ONE Friday Fights 147 मेन इवेंट रिजल्ट: असादुला इमानगज़ालिएव ने नोंग-ओ को धराशाई कर अपराजित रिकॉर्ड बरकरार रखा
असादुला “द दागेस्तान निंजा” इमानगज़ालिएव ने अपने करियर का सबसे शानदार प्रदर्शन दिखाया, जब उन्होंने ONE Friday Fights 147 के मेन इवेंट में महान फाइटर नोंग-ओ हामा को दूसरे राउंड में नॉकआउट किया। इस इवेंट का लाइव प्रसारण 20 मार्च को बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से किया गया।
22 वर्षीय रूसी एथलीट वेकेंट (रिक्त) ONE फ्लाइवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने में नाकाम रहे क्योंकि वो वे-इन के दौरान हाइड्रेशन टेस्ट में फेल हो गए थे।
इमानगज़ालिएव ने मैच की पहली घंटी से ही अपने इरादे साफ कर दिए थे। “द दागेस्तान निंजा” ने आठ बार के ONE बेंटमवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन को बेहतरीन पुश किक लगाई। इससे उन्होंने जताया कि वो दिग्गज की महानता से प्रभावित नहीं होंगे।
39 वर्षीय थाई दिग्गज नोंग-ओ ने जल्द ही अपने गेम प्लान को बदला और मूवमेंट करते हुए विरोधी के अटैक से बचते दिखे। इस दौरान उन्होंने अपनी लय पाने के लिए राइट बॉडी किक्स लगाने का प्रयास किया। लेकिन दूसरे राउंड में कहानी पूरी बदलने वाली थी।
दोनों ने दूरी से वार करने के प्रयास किए और फिर नोंग-ओ ने बॉडी पर राइट हैंड लगाने की कोशिश की। इमानगज़ालिएव ने इसे कामयाबी से पढ़ा, पीछे हुए और सिर पर लेफ्ट हुक, बॉडी पर राइट हुक और फिर सिर पर लेफ्ट हुक का जोरदार कॉम्बिनेशन लगाया। इस दमदार अटैक के बाद दिग्गज मैट पर जा गिरे।
रेफरी ने तुरंत मैच समाप्ति का इशारा कर दिया और नॉकआउट आर्टिस्ट का करियर रिकॉर्ड 12-0 और ONE Championship रिकॉर्ड 8-0 हुआ। ये दुनिया के सबसे बड़े मार्शल आर्ट्स संगठन में उनका आठवां फिनिश रहा। इससे उन्होंने साबित कर दिया कि वो फ्लाइवेट मॉय थाई डिविजन के सबसे खतरनाक फाइटर हैं।
डिविजन की बेल्ट अब भी रिक्त हैं, लेकिन इमानगज़ालिएव ने मैच के बाद इंटरव्यू में पूर्व चैंपियन रोडटंग “द आयरन मैन” जित्मुआंगनोन के साथ मैच की इच्छा जाहिर की।
