‘ये किसी सपने जैसा’ – भारतीय फाइटर नाज़ारेथ लालथाज़ुआला ने ONE Fight Night 47 में गिल्बर्ट नाकाटानी को पछाड़ने के लिए कमर कसी
नाज़ारेथ “द नॉर्थस्टार” लालथाज़ुआला ने ONE Championship में डेब्यू करने के बाद हर कदम पर इतिहास रचा है और अब वो 5 सितंबर को अपने करियर की सबसे बड़ी फाइट में उतरेंगे।
भारत के टॉप MMA फाइटर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में होने वाले ONE Fight Night 47 के स्ट्रॉवेट MMA मैच में अमेरिकी स्टार गिल्बर्ट नाकाटानी का सामना करेंगे।
गुवाहाटी स्थित Dojang MMA के 25 वर्षीय फाइटर ने 2021 में खेल की शुरुआत करने के बाद से ही भारतीय MMA में तहलका मचा दिया। तब से लेकर अब तक वो 8-0 का बेदाग प्रोफेशनल रिकॉर्ड कायम कर चुके हैं, जिसमें ONE में आईं तीन जीत शामिल हैं।
लालथाज़ुआला के पास अब ONE का मेन रोस्टर कॉन्ट्रैक्ट है। वो मेन रोस्टर डेब्यू में 32 वर्षीय नाकाटानी का सामना करेंगे, जिनके नाम करियर में नौ जीत व ONE में फाइट का अनुभव भी है।
लालथाज़ुआला ने onefc.com को बताया:
“मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं। मेरे प्रतिद्वंदी भी काफी अच्छे हैं और मैं अपनी ट्रेनिंग से भी खुश हूं। मुझ पर बिल्कुल कोई दबाव नहीं है, लेकिन मुझे डर है कि कहीं मैं जरूरत से ज्यादा कॉन्फिडेंट न हो जाऊं। मेरे लिए बिल्कुल भी कोई दबाव नहीं है।”
लालथाज़ुआला के लिए अभी तक का सफर शानदार रहा है। वो नवंबर 2025 में ONE Friday Fights में अजेय रिकॉर्ड के साथ आए और अपने जापानी विरोधी मासाकी सुज़ुकी को 17 सेकंड में ढेर कर दिया।
तीन महीने बाद उन्होंने दूसरे राउंड में जेक ब्रॉन को सबमिशन से मात दी। इसी साल जून में उन्होंने जॉन ब्रूटस को पहले राउंड में TKO (तकनीकी नॉकआउट) से पराजित किया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने संगठन के साथ 1,00,000 यूएस डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट मिला।
जैसे ही कॉन्ट्रैक्ट उन्हें मिला, उनकी पूरी जिंदगी ही बदल गई।
“द नॉर्थस्टार” ने कहा:
“ये कॉन्ट्रैक्ट वो चीज है जिसकी उम्मीद मैं पूरी जिंदगी से कर रहा था। इसलिए ये कॉन्ट्रैक्ट मेरे लिए बहुत खास है और मैं इसके लिए दिल से शुक्रगुजार हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा और और भी ज्यादा मेहनत करूंगा।
“मुझे इसकी उम्मीद भी थी और नहीं भी थी क्योंकि मेरे लिए ये कॉन्ट्रैक्ट किसी सपने जैसा था। जब उन्होंने मेरा नाम लिया, तब भी मुझे ऐसा ही लगा जैसे मैं कोई सपना देख रहा हूं। मैं ONE Championship और अपने कोच मानस का शुक्रगुजार हूं।”
जैसे ही ONE कॉन्ट्रैक्ट की खबर मिज़ोरम तक पहुंची तो उनके परिवार और आसपास के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी, जिन्होंने उन्हें एक वर्ल्ड क्लास फाइटर बनते हुए देखा।
युवा फाइटर ने यहां तक पहुंचने के लिए ढेर सारे त्याग किए और उन सभी त्यागों का फल ही ये कॉन्ट्रैक्ट है।
उन्होंने कहा:
“ये मेरी सोच से भी परे था इसलिए अभी भी मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं कोई सपना देख रहा हूं। जब मेरे माता-पिता को इस कॉन्ट्रैक्ट के बारे में पता चला, तो वो खुशी से रो पड़े। हमारे सभी पड़ोसी और परिवार वाले भी मेरे लिए बहुत खुश थे।
“मैं इसे लेकर बहुत खुश था और इसके बाद मेरी जिंदगी में ऐसा कुछ खास नहीं बदला है। तब से ट्रेनिंग चल रही है और मैं लगातार कड़ी मेहनत कर रहा हूं।”
लालथाज़ुआला पूरे देश की उम्मीदों का भार लेकर रिंग में उतरेंगे
नाज़ारेथ लालथाज़ुआला ने गिल्बर्ट नाकाटानी को हराने की तैयारी पूरी कर ली है और उन्होंने इस बात का भी पता लगा लिया है कि नतीजा किस तरह से हासिल होगा।
नाकाटानी का डिफेंस बहुत बढ़िया है और वो शारीरिक तौर पर मजबूत हैं। उनका अनुभव उन्हें किसी भी नए एथलीट के लिए एक बड़ी चुनौती बनाता है। लालथाज़ुआला ने इन चीजों को नजर अंदाज नहीं किया है।
उन्होंने ONE को बताया:
“मेरे प्रतिद्वंदी का डिफेंस काफी अच्छा है और उनमें बहुत ताकत भी है इसलिए मैं उनके डिफेंस का तोड़ निकालने के लिए पूरी तैयारी कर रहा हूं। उनकी कुछ कमजोरियां भी हैं, लेकिन ऐसी कोई खास कमजोरी नहीं है, जिसका मैं जिक्र कर सकूं।
“मुझे लगता है कि मेरी स्पीड उनसे बेहतर है और मेरी ताकत और कार्डियो भी उनसे काफी बेहतर है। मैं उनके साथ पूरे तीन राउंड लड़ने के लिए तैयार हूं, लेकिन उम्मीद है कि मैं नॉकआउट या सबमिशन से भी जीत हासिल कर सकूं।”
फाइट के अतिरिक्त लालथाज़ुआला लुम्पिनी स्टेडियम में पूरे देश की उम्मीदों का भार अपने कंधों पर लेकर उतरेंगे। वो जानते हैं कि उनकी कामयाबी अगली पीढ़ी के भारतीय MMA फाइटर्स को ग्लोबल स्टेज तक पहुंचने में मदद कर सकती है।
Dojang MMA के प्रतिनिधि इस बात से पूरी तरह से वाकिफ हैं और वो देश का नाम गर्व से ऊंचा करना चाहते हैं
उन्होंने बताया:
“एक भारतीय फाइटर होने के नाते मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।
“कुछ लोग ऐसे भी हैं जो मेरी वजह से दूसरे राज्यों से MMA फाइटर बनने आए हैं। कुछ बच्चे भी सिर्फ मेरी वजह से MMA फाइटर बनना चाहते हैं। ये देखकर मुझे सच में बहुत खुशी होती है।”