The Inner Circle रिजल्ट्स, 3 अप्रैल: काओटाएम ने एल्बोज़ के दम पर ज़ेवियर गोंज़ालेज़ को पराजित किया
काओटाएम फेयरटेक्स ने तीन राउंड तक एल्बोज़ के वार के दम पर The Inner Circle के फ्लाइवेट मॉय थाई मेन इवेंट में ज़ेवियर गोंज़ालेज़ को सर्वसम्मत निर्णय से हराया। इस इवेंट का आयोजन शुक्रवार, 3 अप्रैल को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से किया गया।
21 वर्षीय स्टार ने मैच की शुरुआत से ही बैकफुट से फाइट की क्योंकि स्पेनिश स्टार लगातार राइट हैंड लैंड कराने के चक्कर में आगे बढ़ रहे थे। लेकिन जैसे ही गोंज़ालेज़ आगे आते, थाई स्टार ने धारदार तरीके से एल्बोज़ को इस्तेमाल किया।
एक जोरदार एल्बो गोंज़ालेज़ के जबड़े पर लगी और वो सीधा मैट पर जा गिरे और नॉकडाउन हुए। उन्होंने रेफरी के आठ काउंट का जवाब दिया।

गोंज़ालेज़ ने दूसरे राउंड में लूपिंग लेफ्ट और राइट पंचों के दम पर अच्छे शॉट्स लगाए। काओटाएम ने अनुशासन बनाकर रखा और टीप (पुश किक) की मदद से दूरी बनाए रखी और मौका मिलने पर एल्बोज़ से वार किए। दूसरे राउंड के बाद स्पेनिश स्टार के चेहरे की रंगत अटैक की कहानी बयां कर रही थी।
तीसरे राउंड में करीब से एल्बो अटैक ज्यादा देखने को मिले और कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। गोंज़ालेज़ ने काओटाएम की पसलियों पर बॉडी शॉट्स लगाकर मैच की दशा और दिशा बदलने की कोशिश की, लेकिन थाई स्टार के पास हर अटैक का शानदार जवाब था।
इस तरह काओटाएम ने करियर की 37वीं जीत हासिल की और ग्लोबल स्टेज पर लगातार जीत के नंबर को चार तक पहुंचाया।
3 अप्रैल को हुए The Inner Circle के नतीजे:
- काओटाएम फेयरटेक्स ने ज़ेवियर गोंज़ालेज़ को सर्वसम्मत निर्णय से हराया (मॉय थाई – फ्लाइवेट)
- डोकमाइपा सैंटिउबोन ने ऐकालैक सोर समार्नगार्मेंट को सर्वसम्मत निर्णय से हराया (मॉय थाई – स्ट्रॉवेट)
- पेटनमखोंग मोंग्कोलपेट ने टोंगलैमपून एफए ग्रुप को दूसरे राउंड में 1:01 मिनट पर तकनीकी नॉकआउट से हराया (मॉय थाई – स्ट्रॉवेट)
- जरदचाई मैक्सजंडी ने थांट ज़िन को नॉकआउट से हराया – पहले राउंड के 1:38 मिनट में (मॉय थाई – फ्लाइवेट)
- टाइगा ओरी ने ज़ार माविया को तकनीकी नॉकआउट से हराया – दूसरे राउंड के 3:37 मिनट में (MMA – बेंटमवेट)