ONE Friday Fights 143 मेन इवेंट रिजल्ट: वेरो ने शिर कोहेन की आक्रामकता को पछाड़कर विभाजित निर्णय से जीत दर्ज की
20 फरवरी को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में हुए ONE Friday Fights 143 के मेन इवेंट मुकाबले में वेरो “द कयान लैपर्ड” ने अपने संयम और वर्ल्ड क्लास काउंटर स्ट्राइकिंग के दम पर शिर कोहेन को पराजित किया।
एशिया प्राइमटाइम पर हुए एटमवेट मुकाबले में शुरुआत से लेकर अंत तक शानदार एक्शन देखने को मिला। जब मैच की घंटी बजी तो इसराइली एथलीट ने कॉम्बिनेशन के जरिए गति पकड़ी।
मगर 29 वर्षीय स्टार ने धैर्य के साथ एंगल बनाकर अच्छी मूवमेंट रखी। जब भी कोहेन पास आतीं तो “द कयान लैपर्ड” उन्हें क्लिंच कर घुटनों से वार करने लग जातीं ताकि उनकी आक्रामकता को कम किया जा सके।

कोहेन ने दूसरे राउंड में भी कुछ ऐसी ही गति दिखाई, मगर Tiger Muay Thai की स्टार ने अपनी लय पा ली थी। जब इसराइली स्टार कॉम्बिनेशन लगा रही थीं, तभी वेरो स्लिप होकर तगड़े पंचों के साथ चोट पहुंचा रही थी।
आखिरी राउंड में फाइट किसी भी ओर जा सकती थी। कोहेन के आत्मविश्वास में कोई कमी नहीं आई, लेकिन वेरो ने Fairtex Training Center की एथलीट की आक्रामकता पर काबू पाने के लिए काउंटर अटैक लगाए।
इसराइली स्टार ने डटकर अटैक के वार की संख्या में लगातार इजाफा किया। रिंग की रस्सियों पर लगातार होने के बावजूद वेरो ने काउंटर लगाए और कोहेन के अटैक का उपयोग उन्हीं के खिलाफ किया।
अंत में नौ मिनट की कड़ी टक्कर के बाद तीन में से दो जजों ने वेरो के पक्ष में फैसला सुनाया और उनका करियर रिकॉर्ड 30-4 हो गया। उन्होंने ग्लोबल स्टेज पर लगातार तीन जीत दर्ज कर ली हैं।
अब शनिवार, 14 मार्च को होने वाले ONE Fight Night 41 में ONE विमेंस एटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन एलिसिया हेलन रोड्रीगेज़ और फेटजीजा के बीच होने वाले मैच के विजेता के खिलाफ फाइट करने के करीब ला दिया है।
