अब्दुल्ला दयाकाएव की 5 बातें जो आपको उनका फैन बना देंगी
रूसी नॉकआउट आर्टिस्ट अब्दुल्ला “स्मैश बॉय” दयाकाएव अपने करियर के सबसे बड़े मैच में एक फिनिश की तलाश में होंगे।
23 वर्षीय स्टार का सामना शनिवार, 24 जनवरी को होने वाले ONE Fight Night 39 के मेन इवेंट में रैम्बोलैक चोर अजालाबून से होगा।
दयाकाएव का करियर रिकॉर्ड 15-2 है और उन्होंने संगठन में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ में से सात मैचों में जीत दर्ज की हैं।
इससे पहले कि वो 2026 में ONE Championship के पहले यूएस प्राइमटाइम इवेंट के लिए उतरें, उनके बारे में खास बातें जान लेते हैं।
#1 उनके निकनेम के पीछे की कहानी
दयाकाएव जहां भी जाते हैं, वहां आत्मविश्वास में रहते हैं। भले ही इंग्लिश उनके देश की भाषा नहीं है, लेकिन वो हमेशा कहते थे कि वो किसी को भी हरा सकते हैं।
Team Mehdi Zatout में उनकी टीम के साथी उनके द्वारा कहने जाने वाली इंग्लिश की लाइन को पसंद करते थे और इसी की वजह से उन्हें “स्मैश बॉय” नाम मिला।
दयाकाएव ने बताया:
“जब मैं पहली बार थाईलैंड आया तो मुझे इंग्लिश नहीं आती थी। मैं सिर्फ इतनी सी अंग्रेजी जानता था, ‘आई स्मैश एवरिवन (मैं सबको चकनाचूर कर दूंगा)।’ जब मैंने इंग्लिश सीखी तब भी यही कहता था। उसके बाद मुझे ये नाम मिला। मेरा विश्वास है कि मैं सबको पटखनी दे सकता हूं।”
#2 करीब 500 लोगों ने उनकी शादी में शिरकत की
साल 2025 दयाकाएव के लिए करियर और निजी जीवन दोनों में यादगार रहा। पिछले साल फरवरी में ONE Championship के साथ छह अंकों की राशि वाला कॉन्ट्रैक्ट जीतने के बाद उन्होंने दागेस्तान जाकर शादी की।
“स्मैश बॉय” रिंग में किसी से नहीं घबराते, लेकिन अपनी शादी में बहुत सारे लोगों को देखकर वो हैरान रह गए थे।
उन्होंने बताया:
“मेरी करीब छह महीने पहले शादी हुई। ये काफी बड़ी शादी थी। वहां करीब पांच या छह सौ लोग थे। ये सब मेरे माता-पिता के जानने वाले लोग थे। मैं सिर्फ 20-30 लोगों को जानता था। अब मेरे पास बड़ी प्रेरणा है। मुझे अपने परिवार, माता-पिता, पत्नी और सबका ध्यान रखना है।”
#3 परिवार का हमेशा रखते हैं ख्याल
रूस में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से लेकर यहां तक आने का दयाकाएव ने लंबा सफर तय किया है। छह अंकों की राशि के अलावा जुलाई 2025 में हुए ONE Fight Night 33 में नोंटाचाई जित्मुआंगनोन को 24 सेकंड में ढेर करने की वजह से उन्हें 50,000 यूएस डॉलर का परफॉर्मेंस बोनस हासिल हुआ था।
Team Mehdi Zatout के स्टार ने उस पैसे के बारे में बताया:
“मैंने अपने माता-पिता के लिए घर खरीदा। अपने और अपने पिता के लिए कार खरीदी। लेकिन अब मुझे खुद के लिए घर खरीदना है। मैं खुश हूं कि अपने परिवार और माता-पिता का ख्याल रख सकता हूं। मेरे कई बड़े भाई भी हैं।”
#4 नॉकआउट करने में महारथी
दयाकाएव की स्ट्राइकिंग बहुत ही शानदार है, जिसमें जबरदस्त ताकत वाली एक्स किक और स्पिनिंग अटैक हैं।
लेकिन वो कभी लापरवाह होकर अटैक नहीं करते। उनके अटैक में हमेशा सटीकता और विरोधियों को ढेर करने की ताकत होती है।
“स्मैश बॉय” ने कहा:
“मैं अपनी सभी फाइट्स में नॉकआउट के लिए जाता हूं। ये एमेच्योर में फाइट करने के दिनों से मेरा स्टाइल है। मेरी सभी फाइट्स में नॉकडाउन दिखेंगे। मैं हमेशा नॉकआउट की तलाश में होता हूं। मैं फैंस को अच्छा एक्शन देना चाहता हूं। मुझे नॉकआउट देने में खुश होती है और बोनस पसंद हैं।”
#5 MMA में जाने का इरादा
दागेस्तान में जन्मे अन्य बच्चों की तरह ही दयाकाएव ने शुरुआत से ही ग्रैपलिंग की कला का अभ्यास किया है।
अब उनका ध्यान मॉय थाई पर लगा है, लेकिन “स्मैश बॉय” MMA में जाने का इरादा रखते हैं।
रूसी स्टार ने बताया:
“मैंने सैम्बो की ट्रेनिंग की है। मैंने रेसलिंग भी की है। लेकिन मुझे मॉय थाई पसंद है क्योंकि रेसलिंग में आप खड़े होकर अपने प्रतिद्वंदी को पंच नहीं लगा सकते। मेरे मॉय थाई में लक्ष्य हैं। जब मैं सब कुछ हासिल कर लूंगा तो MMA में जाऊंगा।”