ONE Friday Fights 144 रिजल्ट: नाज़ारेथ लालथाज़ुआला ने सबमिशन से जीत दर्ज कर अपराजित रिकॉर्ड बरकरार रखा
भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फाइटर नाज़ारेथ “द नॉर्थस्टार” लालथाज़ुआला ने फाइट से पहले वादा किया था कि जीत उनकी होगी और उन्होंने बेहद ही शानदार अंदाज में ONE Championship में अपना लगातार दूसरा फिनिश हासिल किया।
शुक्रवार, 27 फरवरी को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से एशिया प्राइमटाइम पर लाइव प्रसारित हुए ONE Friday Fights 144 में मिज़ोरम निवासी फाइटर ने फिलीपीनो प्रतिद्वंदी जेक ब्रॉन को दूसरे राउंड में आर्म-ट्रायंगल चोक सबमिशन से चैन की नींद सुला दिया।
मैच की पहली घंटी बजते ही दोनों फाइटर्स ने एक दूसरे को परखना शुरु किया और लालथाज़ुआला ने लेफ्ट हैंड के जरिए अटैक किया। ब्रॉन ने भारतीय स्टार को टेकडाउन करने की कोशिश की, मगर 25 वर्षीय ने अच्छा टेकडाउन डिफेंस दिखाया।
फाइट में करीब दो मिनट बीत जाने के बाद ब्रॉन ने “द नॉर्थस्टार” को उठाया और एक स्लैम दे मारा। लालथाज़ुआला ने खुद को उठाया और उसके बाद उन्हें एक और स्लैम का शिकार होना पड़ा। फिलीपीनो स्टार ने उनकी बैक पर कब्जा किया, लेकिन Dojang MMA के प्रतिनिधि ने खुद को बचा लिया।
पहले राउंड में खुद को बैकफुट पर पाने के बाद लालथाज़ुआला ने दूसरे राउंड की शुरुआत नी और किक्स के साथ की। ब्रॉन उन्हें रिंग के कॉर्नर में ले जाकर टेकडाउन का प्रयास करने लगे। मगर भारतीय MMA स्टार की ओर से शानदार डिफेंस देखने को मिला।

लालथाज़ुआला ने एक जोरदार अपरकट लगाया, जिससे फिलीपीनो स्टार के चेहरे पर चोट लगी और खून बहने लगा, मगर उन्होंने टेकडाउन के प्रयास जारी रखे। यहां से लालथाज़ुआला ने उन्हें मैट पर घसीटा और सबमिशन के प्रयास करने लगे।
अच्छी पोजिशन में आने का प्रयास करते हुए उन्होंने आर्म-ट्रायंगल चोक लगाया और विरोधी ने तुरंत टैप कर दिया। इस तरह से भारत के इस फाइटर ने दूसरे राउंड में 3:56 मिनट पर सबमिशन से जीत दर्ज की।
ये ONE Championship के बैनर तले उनकी लगातार दूसरी जीत रही और अब उनका करियर रिकॉर्ड 7-0 हो गया है। उन्होंने अपने डेब्यू मैच को मात्र 17 सेकंड से जीता था।