टकेरु ONE SAMURAI 1 में अपनी शर्तों पर करियर का अंत करना चाहते हैं – ‘बिना किसी पछतावे के रिटायर हो सकूं’
करीब एक दशक से ज्यादा समय से टकेरु “नेचुरल बोर्न क्रशर” सेगावा जापानी किकबॉक्सिंग के सबसे खास चेहरे बने हुए हैं। लेकिन अब वो जल्द ही अपने महान करियर का अंत करने जा रहे हैं।
34 वर्षीय मेगास्टार आखिरी बार एक्शन में ONE SAMURAI 1 के मेन इवेंट में नजर आएंगे। इस कार्ड का आयोजन बुधवार, 29 अप्रैल को टोक्यो के एरियाके एरीना से किया जाएगा।
उनके सामने सर्कल में चुनौती बनकर खड़े होंगे रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन और दोनों की टक्कर ONE अंतरिम फ्लाइवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड टाइटल के लिए होगी।
तीन डिविजन के पूर्व K-1 चैंपियन टकेरु के मन में रिटायर होने की बात काफी समय से चल रही थी और उन्होंने विस्तार से इस बारे में बात की।
उन्होंने ONE को बताया:
“रिटायरमेंट को लेकर सच कहूं तो अभी तक मुझे पूरी तरह रिटायर होने का अहसास नहीं हुआ है। लेकिन मैं पिछले तीन-चार सालों से ये सोच रहा था कि रिटायर होने का सही समय कब होगा। मेरे शरीर की स्थिति ही मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता थी।
“तो वो पल जब मुझे लगा कि ये सच में आखिरी बार होगा, शायद करीब एक साल पहले आया था।”
कॉम्बैट स्पोर्ट्स एक कठिन खेल होता है और यहां तक पहुंचने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बहुत बड़े त्याग करने पड़ते हैं।
टकेरु इस बात से अच्छी तरह से परिचित हैं और वो फैंस को जितना हो सके, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाना चाहते हैं।
“नेचुरल बोर्न क्रशर” ने कहा:
“अगर मैं जारी रखना चाहता तो शायद अभी भी फाइट कर सकता था। लेकिन मुझे लगा कि ये आखिरी मौका है जब मैं खुद को अपनी सबसे बेहतरीन स्थिति में ला सकता हूं इसलिए मैंने इस बार रिटायर होने का फैसला किया।”
टकेरु के फाइनल मैच की तारीख नजदीक आती जा रही है और उनके मैच के प्रति जुझारुपन में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आई है।
ONE SAMURAI 1 एक परफेक्ट स्टेज हैं, जहां वो आखिरी बार अपनी स्किल्स का दुनिया के सामने बेहतरीन अंदाज में प्रदर्शन करना चाहेंगे।
जापानी मेगास्टार ने कहा:
“मेरे फैसले के बावजूद मेरी ट्रेनिंग अभी भी उतनी ही कठिन चल रही है। फाइट अभी खत्म नहीं हुई है इसलिए रिटायरमेंट को लेकर मुझे कोई दुख या वैसी भावनाएं नहीं हैं।
“क्योंकि अगला मुकाबला मेरा आखिरी होगा इसलिए मैं हर दिन ऐसे बिता रहा हूं कि अपना सब कुछ झोंक सकूं और बिना किसी पछतावे के रिटायर हो सकूं।”
टकेरु ने बताया कि रोडटंग के साथ फाइट किस तरह से बढ़ेगी
मार्च 2025 में हुए ONE 172 में रोडटंग जित्मुआंगनोन के घातक लेफ्ट हुक ने टकेरु सेगावा को मैट पर जाने पर मजबूर कर दिया। उस हार का दर्द आज भी जापानी दिग्गज के मन में ताजा है।
उनके खिलाफ बदले की भावना टकेरु में मन में आग की तरह जल रही है और अपने विरोधी के खिलाफ एक जबरदस्त मैच की उम्मीद लगाकर बैठे हैं।
34 वर्षीय स्ट्राइकर ने बताया:
“मेरे फाइटिंग स्टाइल का असली सार एक जबरदस्त ताबड़तोड़ मैच देना है और मैं हमेशा रोडटंग जित्मुआंगनोन के साथ वैसी ही फाइट करना चाहता था। पिछली फाइट में मैं उस स्तर तक पहुंच ही नहीं पाया और हार गया। इसलिए मैं हमेशा मानता रहा कि मुझे रोडटंग के साथ एक बार और फाइट करनी होगा। यही वजह है कि मैं यहां तक पहुंचा हूं।”
लाखों फैंस ने टकेरु के महान करियर के अलग-अलग पड़ाव को फॉलो किया है और वो अपने पसंदीदा फाइटर को आखिरी बार परफॉर्म करते हुए जरूर देखना चाहेंगे।
वो अच्छे से जानते हैं कि ग्लोबल स्टेज पर पिछली कुछ हार से फैंस को निराशा हुई होगी। ऐसे में वो पूरे जोश के साथ फाइट करते हुए फैंस और अपने चाहने वालों को खुशी का मौका देना चाहते हैं।
Team Vasileus के स्टार ने कहा:
“मैं मेरी टीम और मेरे परिवार के लिए जीतना चाहता हूं। ONE में आने के बाद हारने की वजह से मुझे लगा कि मैंने उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। लेकिन अब मेरे पास मौका है कि मैं उन्हें दिखा सकूं कि मैं दुनिया के सबसे मजबूत फाइटर के रूप में रिटायर हो रहा हूं।”