ONE Fight Night 40 के लाइटवेट MMA मुकाबले में आमने-सामने होंगे लूकस गेब्रियल और मागोमेद अकाएव
दो बार मुकाबला रद्द होने के बाद अब आखिरकार ONE Fight Night 40: Buntan vs. Hemetsberger II में लूकस गेब्रियल और मागोमेद अकाएव की भिड़ंत होने जा रही है।
ये बहुप्रतीक्षित लाइटवेट MMA मुकाबला शनिवार, 14 फरवरी को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से लाइव प्रसारित किया जाएगा।
ये जबरदस्त फाइट महीनों पहले होने थी, लेकिन चोट के चलते दो बार इस मुकाबले को आगे के लिए स्थगित कर दिया गया।
पहले इनका सामना 5 दिसंबर 2025 को ONE Fight Night 38 में होना था, लेकिन रूसी स्टार को चोट के चलते अपना नाम वापस लेना पड़ा। फिर दोबारा इस मैच को 24 जनवरी को हुए ONE Fight Night 39 के लिए बुक किया गया। इस बार गेब्रियल चोटिल हो गए और इस बाउट को कार्ड से हटा दिया गया।
महीनों के इंतजार और दो मौकों पर स्थगन के चलते, अब ये दोनों स्टार्स थाई राजधानी में हिसाब बराबर करने उतरेंगे।
BJJ ब्लैक बेल्ट और बेहतरीन नॉकआउट आर्टिस्ट गेब्रियल 10-1 के लाजवाब रिकॉर्ड और ONE Friday Fights में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद इस मैच के लिए उतरेंगे। उन्होंने वीकली इवेंट सीरीज में लगातार तीन जीत अपने नाम कीं।
25 वर्षीय स्टार ने मई 2025 में चीन के झांग “द वॉरियर” लिपेंग को हराया, लेकिन बाद में फाइट को नो कॉन्टेस्ट में तब्दील कर दिया गया।
फिर भी ये इवेंट ब्राजीलियाई स्टार के लिए यादगार रहा क्योंकि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड को रिंग में प्रपोज़ किया और सगाई की।
वहीं 29 वर्षीय दागेस्तानी सांडा स्पेशलिस्ट अपनी पहली प्रमोशनल जीत की तलाश में होंगे क्योंकि उन्होंने ONE Championship डेब्यू मैच में हार का सामना करना पड़ा था।
अकाएव ने जून 2025 में रूस के इब्राहिम दाउएव का सामना किया और उन्हें तीन राउंड तक पुश किया, मगर अंत में विभाजित निर्णय से हार झेलनी पड़ी।
अब 10-1 के रिकॉर्ड के साथ Black Dragon टीम के प्रतिनिधि अपनी स्ट्राइकिंग के जरिए गेब्रियल के ग्रैपलिंग खेल को ढेर करना चाहेंगे। अगर वो जीते तो सितारों से भरे लाइटवेट MMA डिविजन में अपना नाम बना लेंगे।