जाता और उन्हें अपनी बेटी के साथ समय बिताने का मौका देता।
“वो इतनी बड़ी हो गई है और मैं चाहता हूं कि मेरा परिवार देखे कि उसमें कितना बदलाव आया है। अपने परिवार के साथ उन पलों को साझा करना मेरे लिए बहुत मायने रखेगा।”
फिलहाल ये यात्रा उनकी एक इच्छा ही बनी हुई है। शानदार फॉर्म में चल रहे 26 वर्षीय फाइटर की पहली प्राथमिकता बैंकॉक में होने वाला ONE Fight Night 49 है। मॉय थाई के गढ़ में उनके सामने मागोमेद मागोमेदोव होंगे। 15-0 के रिकॉर्ड वाले दागेस्तानी फाइटर ने लगातार पांच मुकाबले फिनिश किए हैं और अब वो ग्लोबल स्टेज पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।
एक जीत गेब्रियल को उनके करियर के सबसे बड़े लक्ष्य के करीब पहुंचाने की दिशा में अहम कदम होगी। जिस रास्ते ने उन्हें घर से दूर रखा है, वही उनके लिए हर चीज संभव भी बना रहा है, चाहे वो अपने परिवार के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना हो या अपनी एक अलग पहचान बनाना। वो अच्छी तरह जानते हैं कि अपनी पहचान के जरिए क्या संदेश देना चाहते हैं।
गेब्रियल ने अंत में कहा:
“मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य वर्ल्ड चैंपियन बनना और इस खेल में अपनी छाप छोड़ना है। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे सबसे बेहतरीन और हर क्षेत्र में माहिर फाइटर के रूप में याद रखें। मैं चाहता हूं कि मेरे करियर का एक खास महत्व हो और केज के अंदर मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए मुझे पहचान मिले।”
