नबील अनाने ONE Friday Fights 147 में रैम्बोलैक के खिलाफ डिफेंड करेंगे ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल
ONE Championship ने शुक्रवार, 20 मार्च को होने वाले ONE Friday Fights 147 के लिए एक धमाकेदार वर्ल्ड टाइटल मैच का ऐलान किया है। यहां अनडिस्प्यूटेड ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन नबील अनाने अपने खिताब को थाई स्ट्राइकिंग सनसनी रैम्बोलैक चोर अजालाबून के खिलाफ डिफेंड करेंगे।
ये ब्लॉकबस्टर मुकाबला एशिया प्राइमटाइम पर बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित किया जाएगा। जनवरी में हुए ONE Fight Night 39 में रैम्बोलैक ने जीत के बाद इस मुकाबले के लिए चैंपियन को ललकारा था।
रूसी स्टार अब्दुल्ला दयाकाएव को ढेर करने के बाद रैम्बोलैक ने अनाने को चुनौती दी और बैकस्टेज मौजदू अनाने ने तुरंत चुनौती को स्वीकारा।
अब खेल के दो सबसे बेहतरीन युवा स्टार्स बेंटमवेट मॉय थाई मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगे।
अल्जीरियाई-थाई सनसनी 41-5 के प्रोफेशनल रिकॉर्ड के साथ अपने करियर के पहले वर्ल्ड टाइटल डिफेंस के लिए उतरेंगे।
डेब्यू मैच में हार झेलने के बाद अनाने ने पांच शानदार जीत दर्ज कीं।
जनवरी 2025 में उनका सामना ONE अंतरिम बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड टाइटल के लिए निको “किंग ऑफ द नॉर्थ” कैरिलो से हुआ और उन्होंने स्कॉटिश पावरहाउस को नॉकआउट कर अंतरिम बेल्ट जीती।
दो महीने बाद ONE 172 में छह फुट चार इंच के फाइटर ने डेब्यू मैच में मिली हार का बदला “द किकिंग मशीन” सुपरलैक को हराकर लिया।
कुछ महीने बाद अनाने को अनडिस्प्यूटेड ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन के रूप में प्रमोट कर दिया गया।
उसके बाद से उन्होंने किकबॉक्सिंग मैचों में अपनी किस्मत आजमाई। उन्होंने पूर्व ONE फ्लाइवेट किकबॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियन इलियास एनाहाचि से नो-कॉन्टेस्ट मैच में टक्कर ली और फिर नवंबर में हुए ONE 173 में हिरोमी वजीमा को फेदरवेट मैच में शिकस्त दी।
अब उनका सामना अपने सबसे खतरनाक प्रतिद्वंदियों में से एक से हो रहा है।
रैम्बोलैक, अनाने के खिताब के लिए खतरे की घंटी हैं। Superbon Training Camp में सुपरबोन और नोंग-ओ हामा जैसे दिग्गजों के शागिर्द के रूप में उन्होंने 67-14 का प्रोफेशनल रिकॉर्ड बनाया है।
उनका प्रमोशनल रिकॉर्ड 7-2 का है, जिसमें पांच फिनिश भी शामिल हैं। इसके अलावा रैम्बोलैक ने ONE Friday Fights में भी इतिहास रचा था, जब वो वीकली सीरीज से एक लाख यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट जीतने वाले पहले फाइटर बने।
लगातार पांच मैचों को अपने नाम करने के बाद रैम्बोलैक ने खिताबी मौका हासिल किया है।
अब देखना होगा कि क्या रैम्बोलैक लंबी कद-काठी वाले चैलेंजर के खिलाफ दूरी को खत्म कर पाएंगे या फिर अनाने अपनी पहुंच और नीज़ के जरिए विरोधी को रोककर रखेंगे।