पावेल जावोर्स्की ने ONE Fight Night 41 में चैंपियन टाय रुओटोलो को हराने का प्लान बनाया – ‘शानदार फाइट पेश करेंगे’
पावेल जावोर्स्की का ONE Championship सफर सीधे शिखर से शुरु होगा।
21 वर्षीय पोलिश सनसनी मौजूदा ONE वेल्टरवेट सबमिशन ग्रैपलिंग वर्ल्ड चैंपियन टाय रुओटोलो को ONE Fight Night 41: Rodrigues vs. Phetjeeja में होने वाले 10 मिनट के मुकाबले में चुनौती देंगे। ये मैच शनिवार, 14 मैच को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित किया जाएगा।
जावोर्स्की यूरोप की सबसे बेहतरीन प्रतिभाओं में से एक हैं। उन्होंने हाल ही में ब्लैक बेल्ट हासिल की और 2025 में नो-गी पैन, नो-गी यूरोपियन और नो-गी वर्ल्ड चैंपियनशिप हासिल की।
वॉरसॉ निवासी के पास लेग लॉक्स की एक शानदार कला है, जिसने उन्हें दुनिया के सबसे घातक ग्रैपलर्स में से एक बनाया है।
उन्होंने onefc.com से बात करते हुए खुद को मिले मैच के बारे में कहा:
“बिल्कुल, मैं हैरान था। हमें दिसंबर में IBJJF वर्ल्ड्स के सेमीफाइनल और फाइनल के बीच में ONE की तरफ से कॉन्टैक्ट किया गया। मैं थोड़ा चौंक गया था, लेकिन टाय के साथ ये फाइट मिलने पर बहुत खुश था।
“शुरुआत में मुझे बस इतना पता चला था कि ONE में फाइट मिल रही है। तो हमने तुरंत हां कर दी। फिर मेरे कोच ने बताया कि ये टाइटल मैच है। ये बहुत दिलचस्प था और मुझे खुशी है कि ये मौका मिला।”
इस खबर के मिलने के बाद उन्होंने कोच मार्सिन पोल्सिक के साथ खिताबी मैच को लेकर गेम प्लान शुरु कर दिया।
उनकी टक्कर अब होगी रुओटोलो से, जो MMA में 2-0 का रिकॉर्ड बनाने के बाद सबमिश ग्रैपलिंग में वापस आकर अपना खिताब डिफेंड करने जा रहे हैं।
IBJJF वर्ल्ड चैंपियन ने कहा:
“ये कहना मुश्किल है कि उनमें क्या कमज़ोरियां हैं। वो अभी दुनिया में सबसे बेहतरीन हैं। कुल मिलाकर वो हर पहलू में बहुत मज़बूत हैं।
“लेकिन मैं उनके मैच देख रहा था और जो मैच वो हारे हैं वो ज़्यादातर लेग लॉक्स से या निर्णय से हारे हैं। मैं उनके ग्रैपलिंग के इस पहलू पर जाना चाहता हूं क्योंकि शायद यही उनकी कमज़ोरी हो सकती है। तो मुझे उम्मीद है कि ये काम करेगा।”
रुओटोलो जैसे धुरंधर के खिलाफ इस गेम प्लान को अमल में लाना काफी चुनौती भरा काम होगा।
ONE वर्ल्ड चैंपियन बहुत ही तेज-तर्रार तरीके से विरोधी को छकाते हुए सबमिशन के मौके तलाशते हैं। पोलिश चैलेंजर उनसे भिड़ने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।
उन्होंने बताया:
“रुओटोलो भाइयों का स्टाइल बहुत अस्त-व्यस्त करने वाला है, लेकिन वो जो माहौल पैदा करते हैं उसे खुद ही कंट्रोल करते हैं।
“मुझे उम्मीद है कि ये मैच सबमिशन से खत्म होगा और लोगों के लिए दिलचस्प रहेगा। कुछ भी भविष्यवाणी करना मुश्किल है क्योंकि कुछ भी हो सकता है।”
जावोर्स्की ग्लोबल स्टेज पर पोलैंड का झंडा बुलंद करने के लिए तैयार
यूरोप के ग्रैपलिंग सर्किट पर किए गए काम की वजह से ही पावेल जावोर्स्की इस मुकाम पर पहुंचे हैं, जहां वो दुनिया के सबसे बेहतरीन वेल्टरवेट ग्रैपलर के खिलाफ खिताबी मैच में उतरेंगे।
यहां मिली जीत न सिर्फ उन्होंने पोलैंड का पहला ONE वर्ल्ड चैंपियन बनाएगी बल्कि वो अपने देश को ग्लोबल ग्रैपलिंग मैप पर भी ले आएंगे।
पोलिश सनसनी ने बताया:
“बिल्कुल, ये मेरे लिए बहुत गर्व का पल होगा कि मैं उस एरीना में मुकाबला कर सकूं, जिउ-जित्सु के सबसे बड़े स्टेज पर और कुल मिलाकर मार्शल आर्ट्स के सबसे बड़े स्टेज पर। मुझे खुशी है कि मैं इस इवेंट का हिस्सा हूं।”
Academia Gorila टीम के स्टार बैंकॉक आकर 26 पाउंड की गोल्ड बेल्ट को अपना नाम करने का सपना देखते हैं। उनके पास ऐसा करने की स्किल्स मौजूद हैं।
उन्होंने कहा:
“ये सबसे बड़ी फाइट है और ये मेरे लिए सबसे अच्छा मौका है कि मैं अपने डिविजन के सबसे बेहतरीन फाइटर के खिलाफ खुद को साबित कर सकूं।
“इस मैच में मेरा लक्ष्य है कि मैं अपना बेस्ट दिखाऊं। मैं अपने बेस्ट हथियारों का इस्तेमाल करना चाहूंगा। बेशक, मैं लेग लॉक्स की तलाश करूंगा। मुझे उम्मीद है कि हम लोगों के लिए एक शानदार फाइट पेश करेंगे।”