‘मुझे तुमसे डर नहीं लगता’ – नोंटाचाई ने The Inner Circle 31 के मेन इवेंट से पहले कियामरन नबाती को चेतावनी दी
नोंटाचाई जित्मुआंगनोन को इस मुकाबले का इंतजार उम्मीद से कहीं ज्यादा करना पड़ा है और इस अतिरिक्त समय ने उन्हें और भी खतरनाक बना दिया है।
आखिरकार ये थाई फाइटर कियामरन नबाती के सामने बेंटमवेट मॉय थाई मेन इवेंट में शुक्रवार, 18 सितंबर को The Inner Circle 31 में उतरेंगे। पूरा कार्ड सिर्फ मेंबर्स के लिए बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से live.onefc.com पर लाइव दिखाया जाएगा।
इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले को टलना पड़ा और वो भी दो बार। सबसे हालिया बार अगस्त में हुए ONE Fight Night 46 में ये फाइट होनी थी, लेकिन अचानक बीमार पड़ जाने की वजह से नोंटाचाई को पीछे हटना पड़ा।
लेकिन नोंटाचाई ने इस देरी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। Jitmuangnon Gym के इस फाइटर ने इन अतिरिक्त हफ्तों का पूरा फायदा उठाया और अपनी स्ट्राइकिंग को और धार देने पर काम किया।
उन्होंने कहा:
“फाइट एक महीना टलना असल में एक तरह से अच्छा ही रहा। मुझे ट्रेनिंग के लिए और वक्त मिल गया और मैं अपनी बॉडी को बेहतरीन शेप में ला पाया।
“हां, कियामरन को भी एक्स्ट्रा टाइम मिला, लेकिन मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं दिखती। हर फाइटर अपनी मेहनत करता ही है। मैंने जितनी मेहनत हो सकती थी, उतनी की और अपने जखीरे का हर हथियार तैयार किया।”
Road to ONE: Thailand टूर्नामेंट जीतने के बाद से नोंटाचाई पहले से कहीं ज्यादा समझदार फाइटर बन गए हैं। इसी सोच-समझ के दम पर उन्होंने लगातार तीन मैच जीते हैं और अब उनके सामने इस सफर की सबसे बड़ी परीक्षा है।
चुम्फोन निवासी इस फाइटर को पता है कि नबाती इस बार पहले से ज्यादा तेज और तैयार होकर उतरेंगे क्योंकि उन्हें नए ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन योड-आईक्यू ओर पिमोलश्री के हाथों करियर की पहली हार मिली है। अपने कोच के साथ मिलकर नोंटाचाई ने रूसी फाइटर के गेम में एक खास कमजोरी पहले ही पकड़ ली है, जिसका वो फायदा उठाना चाहते हैं।
27 वर्षीय स्टार ने बताया:
“उन्हें लेग कैच करके भारी पंचों से काउंटर करना बहुत पसंद है और यही मेरे लिए सबसे बड़ा खतरा है। मैं फेक मूव्स का इस्तेमाल करूंगा। जब भी किक मारूंगा तो सीधे सिर पर मारूंगा ताकि वो उसे कैच न कर पाएं या फिर लेग किक्स मिलाकर उन्हें कंफ्यूज रखूंगा।
“हमने पूरा होमवर्क किया है तो मैं उन्हें काउंटर-स्ट्राइक करने का मौका नहीं दूंगा। क्लोज रेंज में मैंने अपनी एल्बोज़ और नीज़ को खासतौर पर उनकी बॉक्सिंग को बेअसर करने के लिए तेज किया है। मैं वैसे भी पहले से तय किए गए प्लान के मुताबिक आगे बढ़ता रहूंगा और दबाव बनाए रखूंगा।”
नोंटाचाई हमेशा से ही कुछ साबित करने के जज्बे के साथ लड़ते आए हैं और जिन लोगों ने उन्हें करीब से देखा है, वो जानते हैं कि जब वो पूरी तरह फोकस में होते हैं तो क्या कर सकते हैं।
ये शुक्रवार उनके ONE करियर का अब तक का सबसे बड़ा मौका है — एक मेन इवेंट स्पॉटलाइट, जो हर शक करने वाले को चुप करा सकता है।
उन्होंने कहा:
“पिछले महीने मैंने कहा था कि मैं उनके सामने कमजोर नहीं हूं और मुझे अब भी इस पर पूरा भरोसा है। मेरा मैसेज उनके लिए वही है: मुझे हल्के में मत लेना।
“मैं पूरी ताकत झोंक दूंगा। तुम्हें नोंटाचाई का नाम जरूर याद रहेगा। और कियामरन, जो कुछ भी तुम्हारे पास है, ले आओ। मुझे तुमसे डर नहीं लगता!”
नोंटाचाई ने बनाया प्लान और आगे बेल्ट पर है नजर
नोंटाचाई जित्मुआंगनोन को पता है कि अब कियामरन नबाती को वो अजेय फाइटर नहीं माना जा रहा, जैसा डिविजन कभी उन्हें मानता था। The Inner Circle 15 में योड-आईक्यू ओर पिमोलश्री ने दिखा दिया था कि ये कैसे किया जाता है — लगातार आगे बढ़ते हुए, नबाती के काउंटर्स को दबाते हुए और तीन कठिन राउंड तक शानदार प्रदर्शन कर
ये थाई सनसनी उस प्लान में अपना खुद का अंदाज जोड़ना चाहते हैं, नबाती को लगातार दूसरी हार देना चाहते हैं और उसके बाद नए डिविजनल किंग का पीछा करना चाहते हैं।
उन्होंने बताया:
“अगर मैं कियामरन के खिलाफ ये जीत हासिल कर लेता हूं तो ये मेरी लगातार चौथी जीत होगी। मुझे पहले कभी चार मैचों की जीत की लय नहीं मिली इसलिए मैं इस लय को बनाए रखना चाहता हूं। सच कहूं तो अब मेरी नजरें बेल्ट पर हैं।
“टाइटल फाइट की बात करें तो वो काफी करीबी थी, लेकिन योड-आईक्यू ही थे जो लगातार आगे बढ़ रहे थे। अगर मुझे कभी योड-आईक्यू से भिड़ने का मौका मिला तो मुझे लगता है कि मेरे पास उन्हें तोड़ने के सारे टूल्स हैं।”
उनका ये भरोसा सिर्फ बातों का नहीं, नतीजों का है। ONE Fight Night 43 में पूर्व वर्ल्ड टाइटल चैलेंजर फेलिपे “डिमोलिशन मैन” लोबो पर दमदार जीत ने साबित किया कि उनकी जगह डिविजन के टॉप पर ही है।
26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट ही आखिरी मंजिल है, लेकिन ये थाई तकनीशियन जानते हैं कि ये रास्ता दमदार डिविजन से होकर गुजरता है और वो रास्ते में आने वाले हर चैलेंजर को हटाने के लिए तैयार हैं।
इस स्टार ने बताया:
“अगर मैं कियामरन को हरा देता हूं तो मुझे टाइटल शॉट मांगना अच्छा लगेगा। लेकिन अगर टाइमिंग सही नहीं बैठती तो प्रमोशन जिसके सामने भी खड़ा करेगा, मैं उससे फाइट के लिए तैयार हूं।
“अब्दुल्ला रीमैच चाहते हैं और मुझे सुआकिम के खिलाफ भी खुद को परखना अच्छा लगेगा क्योंकि वो इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं।”