ONE Fight Night 47 के मेन इवेंट में स्टैम्प ने फ्लोरेस को करीबी अंतर से हराया
ऐसा लगता है कि तीन खेलों की पूर्व ONE वर्ल्ड चैंपियन स्टैम्प फेयरटेक्स को आखिरकार अपना पुराना जोश वापस मिल गया है।
थाई मेगास्टार को घुटने की चोट फिर से उभरने की चिंता सता रही थी, जिसकी वजह से वो अपने पिछले दो मुकाबलों में विरोधियों के सामने कुछ हिचकिचाती नजर आई थीं। लेकिन शनिवार, 5 सितंबर को हुए ONE Fight Night 47 के मेन इवेंट में 28 वर्षीय इस स्टार ने जैसे अपना आत्मविश्वास फिर से पा लिया।
तीन राउंड तक चले एटमवेट मॉय थाई मुकाबले में स्टैम्प पूरे समय मुस्कुराती नजर आईं और उन्होंने दो बार की WBC मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियन सेलिना “टीप क्वीन” फ्लोरेस के साथ बेखौफ होकर अटैक किए। आखिरकार वो बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम से विभाजित निर्णय से आई जीत के साथ लौटीं, जो दोनों फाइटर्स की काबिलियत दिखाने वाला बेहद रोमांचक मुकाबला रहा।
शुरुआती घंटी से ही स्टैम्प पूरी तरह अपने पुराने जोशीले अंदाज में नजर आईं। उन्होंने बॉडी किक अटैक्स और पंचों के साथ आक्रामक शुरुआत की, जबकि फ्लोरेस शुरुआती राउंड में अपनी सिग्नेचर टीप्स लगाने के लिए संघर्ष करती रहीं। Fairtex की इस फाइटर ने क्लिंच के अंदर भी दबाव बनाए रखा और पूरे राउंड में नीज़ लगाईं।
दूसरे राउंड में थाई फाइटर की राइट किक और स्ट्रेट राइट पंच पूरी तरह हावी रहे, जिनसे उन्होंने फ्लोरेस की लो किक्स को काउंटर किया। हालांकि, राउंड बढ़ने के साथ अमेरिकी फाइटर ज्यादा आक्रामक होती गईं और उन्होंने एक पुश किक और राइट पंच लगाया।
लेकिन असली धमाका तीसरे और आखिरी राउंड में देखने को मिला, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार था। स्टैम्प ने बड़ी सटीकता से बचाव करते हुए काउंटर किया और फ्लोरेस की बॉडी पर अपनी शिन गड़ा दी।
चोटिल होने के बावजूद हार मानने से इनकार करते हुए “टीप क्वीन” ने करीब से लगातार शॉट्स लगाना जारी रखा और एक स्पिनिंग बैक एल्बो लगाई, जो निशाने पर नहीं लगी। स्टैम्प ने भी अपनी तरफ से एक ऐसी ही एल्बो से जवाब दिया, जो सीधा निशाने पर लगी और इसके बाद उन्होंने एक कार्टव्हील किक लगाई, जिसने दोनों फाइटर्स के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
जब स्कोरकार्ड्स की गिनती हुई तो जज बंटे हुए नजर आए। लेकिन आखिरकार जीत स्टैम्प के हाथ लगी, जिससे वो लगातार दो मैचों की जीत की लय पर आ गईं और उनका स्ट्राइकिंग रिकॉर्ड सुधरकर 66-18 हो गया।
थाई मेगास्टार पहले भी कह चुकी हैं कि वो अपने अगले मुकाबले के लिए MMA में वापसी करना चाहेंगी, लेकिन क्या वो अगली बार उस खेल में लौटेंगी या मॉय थाई में ही बनी रहेंगी, ये देखना अभी बाकी है। हालांकि, एक बात तय है कि उनका आत्मविश्वास अब लगातार बढ़ रहा है।