टाय रुओटोलो ONE Fight Night 41 में पावेल जावोर्स्की को हराकर बादशाहत आगे बढ़ाने को तैयार – ‘मेरे पास जीत के कई तरीके’
पिछले साल MMA में सफलता हासिल करने के बाद टाय रुओटोलो सबमिशन ग्रैपलिंग में वापस आ रहे हैं।
तीन बार के ONE वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन अपने खिताब को ONE Fight Night 41 में पोलिश चैलेंजर पावेल जावोर्स्की के खिलाफ डिफेंड करेंगे। इसका लाइव प्रसारण शनिवार, 14 मार्च को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से किया जाएगा।
साल 2025 में MMA में 2-0 का रिकॉर्ड बनाने का श्रेय रुओटोलो ने अपने जुड़वा भाई और ONE लाइटवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन केड रुओटोलो को दिया।
Roots of Jiu Jitsu टीम के प्रतिनिधि ने कहा:
“मैं हमेशा अपने आसपास मौजूद लोगों के बारे में सोचता हूं। मुझे लगता है कि अपनी टीम के साथ हारना बहुत मुश्किल है। मेरे आसपास इतनी शानदार टीम है और ये मेरे लिए बहुत बड़ा आशीर्वाद है। इसके अलावा मैं हमेशा एक बात याद रखता हूं ‘जब तैयारी और मौका मिलते हैं तो सफलता मिलती है।’ मैंने अपनी तरफ से सबसे अच्छी तैयारी की थी और मौका भी ठीक वैसे ही आया, जैसा मैं उम्मीद कर रहा था।
“मुझे लगता है कि ये सब मेरी टीम की वजह से संभव हुआ है। जब आपके आसपास अच्छे लोग होते हैं और सब मिलकर मेहनत करते हैं तो उसका नतीजा जरूर मिलता है। और मुझे लगता है कि मैं और मेरा भाई इस काम के लिए ही बने हैं। इसमें कोई शक नहीं है।”
23 वर्षीय सुपरस्टार ने ग्लोबल फैनबेस को अपनी शानदार स्ट्राइकिंग दिखाई और एड्रियन ली व शोज़ो इसोजीमा को अपने ट्रेडमार्क रीयर-नेकेड चोक से हराया।
इस शानदार रिकॉर्ड ने रुओटोलो के करियर को आगे बढ़ाया। उन्होंने ब्राजीलियन जिउ-जित्सु में 36 और दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में सबमिशन ग्रैपलिंग में आठ जीत दर्ज की हैं।
ये कामयाबी रातों-रात नहीं मिली बल्कि उन्होंने दिन-रात एक कर हासिल की है:
“ये एक दिलचस्प स्थिति है क्योंकि जब मैं क्लोज़ रेंज में तो मुझे काफी आराम महसूस होता है। मैं और मेरा भाई बचपन से ही उस स्थिति में काफी समय बिताते हुए बड़े हुए हैं। चाहे मेरी तकनीक बिल्कुल परफेक्ट रही हो या नहीं, हो सकता है मेरा गार्ड या डिफेंस सबसे बेहतरीन न रहा हो, लेकिन फिर भी मुझे वहां शायद जितना आराम महसूस होना चाहिए था, उससे भी ज्यादा सहज लगता था।
“मुझे याद है कई दिनों तक हम समुद्र तट पर करीब 30 मिनट तक लगातार एक-दूसरे के साथ भिड़ते रहते थे, जब तक कि हम में से कोई एक थककर रुक न जाए।”
रुओटोलो ने जावोर्स्की के लेग लॉक के खतरे पर बात की
टाय रुओटोलो समझते हैं कि अपने ONE वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड टाइटल को डिफेंड करने के लिए उन्हें खेल के सबसे खतरनाक स्पेशलिस्ट्स में से एक का सामना करना पड़ा।
उनके सामने चुनौती बनकर खड़े होंगे 21 साल के पावेल जावोर्स्की, जिन्होंने BJJ में 38-6 का शानदार रिकॉर्ड बनाया और उनके नाम IBJJF वर्ल्ड टाइटल भी है।
रुओटोल ने इस बारे में कहा:
“मुझे लगता है कि इस मैच को समझने का सबसे आसान तरीका, खासकर उन लोगों के लिए जो जिउ-जित्सु की दुनिया को ज्यादा नहीं जानते, ये है कि पिछले 20 सालों में जिउ-जित्सु में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आया है। अच्छी तकनीक आज भी उतनी ही कारगर है।
“लेकिन करीब पांच–छह साल पहले इस खेल में कुछ खास तरह के स्पेशलिस्ट सामने आए जैसे लेग लॉक एक्सपर्ट। पहले भी कुछ फाइटर्स लेग लॉक का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अचानक कई लोग इसी तकनीक में विशेषज्ञ बनने लगे। नतीजा ये हुआ कि जो पारंपरिक वर्ल्ड चैंपियन लंबे समय से जीतते आ रहे थे, उन्हें ये लेग लॉक स्पेशलिस्ट कुछ ही सेकंड में हरा देने लगे।”
रुओटोलो का मानना है कि जावोर्स्की उसी लेग लॉक क्रांति से निकले हैं।
पोलिश चैलेंजर ने अपना करियर लोअर बॉडी सबमिशन के प्रयास के जरिए बनाया है और वो चैंपियन के लिए बड़ा खतरा हैं।
कैलिफोर्निया निवासी एथलीट ने कहा:
“मुझे लगता है कि वो हील हुक अटैक मुझसे बेहतर कर सकते हैं। लेकिन जिउ-जित्सु के बाकी लगभग हर पहलू में पूरी विनम्रता के साथ कहूं तो मेरे पास ज्यादा अनुभव है और मैं जिउ-जित्सु को बेहतर तरीके से समझता हूं।
“मुझे लगता है कि वो थोड़े ‘वन-ट्रिक पोनी’ हैं, लेकिन जो वो करते हैं उसमें 100 प्रतिशत बेहतरीन हैं। मैं किसी भी तरह से उन्हें कम नहीं आंक रहा हूं। बस मुझे लगता है कि मेरे पास जीत हासिल करने के कई अलग-अलग तरीके हैं, जबकि उनके पास जीतने का रास्ता शायद सिर्फ एक ही है।”